Bihar

Aug 21 2023, 19:49

पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी का बड़ा बयान, माफियाओं की फंडिग से चल रही प्रदेश की महागठबंधन सरकार

डेस्क : बिहार में बीते कुछ दिनों से कई बड़ी आपराधिक घटनाएं हुई है। समस्तीपुर में जहां छापेमारी करने गए एक दारोगा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं अररिया में अपराधियों ने घर पर चढ़कर एक पत्रकार की हत्या कर दी। इन हत्याओं के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। विपक्ष इस मामले को लेकर प्रदेश की सरकार पर हमलावर है। इसी कड़ी में बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम व बीजेपी के राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने सरकार पर बड़ा हमला बोला है। 

सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि नीतीश कुमार के राजद से मिलाने के कारण राज्य में अपराधियों और माफिया तत्वों का दुस्साहस चरम पर है। यह सरकार गवाहों की भी रक्षा नहीं कर पा रही है। 

उन्होंने कहा कि जो सरकार शराब-बालू माफिया की पोलिटिकल फंडिंग से चल रही हो, वह उन पर कार्रवाई कर भी नहीं सकती। पिछले तीन दिनों के भीतर राज्य में रानीगंज ( अररिया) के पत्रकार विमल यादव और बेगूसराय के रिटायर्ड टीचर जवाहर चौधरी सहित आधा दर्जन गवाहों की हत्या कर दी गई। पूर्णिया में जमीन के विवाद में गवाही देने जा रहे आदिवासियों के वाहन को टक्कर मारी गई, जिससे चार लोगों की मौत हो गई। 

मोदी ने कहा कि गया में बालू माफिया के लोगों ने पुलिस पर हमला किया, जिससे एसएचओ सहित चार जवान जख्मी हुए। तुष्टीकरण वाली सरकार में पशु तस्करों का मन इतना बढ़ गया है कि इन लोगों ने समस्तीपुर में दरोगा की गोली मार कर हत्या कर दी। पूर्वी चम्पारण में ठेकेदार को गोलियों से भून दिया गया। 

उन्होंने कहा कि बिहार की कानून-व्यवस्था चौपट हो रही है, लेकिन सरकार के प्रवक्ता दुनिया भर के मनमाने आँकड़े पेश कर थथरोलॉजी कर रहे हैं। वहीं जदयू के द्वारा बार बार राज्य में कानून व्यवस्था के बेहतर होने और भाजपा को मणिपुर को देखने की सलाह दे रही है।

Bihar

Aug 21 2023, 19:12

सीएम नीतीश कुमार ने जेपी गंगापथ का किया निरीक्षण, मीडिया से बातचीत के दौरान बीजेपी पर जमकर बरसे

डेस्क : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज सोमवार को पटना के जेपी गंगापथ पहुंचे। जहां उन्होंने जेपी गंगा पथ का निरीक्षण किया। साथ ही पदाधिकारियों को कई निर्देश भी दिए। इस दौरान सीएम नीतीश के साथ डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव भी मौजूद थे।

वहीं जेपी गंगा पथ के निरीक्षण के दौरान सीएम ने कहा कि, जेपी गंगापथ पुल के दो चरणों का उद्घाटन हो गया है। तीसरे चरण का उद्घाटन भी जनवरी-फरवरी तक हो जाएगा। सीएम ने कहा कि, अगले साल तक यह शुरू हो जाएगा। इसके शुरू होने से लोगों को और सुविधा मिल जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि, यह लोग तो तैयारी कर रहे है। लेकिन लग रहा है कि अगले साल के शुरुआती दौर जनवरी- फरवरी में ही तीसरे चरण का भी निर्माण हो जाएगा। पहले ही दो चरण शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि, वह इसे बनाने के लिए बहुत उत्सुक थे। अब जाकर यह बनकर तैयार हो रहा है।

वहीं जब सीएम नीतीश कुमार से मीडिया ने सवाल किया कि भाजपा के लोगों के द्वारा कहा जा रहा है कि बिहार में लॉ एंड ऑर्डर खत्म हो रहा है। सरकार अपने काम को सही से नहीं कर रही है। इस सवाल पर भड़कते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि, अरे छोड़ी बोलने दीजिए, वो सब ऐसे ही बोलता रहता है। हम ध्यान ही नहीं देते हैं।

उन्होंने कहा कि, भाजपा वाले कुछ भी बोलते रहते हैं। जब मेरे साथ थे तो कुछ भी नहीं बोलते थे। अब कुछ भी अंड बंड बोलते रहता हैं। हम सुनते ही नहीं है। वो लोगों को क्या जवाब देना है। हमको उनलोगों से नहीं मतलब है। वह लोग कुछ भी बोलता है। हम कोई बयान नहीं देते हैं। जैसे जैसे काम करते जा रहे हैं। वह लोग बोलते जा रहा है।

Bihar

Aug 21 2023, 18:06

जदयू राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह के बयान देश के संविधान खत्म करने में लगी है केन्द्र सरकार पर भड़के गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, कही यह बात

डेस्क : जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मुंगेर सांसद ललन सिंह द्वारा केन्द्र सरकार पर लगाए गए आरोप पर बीजेपी सांसद व केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए ललन सिंह पर सीधा प्रहार किया है।

दरअसल बीते रविवार को नालंदा में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने केंद्र सरकार पर देश के संविधान को खत्म करने और पीएम मोदी द्वारा नए संविधान बनाने का आरोप लगाया था। जिसपर केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

आज पटना पहुंचे नित्यानंद राय ने कहा कि ललन सिंह को संविधान की समझ नहीं, उन्होंने आज तक संविधान को न तो ठीक से पढ़ा होगा, न ही समझा होगा, वह संविधान की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि इन लोगों को संविधान से कोई मतलब नहीं है। उन्हें सिर्फ अपनी कुर्सी से मतलब है। अपने परिवार से मतलब है। भ्रष्टाचार से मतलब है। यह लोग खुद संविधान का पालन नहीं करते हैं और आज संविधान की दुहाई दे रहे हैं।

नित्यानंद ने संविधान पर मोदी सरकार का बचाव करते हुए कहा कि साढ़े नौ वर्षों में मोदी सरकार ने अंबेडकर जी के संविधान के अनुरूप कई योजनाओं को शुरू किया है। जिसका लाभ आज समाज के अंतिम वर्ग तक पहुंच रहा है। अम्बेडकर के नाम पर पंच तीर्थ हमारे प्रधानमंत्री ने बनाया।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने इस दौरान 1974 के आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि असल में संविधान करने की साजिश कांग्रेस ने रची थी। उन्होंने देश के संविधान को खत्म करने के लिए आपातकाल लगाया। जिसका विरोध खुद लालू जी और नीतीश ने किया और आज सत्ता की लालच में यह दोनों बड़े नेता उसी कांग्रेस की गोद में जाकर बैठ गए। अगर संविधान की इन्हें फिक्र होती तो यह कभी कांग्रेस के साथ नहीं जाते।

Bihar

Aug 21 2023, 09:23

कांग्रेस की नई कार्यसमिति में बिहार के इन दो दिग्गजों को मिली जगह, कन्हैया की भी हुई तरक्की

डेस्क : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपनी नई कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) का रविवार को गठन किया। इसमें महिलाओं और युवाओं को तरजीह दी गई है। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 79वीं जयंती के मौके पर गठित की गई कांग्रेस कार्यसमिति में पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के साथ शशि थरूर और सचिन पायलट को भी जगह दी गई है।

वहीं नई कार्यसमिति में बिहार से मीरा कुमार व तारिक अनवर को जगह दी गई है। साथ ही कन्हैया कुमार को स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।

पार्टी संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि सीडब्ल्यूसी में 39 सदस्य, 32 स्थायी आमंत्रित सदस्य और 9 विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल किए गए हैं। 

कांग्रेस के चारों अग्रिम संगठन युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस और सेवादल के प्रमुख सीडब्ल्यूसी में पदेन सदस्य होंगे। 

पार्टी ने फरवरी में हुए रायपुर महाधिवेशन में सीडब्ल्यूसी के सभी सदस्यों को नामित करने का अधिकार कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को सौंप दिया था।

Bihar

Aug 20 2023, 13:52

बिहार विधान परिषद् में अब सम्राट चौधरी की जगह हरि सहनी होंगे नेता प्रतिपक्ष, बीजेपी ने आज किया एलान

डेस्क : बिहार विधान परिषद में अब सम्राट चौधरी की जगह हरि सहनी नेता प्रतिपक्ष होंगे। भाजपा ने आज रविवार को इसकी घोषणा की। हरि सहनी दरभंगा से हैं और ये दरभंगा में बीजेपी के जिलाध्यक्ष भी रह चुके है।  

दरअसल सम्राट चौधरी को बिहार प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष बनाए जाने के बाद बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष बदलने की चर्चा जोरों पर थी। इसमें कई नाम रेस में थे। हालांकि मुख्य रूप से जातीय समीकरण साधने को भी देखा जा रहा था। ऐसे में अति पिछड़ा समाज से आने वाले हरि सहनी को बड़ी जिम्मेदारी देकर पार्टी ने एक बड़ा संदेश देने का काम किया है। 

वर्ष 2022 में एमएलसी बने हरि सहनी को परिषद में नेता प्रतिपक्ष बनाने की चर्चा लम्बे समय थी। हरि सहनी दरभंगा जिला में बीजेपी के जिला अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्होंने 2005 में विधानसभा का चुनाव भी लड़ा था। वहीं वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में केवटी विधानसभा से उम्मीदवार के रूप में हरि सहनी के नाम की घोषणा हुई। बाद में उनका टिकट कट गया था।

मौजूदा समय में भाजपा ने जिन लोगों को अहम जिम्मेदारी दे रखी है उसमें बिहार प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सम्राट चौधरी हैं। सम्राट कुशवाहा जाति से आते हैं। वहीं बिहार विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में भूमिहार जाति से आने वाले विजय कुमार सिन्हा हैं। अब हरि सहनी को नई जिम्मेदारी दी गई है जो अति पिछड़ा समाज से आते हैं। ऐसे में पार्टी ने अलग अलग जातियों को अहम जिम्मेदारी देकर जातीय समीकरण को भी साधने की कोशिश की है।

Bihar

Aug 20 2023, 10:24

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने लगाया आरोप, केन्द्र दरभंगा नें नहीं बनाना चाहती एम्स

डेस्क : दरभंगा में एम्स निर्माण को लेकर राजनीति जारी है। इसी बीच जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने केन्द्र सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। 

ललन सिंह ने कहा है कि केंद्र सरकार दरभंगा में एम्स नहीं बनाना चाहती है। इसपर सिर्फ राजनीति करना चाहती है। 

उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह बिहार के मुख्यमंत्री की पसंद है कि दरभंगा में एम्स का निर्माण किया जाए। राज्य सरकार ने निर्माण के लिए जमीन तो मंजूर कर दी, लेकिन वे एम्स बनाना नहीं चाहते।

ललन सिंह ने आगे कहा कि बिहार की सरकार ने दरभंगा में एम्स के लिए जिस जमीन की मंजूर दी है, वहां जाने के लिए राज्य सरकार ने फोरलेन सड़क बनाने का निर्णय लिया है। वहां मिट्टी भराई के लिए सरकार ने 300 करोड़ की राशि की स्वीकृति दी है। 

राज्य सरकार चाहती है कि दरभंगा में एम्स भी बन जाए और दरभंगा मेडिकल कॉलेज भी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में विकसित हो।

Bihar

Aug 20 2023, 09:55

बिहार की बड़ी उपलब्धि : जीडीपी में बीते वर्ष शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में प्राप्त किया प्रथम स्थान

डेस्क : बिहार ने सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में बीते वर्ष शानदार प्रदर्शन करते हुए अन्य राज्यों को पीछे छोड़ दिया है। स्थिर मूल्य पर जीडीपी की बढ़ोतरी में बिहार ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। 

वर्ष 2022-23 में उसकी वृद्धि दर 10.64 फीसदी रही जो देश में सर्वाधिक है। यही नहीं, केवल दो ही राज्य ऐसे हैं जिन्होंने विकास में दो अंकों की छलांग लगाई है। बिहार के अलावा असम ने 10.16 फीसदी की वृद्धि हासिल की है। पिछले साल बिहार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया था।

दरअसल, प्राथमिक सेक्टर में बेहतर काम करने के कारण बिहार ने इस सेक्टर में शानदार तरक्की हासिल की है। प्राथमिक सेक्टर में बिहार ने डेढ़ गुनी प्रगति की है। वर्ष 4.19 फीसदी की बढ़ोतरी हुई थी, लेकिन वर्ष 2022-23 में बिहार ने इस सेक्टर में 6.68 फीसदी की वृद्धि की है। इसके कारण बिहार ने ओवरऑल 10.64 फीसदी की सर्वाधिक वृद्धि हासिल की।

बिहार की जीडीपी में पिछले साल 10.98 फीसदी की वृद्धि हुई थी। इस सूची में वह आंध्र प्रदेश और राजस्थान से पीछे था। लेकिन 2022-23 में तेजी से प्रगति की और अन्य राज्यों से आगे निकल गया। 

कृषि, वानिकी, मत्स्य और पशुधन प्रक्षेत्र में बिहार ने अधिक तेजी से प्रगति की है। गौरतलब है कि बिहार ने पिछले वर्षों में सबसे ऊंची विकास दर हासिल की है।

Bihar

Aug 20 2023, 09:11

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कम वर्षा से प्रभावित जिलों का किया हवाई सर्वेक्षण, किसानों को पूरी मदद देने का अधिकारियों को दिया निर्देश

डेस्क : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को अल्पवृष्टि से प्रभावित औरंगाबाद, गया, नवादा, शेखपुरा, जमुई एवं नालंदा जिले के विभिन्न प्रखंडों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से अल्प वर्षापात के कारण उत्पन्न स्थिति पर नजर रखने और उसी आधार पर कार्ययोजना बनाने को कहा। 

हवाई सर्वेक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इन क्षेत्रों में किसानों को हर स्तर पर सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई हेतु डीजल अनुदान के रूप में सहायता दी जा रही है। सभी जरूरतमंद किसानों को तेजी से इसका लाभ दिलाएं ताकि उन्हें राहत मिल सके। 

इसके अलावा किसानों को 16 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति जारी रखें, जिससे वे निर्बाध रूप से खेतों में सिंचाई कर सकें। मुख्यमंत्री ने धान की रोपनी की स्थिति की अद्यतन जानकारी प्राप्त करने का अधिकारियों को निर्देश दिया।उन्होंने इच्छुक किसानों को आकस्मिक फसल योजना के तहत निशुल्क बीज उपलब्ध कराने हेतु पर्याप्त बीज की उपलब्धता रखने को कहा। 

कृषि विभाग के सचिव ने मुख्यमंत्री को बताया कि अल्प वर्षापात वाले जिलों में वैकल्पिक फसल के लिये किसानों को निशुल्क मक्का का बीज दिया जा रहा है। सर्वेक्षण के दौरान जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा भी मुख्यमंत्री के साथ थे।

Bihar

Aug 18 2023, 18:47

पहले दरोगा अब पत्रकार की गोली मारकर हत्या के बाद विपक्ष सरकार पर हुई हमलावर, नेता प्रतिपक्ष ने कहा-गुंडाराज में तेजी से बदल रहा बिहार

डेस्क : बीते दिनों समस्तीपुर जिले में एक दरोगा की अपराधियों ने हत्या कर दी थी। वहीं अररिया में एक पत्रकार की उनके घर पर ही गोली मारकर हत्या कर दी गई। इन दो घटनाओं के बाद प्रदेश की मुख्य विपक्षी पार्टी प्रदेश की महागठबंधन सरकार पर हमलावर हो गई है। 

भाजपा विधानमंडल दल के नेता व बिहार विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने इस घटना पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने अपराधियों के सामने घुटना टेक दिया है। अब पुलिस और पत्रकार की अपराधियों के द्वारा हत्या ने सिद्ध कर दिया है कि बिहार तेजी में जंगल राज से गुण्डाराज में बदल रहा है। अपराधी बुलंद हौसले से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 17 अगस्त को दिल्ली से पटना आने पर हवाई अड्डा पर मुख्यमंत्री ने कहा था कि देख लीजिए राज्य में अपराध कितना कम है।

श्री सिन्हा ने कहा कि 1 वर्ष पूर्व महागठबंधन की सरकार बनी थी और उस समय से अपराधी को पुलिस का भय खत्म हो गया है। ये शासन के संरक्षण में अपराध की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इनकी सरकार बनने के बाद से अभी तक 5000 से अधिक लोगों को गोली मारी गयी है। हत्या, लूट, अपहरण, बलात्कार, बैंक डकैती, साइबर क्राइम की घटनाओं में असीमित बढ़ोतरी हुई है।

उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध के सभी द्वार खुल गए हैं। गौ तस्करी और गौ हत्या का बिहार अब चारागाह बन गया है। नालंदा, समस्तीपुर, बेगूसराय सहित राज्य के कई जिलों में गौ तस्करों को सामाजिक कार्यकर्ताओं के द्वारा पकड़ा गया। ये तस्कर पुलिस पर भी गोली चलाने से बाज नहीं आते हैं। राज्य के अन्दर इनकी बेरोकटोक तस्करी जारी है। सीमा पार कर ये इसे बंग्लादेशियों के हाथों बेचते हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अपराधियों के कारण राज्य की जनता भयभीत औऱ परेशान है। खुली छूट के कारण अपराधी किसी भी समय घटनाओं को अंजाम देते है। उनका मनोबल बढ़ा हुआ है क्योंकि सरकार इन अपराधों का संज्ञान नहीं लेती है। भाजपा राज्य की जनता के साथ खड़ी है और मौका मिलने पर अपराधियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाएगी।

Bihar

Aug 18 2023, 17:17

पटना हवाई अड्डा के नवनिर्मित सिविल विमानन निदेशालय भवन का सीएम नीतीश कुमार ने किया उद्घाटन, एयरपोर्ट पर चल रहे निर्माण कार्य का लिया जायजा

डेस्क :  आज पटना हवाई अड्डा के नवनिर्मित सिविल विमानन निदेशालय भवन का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने फीता काटकर एवं शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित सिविल विमानन निदेशालय भवन का निरीक्षण किया। 

नवनिर्मित भवन के मीटिंग हॉल में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक की और वहां की व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने पटना हवाई अड्डा पर चल रहे निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य का भी जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।

कार्यक्रम के पश्चात् पटना हवाई अड्डा से निकलकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि राज्य सरकार का जो क्षेत्र है वहां पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। एक हिस्से का काम हो गया है और एक हिस्से का कार्य प्रगति पर है, उसका हम जायजा लेने आए हैं। बहुत पहले ही हमने इस सड़क का चौड़ीकरण करवाया ताकि पटना एयरपोर्ट तक लोगों का आवागमन आसान हो सके।

उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र बहुत ही ऐतिहासिक है इसलिए यहां ज्यादा कुछ छेड़छाड़ कर निर्माण कार्य नहीं कर सकते हैं और वृक्षों को काटना भी ठीक नहीं है। बगल से भी हमलोग रास्ता बनवा रहे हैं ताकि पटना हवाई अड्डा तक पहुंचने में किसी को कोई दिक्कत नहीं हो। जब बिहटा एयरपोर्ट बन जाएगा तो फिर कोई दिक्कत नहीं होगी। दोनों एयरपोर्ट तक लोगों को आने-जाने में कोई दिक्कत नहीं होगी ।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव सह मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ० एस० सिद्धार्थ, पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, अपर पुलिस महानिदेशक, विशेष शाखा सुनील कुमार, पटना के जिलाधिकारी चन्द्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के निदेशक अंचल प्रकाश, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के जेनरल मैनेजर के०एस० विजयन सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे।