India

Aug 15 2023, 14:12

हर भारतीय की आवाज़ है भारत माता..', राहुल गांधी ने दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई, भारत जोड़ो यात्रा का भी किया जिक्र

 कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज मंगलवार (15 अगस्त) को देश के लोगों को 77वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और भारत माता को हर भारतीय की आवाज बताया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स, जिसे पहले ट्विटर के नाम से जाना जाता था, पर राहुल गांधी ने कहा कि, "भारत माता हर भारतीय की आवाज है! सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं।"

इसके साथ ही राहुल गांधी ने 'भारत जोड़ो यात्रा' का अपना अनुभव भी साझा किया और कहा कि उन्होंने समुद्र के किनारे से 145 दिन की पैदल यात्रा शुरू की और कश्मीर की बर्फ पर पहुंचे। राहुल ने कहा कि, 'पिछले साल मैंने एक सौ पैंतालीस दिन उस ज़मीन पर घूमते हुए बिताए जिसे मैं अपना घर कहता हूँ। मैंने समुद्र के किनारे से शुरुआत की और गर्मी, धूल और बारिश से गुज़रा। जंगलों, कस्बों और पहाड़ियों से होते हुए, जब तक कि मैं नरम बर्फ तक नहीं पहुँच गया मेरे प्यारे कश्मीर की।'

उन्होंने अपनी यात्रा जारी रखने के दौरान हुए दर्द और उस प्रेरणा का भी उल्लेख किया जिसने उन्हें यात्रा जारी रखने में मदद की। राहुल गांधी ने कहा कि, "कुछ ही दिनों में, दर्द शुरू हो गया। मेरी पुरानी घुटने की चोट, जो फिजियोथेरेपी के घंटों के बाद खत्म हो गई थी, वापस आ गई। कुछ दिनों की सैर के बाद, मेरा फिजियो हमारे साथ आ गया, वह आया और मुझे उचित सलाह दी। दर्द बना रहा। और फिर मैंने कुछ नोटिस करना शुरू कर दिया। हर बार जब मैं रुकने के बारे में सोचता, हर बार जब मैं हार मानने के बारे में सोचता, कोई आता और मुझे जारी रखने की ऊर्जा उपहार में देता।'

बता दें कि, स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा कड़ी करते हुए पुलिस कर्मियों ने वाहनों की जांच की। स्वतंत्रता दिवस से पहले भारत में विभिन्न प्रतिष्ठित इमारतों और स्मारकों को तिरंगे की रोशनी में रोशन किया गया है। पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और इंडिया गेट रोशनी से जगमगा रहे क्योंकि शहर स्वतंत्रता दिवस के उत्साह में डूबा हुआ है।

India

Aug 15 2023, 14:10

पीएम मोदी के 2024 में लाल किले से तिरंगा फहराने वाले बयान पर विपक्ष हमलावर, लालू -खड़गे ने यूं किया पलटवार

#kharge-andlaluyadavreplyonpmnarendramodi_statement

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लाल किले पर 10वीं बार तिरंगा फहराया।

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने दावा किया कि अगले 15 अगस्त को इसी लाल किले से देश की उपलब्धियों और विकास को जनता के सामने रखेंगे।प्रधानमंत्री अपने इस दावे पर घिरते नजर आ रहे हैं।

2024 में फिर से लाल किले से तिरंगा फहराने के पीएम मोदी के दावे पर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के मुखिया लालू प्रसाद यादव ने तंज कसा है। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बी इस बयान पर पलटवार किया है।

पीएम मोदी के बयान पर लालू “लाल”

दरअसल, आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव से पूछा गया कि पीएम नरेंद्र मोदी अगले साल लाल किले से तिरंगा फहराएंगे? इस पर उन्होंने कहा कि पीएम मोदी लाल किले से अंतिम बार तिरंगा फहरा रहे हैं, अगली बार हम तिरंगा फहराएंगे।

अगली बार पीएम मोदी तिरंगा अपने घर पर फहराएंगे

पीएम मोदी के इस बयान पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि मोदी झंडा तो फहराएंगे, लेकिन अपने घर पर। खरगे ने कहा कि हर इंसान कहता है कि मैं ही जीतूंगा. लेकिन जीताती तो जनता है। वे (मोदी) अहंकार की तरह बोल रहे हैं।

India

Aug 15 2023, 13:35

लाल किले पर खाली रही कांग्रेस अध्यक्ष खरगे की कुर्सी, कार्यक्रम में शामिल नहीं होने पर उठे सवाल, तो दिया ये जवाब

#khargeschairseenemptyatred_fort 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लालकिले पर तिरंगा फहराया। इस मौके पर पक्ष-विपक्ष के नेता और सांसद लाल किले पर पहुंचे थे। कार्यक्रम में कई दिग्गज और करीब दो हजार तक अतिथि शामिल हुए। हालांकि, इस दौरान एक कुर्सी खाली दिखाई दी। यह कुर्सी कांग्रेस के एक बड़े नेता की थी। जी हां, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की कुर्सी इस समारोह के दौरान खाली दिखी। खरगे इस समारोह में शिरकत नहीं कर सके। 

स्वतंत्रता दिवस के मुख्य कार्यक्रम में राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के मौजूद नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस ने इस पर सफाई भी दी। उन्होंने कहा कि खरगे को ठीक महसूस नहीं हो रहा था, इसलिए वह लाल किले पर नहीं पहुंचे। कांग्रेस की तरफ से सफाई देते हुए बताया गया,'खरगे को अपने घर और कांग्रेस पार्टी दफ्तर में तिरंगा फहराना था। इसलिए वह लाल किला में होने वाले समारोह में शामिल नहीं हो पाए। अगर वे जाते तो वह घर वहां से जल्दी नहीं निकल सकते। उन्हें कम से कम दो घंटे तक वहां पर रहना ही पड़ता, वे कांग्रेस मुख्यालय में समय से ध्वजारोहण नहीं कर पाते। 

लाल किला नहीं पहुंचने पर दी सफाई

लाल किले नहीं जाने का सवाल खरगे से किया गया तो उन्होंने अपनी आंखों की समस्या बताई। दूसरी बात उन्होंने कही कि मुझे घर पर प्रोटोकॉल के तहत झंडा फहराना था। फिर मुझे कांग्रेस ऑफिस आकर झंडा फहराना था। यहां तो मैं पहुंच ही नहीं सकता था। उनकी सिक्योरिटी इतनी टाइट है। पहले प्रधानमंत्री के जाने तक किसी को नहीं छोड़ते। आजकल होम मिनिस्टर के जाने तक नहीं छोड़ते। रक्षा मंत्री, स्पीकर... के बाद हम लोगों का नंबर लगता। इसलिए समय के अभाव और सिक्योरिटी की अड़चन थी। अब जैसा उन्हें छोड़ते हैं वैसा मुझे तो रास्ता नहीं देते।

खरगे का सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश

इस बीच खरगे ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी किया। कांग्रेस अध्यक्ष ने ट्वीट के जरिए एक वीडियो संबोधन जारी किया। जिसमें उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं व बधाई दीं। कहा कि लोकतंत्र और संविधान हमारी देश की आत्मा है। हम यह प्रण लेते हैं कि हम देश की एकता और अखंडता के लिये, प्रेम और भाईचारे के लिए, सौहार्द और सद्भाव के लिए लोकतंत्र और संविधान की स्वतंत्रता कायम रखेंगे। उन्होंने महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, मौलाना आजाद, राजेंद्र प्रसाद, सरोजिनी नायडू और बीआर अंबेडकर जैसे स्वतंत्रता प्रतीकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

पूर्व प्रधानमंत्रियों के योगदानों का किया जिक्र

अपने वीडियो संदेश में कांग्रेस अध्यक्ष ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री, राजीव गांधी, पीवी नरसिम्हा राव और मनमोहन सिंह जैसे अन्य कांग्रेस प्रधानमंत्रियों के योगदानों का जिक्र किया। उन्होंने बीजेपी के आदर्श अटल बिहारी वाजपेयी का भी जिक्र किया। कहा कि हर प्रधानमंत्री ने देश की प्रगति में योगदान दिया है। अटल बिहारी वाजपेयी के साथ-साथ सभी प्रधानमंत्रियों ने देश के बारे में सोचा और विकास के लिए कई कदम उठाए। 

नाम लिए बिना पीएम पर निशाना

पीएम मोदी का नाम लिए बिना खरगे ने कहा कि कुछ लोग ऐसा मानते हैं कि देश पिछले कुछ वर्षों में विकसित हुआ है। लेकिन यह सच नहीं है। जब अंग्रेज देश छोड़कर चले गए, तो स्थिति ऐसी थी कि देश में एक सूई भी नहीं बनती थी। तब पंडित नेहरू बड़ी पहल की, इस्पात संयंत्र स्थापित किए, बांध बनाए, आईआईटी, आईआईएम, एम्स जैसे संस्थान स्थापित किए। इंदिरा गांधी-लाल बहादुर शास्त्री हरित क्रांति लेकर आए, भारत को आत्मनिर्भर बनाया। सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जो लोकतंत्र का ढोल बजाते हैं, वे दूसरे तरफ विपक्ष का मुंह बंद कर देते हैं। आज लोकतंत्र को बहुत बड़ा खतरा है। संसद में विपक्ष की आवाज बंद कर दी जाती है, मेरा माइक बंद कर दिया जाता है।

India

Aug 15 2023, 13:32

स्वतंत्रता दिवस पर खुशखबरी, भारत ने पहली बार 'रुपए' में किया संयुक्त अरब अमीरात को कच्चे तेल का भुगतान !

स्थानीय मुद्रा निपटान (LCS) के कार्यान्वयन के बाद से सोमवार को अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी (ADNOC) और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के बीच स्थानीय मुद्रा में पहला तेल लेनदेन हुआ है। रिपोर्ट्स में बताय गया है कि भारत के शीर्ष रिफाइनर ने दस लाख बैरल तेल की खरीद के लिए रुपये में भुगतान किया है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि यह संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के एक स्वर्ण निर्यातक से भारत में एक खरीदार को लगभग 128.4 मिलियन रुपये ($1.54 मिलियन) में 25 किलोग्राम सोने की बिक्री से जुड़े लेनदेन के बाद आया है। UAE में भारतीय दूतावास की एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि लेनदेन के लिए भारतीय रुपये और यूएई दिरहम दोनों का इस्तेमाल किया गया था। भारत और यूएई के बीच मजबूत तेल और गैस संबंध हैं और यूएई भारत की ऊर्जा सुरक्षा के लिए एक प्रमुख भागीदार है। UAE कच्चे तेल का चौथा सबसे बड़ा स्रोत और LNG और LPG का दूसरा सबसे बड़ा स्रोत है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत और UAE ने पिछले साल 35.10 बिलियन अमेरिकी डॉलर मूल्य के पेट्रोलियम उत्पादों का व्यापार किया, जो कुल द्विपक्षीय व्यापार का 41.4 प्रतिशत था। 

रिपोर्ट के अनुसार, LCS प्रणाली की स्थापना 15 जुलाई, 2023 को प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी और संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान की उपस्थिति में सीमा पार लेनदेन के लिए स्थानीय मुद्राओं का उपयोग करने के लिए एक रूपरेखा तंत्र की स्थापना पर ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (MoU) के तहत की गई थी।

India

Aug 15 2023, 13:31

Bigg Boss OTT 2: एल्विश यादव ने जीती ट्रॉफी, शुरू से ही रहे स्ट्रॉन्ग कंटेस्टेंट, फर्स्ट रनरअप रहे अभिषेक मल्हान

जिस घड़ी का इंतजार था वो आ गई। बिग बॉस ओटीटी 2 का विनर का ऐलान हो चुका है। दूसरे सीजन की ट्रॉफी घर लेकर जा रहे हैं एल्विश यादव। पहले से ही कयास लगाए जा रहे थे कि वो इस बार के सीजन के विनर बनेंगे और वैसा ही हुआ। शुरू से ही वो काफी स्ट्रॉन्ग कंटेस्टेंट रहे लिहाजा जीत के वो प्रबल दावेदार माने जा रहे थे। वहीं एल्विश जीते तो फर्स्ट रनरअप रहे अभिषेक मल्हान जो जीत से महज एक कदम दूर रह गए।

जीतने के बाद एल्विश यादव को तगड़ी प्राइज मनी भी मिली है। एल्विश अपने साथ बिग बॉस ओटीटी 2 के विनर की ट्रॉफी ही नहीं बल्कि 25 लाख रूपए भी लेकर लौटे हैं. बतौर वाइल्ड कार्ड एंट्री लेकर घर में आए एल्विश से शुरुआत से ही घर में माहौल बनाए रखा। शुरुआत में वो काफी मसखरे और मजाकिया अंदाज में दिखे लेकिन फिर कंटेस्टेंट के साथ उनके पंगे हुए और इसके लिए उन्हें सलमान खान से भी तगड़ी डांट पड़ी थी। हालांकि इससे एल्विश की फैन फोलोइंग पर कोई असर नहीं पड़ा बल्कि इसका फायदा उन्हें घर के बार काफी मिला। वो काफी पॉपुलर हो गए और उनके सपोर्टर्स ने तो सलमान खान को ही ट्रोल कर दिया था।

वहीं फिनाले से ठीक पहले खबर आई थी कि अभिषेक की तबीयत ज्यादा खराब है जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। वहीं फिनाले शुरू होने पर वो शो में नहीं दिखे थे लेकिन बाद में उन्होंने एंट्री ली। अभिषेक और एल्विश दोनों ही यूट्यूब स्टार हैं और शो में इनकी दोस्ती भी देखने को मिली। बात करें सेकेंड रनरअप की तो तीसरे नंबर पर आउट हुईं बिहार की मनीषा रानी जो शुरुआत से ही स्ट्रॉन्ग मानी जा रही थीं।

India

Aug 15 2023, 13:25

देश के दो राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में आसमानी आफत ने लील ली कई जिंदगियां, जलप्रलय की स्थिति से मचा हाहाकार

देश के दो राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में आसमानी आफत ने कई जिंदगियां लील ली है। इन दोनों ही राज्यों में स्थिति जल-प्रलय जैसी है। इन राज्यों के कई जिले बारिश से जलमग्न हैं। सबसे पहले बात हिमाचल प्रदेश की करते हैं, जहां आज एक भयानक हादसा भी हुआ है। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की वजह से अब तक 20 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। राज्य के तीन जिलों उना, किन्नौर और लाहोल-स्पीति को छोड़ सभी 9 जिलों में मौसम विभाग ने बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कांगड़ा जिले में सबसे ज्यादा 273.4 मिलीमीटर बारिश पिछले 24 घंटों के दौरान हुई है। सुजानपुर तीरा में 254 मिलीमीटर और हमीरपुर तथा धर्मशाला में 250 मिलीमीटर बारिश हुई है। राज्य की राजधानी शिमला में 126 मिलीमीटर बारिश हुई है। 

हिमाचल में जल से हाहाकार

सोलन जिले के जादोन गांव में बादल फटने से 7 लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा तीन लोग लापता बताए जा रहे हैं। पुलिस ने सोमवार को बताया कि रविवार रात को बादल फटने से दो मकान बह गए और हादसे में छह लोगों को बचाया गया है। हिमाचल के शिमला में भी एक ऐसा ही बड़ा हादसा हुआ। भूस्खलन के कारण शिमला के समर हिल इलाके में एक शिव मंदिर में यह हादसा हुआ है। शिव मंदिर पर एक पहाड़ टूट कर गिर पड़ा। इस हादसे में करीब 24 से ज्यादा लोग मलबे में दब गए। अब तक 9 लोगों के शव बरामद किये जा चुके हैं।

राज्य में भारी बारिश के मद्देनजर सभी स्कूल और कॉलेज को सोमवार को बंद रखने का आदेश दिया गया है। हादसे पर दुख जताते हुए राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंद सिंह सुक्खू ने कहा कि शिव मंदिर में हादसे की सूचना से आहत हूं। स्थानीय प्रशासन वहां लगातार मलबे को हटाने की कोशिश में लगा हुआ है। मलबे में कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने घटनास्थल पर जाकर जायजा लिया है। इसके अलावा राज्य के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने भी घटनास्थल का दौरा किया है। 

राज्य आपदा प्रबंधन के अनुसार वर्तमान में बारिश के कहर ने बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान पहुंचाया है और कई लोगों के जीवन को प्रभावित किया है। राज्य में हाल में हुई बारिश की वजह से हुई घटनाओं में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ से राष्ट्रीय राजमार्ग सहित लगभग 500 सड़कें बह गईं और बाधित हो गईं हैं। मंडी में भी बारिश से हालात अच्छे नहीं हैं। व्यास नदी का जलस्तर बढ़ने से यहां भी बाढ़ के आसार हैं।

उत्तराखंड में जलप्रलय जैसी स्थिति

इधर उत्तराखंड में भी हालात बेहद भयानक है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के छह जिलों— देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उधमसिंह नगर, नैनीताल और चंपावत में सोमवार के लिए बारिश का रेड अलर्ट तथा हरिद्वार में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पौड़ी जिले के लक्ष्मणझूला क्षेत्र में सोमवार को भूस्खलन होने के बाद चार से पांच व्यक्तियों के लापता होने की खबर है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पौड़ी में अतिवृष्टि के कारण कई लोगों के हताहत होने की सूचना मिली है जो अत्यंत दुखद है। एक ट्वीट में धामी ने कहा कि प्रदेश में हो रही भारी बारिश के संबंध में उन्होंने एक उच्चस्तरीय बैठक की तथा अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों एवं वहां किए जा रहे राहत व बचाव कार्यों की जानकारी प्राप्त की।

केदारनाथ के समीप लिंचोली में सोमवार तड़के भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन की चपेट में एक तंबू के आ जाने से उसमें सो रहे एक नेपाली मजदूर की मौत हो गई । रुद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि अतिवृष्टि के कारण पहाड़ी की तरफ से बरसाती नाले में आया मलबा नेपाली बसावट में घुस गया जिसके नीचे दबकर कपिल बहादुर (27) की मौत हो गई। कपिल नेपाल का रहने वाला था।

उत्तराखंड में बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। कई जगहों पर लैंड स्लाइड होने की वजह से यहां कई रास्ते भी बंद हैं। चमोली जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बद्रीनाथ हाईवे पर मायापुर में पहाड़ से आए मलबे के कारण कई गाड़ियां भी यहां दब गई थीं। रविवार को यहां नंदाकिनी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया था।

India

Aug 15 2023, 11:51

पीएम मोदी ने परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण पर किया कड़ा प्रहार, भारत के विकसित देश बनने की राह में बताया सबसे बड़ा रोड़ा

#pmmodiattackedcorruptionfamilialism_polarisation 

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से देश के विकास में आने वाली सबसे बड़े रोड़ों का जिक्र किया। लाल किले पर तिरंगा लहराने के बाद पीएम मोदी ने देशवासियों के सामने सरकार की उपलब्धियां गिनाई। वहीं देश के विकास में आ रही बाधा की बात करते हुए परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण के बहाने विपक्ष पर कड़ा प्रहार किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में इन तीन बुराइयों को खत्म करने का संकल्प लिया। प्रधानमंत्री मोदी ने देश के सपनों को सिद्ध करने के लिए भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण का आंख में आंख डालकर सामना करने की बात कही।

मोदी का कमिटमेंट है कि मैं भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ता रहूंगा-पीएम मोदी

लाल किले के प्राचीर से भाषण देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, " भ्रष्टाचार देश को दीमक की तरह खोखला कर रहा है। इसने देश के सामर्थ्य को बुरी तरह नोंच लिया है। यह मोदी के जीवन का कमिटमेंट है, यह मेरे व्यक्तित्व की प्रतिबद्धता है कि मैं भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ता रहूंगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें भ्रष्टाचार से मुक्ति पानी है। इस देश में पिछले नौ साल में दस करोड़ लोगों को मैंने गलत फायदा उठाने से रोक दिया। ये दस करोड़ लोग वो थे, जिनका जन्म ही नहीं हुआ था। वे विधवा, वृद्ध, दिव्यांग हो जाते थे। दस करोड़ बेनामी चीजों को रोका है। भ्रष्टाचारियों की संपत्ति पहले की तुलना में 20 गुना ज्यादा जब्त की है। पीएम मोदी ने बताया कि इस सरकार ने सरकारी व्यवस्था में भ्रष्टाचार को रोकने के लिए पिछली सरकारों की तुलना अदालत में ज्यादा चार्जशीट दायर की हैं।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमें भ्रष्टाचार के खिलाफ नफरत का माहौल बनाना होगा। जैसे गंदगी हमारे मन में नफरत पैदा करती है, वैसे ही सार्वजनिक जीवन की इस गंदगी को भी दूर करना होगा।

देश के विकास के लिए परिवारवाद से मुक्ति जरूरी

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि 'लोकतंत्र में यह कैसे हो सकता है, विशेष बल देकर राजनीतिक दलों के बारे में कह रहा हूं। यह बुराई है परिवारवादी पार्टियां। उनका मूल मंत्र है उनका राजनीतिक दल, परिवार का, परिवार के द्वारा और परिवार के लिए काम करे। परिवारवाद और भाई-भतीजावाद प्रतिभाओं के दुश्मन होते हैं। किसी राजनीतिक दल का प्रभारी केवल एक ही परिवार कैसे हो सकता है? देश के विकास के लिए परिवारवाद से मुक्ति जरूरी है।

तुष्टीकरण ने सामाजिक न्याय को मौत के घाट उतार दिया-पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि तुष्टीकरण ने सामाजिक न्याय का सबसे बड़ा नुकसान किया है। सामाजिक न्याय को तबाह किसी ने किया है तो वह तुष्टीकरण की राजनीति ने किया है। इसने सामाजिक न्याय को मौत के घाट उतार दिया है। 

इनसे लड़ने के लिए संकल्प लेने का आहवान

इन तीन बुराइयों के बारे में बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने देश को इनसे पूरे सामर्थ्य के साथ लड़ने का संकल्प लेने का आहवान किया। उन्होंने कहा कि इन बुराइयों से देश के लोगों की आकांक्षाओं का दमन होता है और ये बुराइयां लोगों के सामर्थ्य का शोषण करती हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गरीब, दलित, पिछड़े, पसमांदा, आदिवासी, माता-बहनों को उनका हक दिलाने के लिए देश को इन तीन बुराइयों से मुक्ति पाना होगा।

India

Aug 15 2023, 11:06

लालकिले से पीएम मोदी ने की 2024 की भविष्यवाणी, कहा-अगले 15 अगस्त को फिर आऊंगा, अगले 5 सालों के लिए लिया वादा

#pmnarendramodiguaranteesetagendafor2024loksabhachunav

लाल किले से आज अपने भाषण के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2024 को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। इस साल लालकिले से 10वीं बार तिरंगा लहराने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से अगले साल फिर आने का वादा कर डाला। पीएम ने कहा, 'अगले 15 अगस्त को फिर आऊंगा।'2024 के आम चुनाव से पहले लाल किले से पीएम मोदी की यह आखिरी स्पीच थी। ऐसे में उन्होंने जो कहा, उसके मायने बड़े हैं। 

पीएम मोदी ने कहा कि मैं 10 साल का हिसाब तिरंगे की साक्षी में लाल किले की प्राचीर से देशवासियों को दे रहा हूं। दस साल पहले राज्यों को 30 लाख करोड़ भारत सरकार की तरफ से ज्यादा थे, लेकिन पिछले 9 साल में ये आंकड़ा 100 लाख करोड़ पर पहुंचा है। इसके बाद कहा कि पहले स्थानीय निकाय के विकास के लिए भारत सरकार से 70 हजार करोड़ जाता था, लेकिन अब वो 3 लाख करोड़ से ज्यादा है। पहले गरीबों के घर के लिए 90 हजार करोड़ रुपये खर्च होता था और अब 4 लाख करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं।

देश को पहली तीन शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में पहुंचाने की दी गारंटी

पीएम मोदी ने कहा कि हम 2014 में दुनिया की अर्थव्यवस्था में 10वें नंबर पर थे, लेकिन आज हम पांचवें नंबर पर पहुंच चुके हैं। आने वाले पांच साल में मोदी की गारंटी है कि देश पहली तीन शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में जगह ले लेगा। पिछले साढ़े 5 सालों में साढ़े 13 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं और मध्यमवर्ग की शक्ति बन रहे हैं। जब गांव की शक्ति बढ़ती है तो शहरों की आर्थिक अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ती है।हमें इस बल देकर आगे चलना चाहते हैं। हमने टास्कफोर्स बना दिया है। हमारे देश में 25 साल से चर्चा हो रही थी कि देश में नई संसद बने। ये मोदी है जो समय से पहले नई संसद बनाकर दे दिया।ये काम करने वाली सरकार है। निर्धारित लक्ष्यों को पार करने वाली सरकार है।

पीएम ने बताया अगले चुनाव में उन्हें मौका देना क्यों जरूरी

प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 के बाद देश में आए बदलाव की चर्चा करते हुए समझाया कि अगले चुनाव में उन्हें मौका देना क्यों जरूरी है।उन्होंने कहा, 'मेरे शब्द लिखकर रख लीजिए इस कालखंड में जो त्याग और तपस्या हम करेंगे। सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय एक के बाद एक फैसले लेंगे उससे 1000 साल का देश का स्वर्णिम काल लिखा जाएगा।' उनका साफ तौर पर कहना था कि इस अमृतकाल में लिए गए फैसले 1000 साल तक प्रभाव पैदा करेंगी। इसके लिए उन्होंने एक और कार्यकाल मांगा।

देशवासियों को कहा परिवारजनों

पीएम ने कहा कि सपने अनेक हैं, संकल्प भी साफ और नीतियां भी स्पष्ट हैं। पीएम मोदी ने कहा कि हमारी नीयत के सामने कोई सवालिया निशान नहीं है, लेकिन कुछ सच्चाइयों को हमें स्वीकार करना होगा और उसके समाधान के लिए मेरे परिवारजनों मैं आज लाल किले से आपकी मदद मांगने आया हूं। मैं लाल किले से आपका आशीर्वाद मांगने आया हूं। अनुभव के आधार पर मैं कह रहा हूं कि आज गंभीरतापूर्वक उन चीजों को लेना होगा।

अगले 15 अगस्त के लिए ले लिया देश से वादा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- 2047 में देश जब स्वतंत्रता के 100 साल का जश्न मनाए तो हमारे भारत का तिरंगा दुनिया में विकसित देश की पहचान के साथ लहराए। 2047 के सपने को साकार करने का सबसे बड़ा स्वर्णिम क्षण आने वाले पांच साल हैं। अगले 15 अगस्त को इसी लाल किले से मैं देश की उपलब्धियों और विकास को आपके सामने रखूंगा।

India

Aug 15 2023, 10:38

लोकसभा चुनाव से पहले यह प्रधानमंत्री का लाल किले से आखिरी संबोधन, किये ये बड़े ऐलान

#independence_day_pm_modi_red_fort_speech

देश के 77वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से देश के लोगों को संबोधित किया।इस दौरान पीएम मोदी ने लाल किले से नई योजनाओं का ऐलान किया, साथ ही कई वादे भी किए।साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले यह प्रधानमंत्री का लाल किले से आखिरी संबोधन है, ऐसे में इस संबोधन के कई राजनीतिक मायने भी हैं।

-लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एलान किया कि वह सुनार, सुतार, राजमिस्त्री, बाल काटने वाले, औजारों-हाथों से काम करने वाले वर्ग को नई ताकत देने वाले हैं। इसके लिए वह विश्वकर्मा जयंती पर विश्वकर्मा योजना शुरू करेंगे।इसकी शुरुआत 13 से 15 हजार करोड़ रुपये से की जाएगी।

-पीएम मोदी ने घोषणा करते हुए कहा कि देश में अभी तक 10 हजार जन औषधि केंद्र थे, अब हम इस लक्ष्य को 25 हजार जन औषधि केंद्र तक पहुंचा रहे हैं और आने वाले वक्त में इस ओर काम शुरू हो जाएगा।

-पीएम ने ऐलान किया कि मोदी की गारंटी है कि आने वाले पांच साल में देश दुनिया की टॉप-3 अर्थव्यवस्था में शामिल होगा।

-शहरों में जो लोग किराये पर रहते हैं या जिनके पास अपना घर नहीं है या जो अनाधिकृत कॉलोनी में रहते हैं, उनको अपना घर बनाने के लिए बैंक से जो लोन मिलता है, उसके ब्याज में राहत दी जाएगी और इसके लिए जल्द योजना का ऐलान होगा।

-प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरा नया लक्ष्य गांव में 2 करोड़ लखपति दीदी बनाने का है, एग्रीकल्चर सेक्टर के जरिए हम वुमेन सेल्फ हेल्प ग्रुप की ट्रेनिंग देंगे जिसमें महिलाओं को ड्रोन चलाने की ट्रेनिंग दी जाएगी। हम गांव में महिलाओं को मजबूत करना चाहते हैं और इस ओर यह कदम अहम है।

India

Aug 15 2023, 09:47

देश आज मना रहा 77वां स्वतंत्रता दिवस, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10वीं बार लाल किले पर फहराया तिरंगा

#independencedaypmmodiredfortspeech

आज पूरा भारत 77वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराया। पीएम मोदी ने आज 10वीं बार लाल किले पर तिरंगा फहराया है। इस दौरान ध्वज को 21 तोपों की सलामी दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लालकिले से देशवासियों को आजादी के पर्व की शुभकामनाएं दी। पीएम मोदी ने कहा कि मैं आज देश की आजादी के जश्न में योगदान और बलिदान देने वालों को नमन करता हूं और उनका अभिनंदन करता हूं। 

लाल किले से देश को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने विभिन्न मुद्दों पर बात की।पीएम मोदी ने कहा कि देश त्याग और तपस्या के बाद आजाद हुआ। यह अमृतकाल का पहला साल है। अमृतकाल में सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय को लेकर सरकार आगे बढ़ रही है।अब देश नए संकल्पों से जुड़ रहा है।पंच प्राण के साथ देश आगे बढ़ रहा है।

देश आसमान से उतरने के अवसर देने का सामार्थ्य रखता है-पीएम मोदी

लालकिले के प्राचीर से पीएम मोदी ने कहा, जैसा सौभाग्य आज देश के नौजवानों को मिला है, ऐसा सौभाग्य शायद ही किसी को मिलता है। हमें इसे गंवाना नहीं चाहिए। आने वाला समय टेक्नोलॉजी से प्रभावित रहने वाला है। हमारे छोटे-छोटे शहर और कस्बे आबादी में छोटे हो सकते हैं। लेकिन उनका सामार्थ्य किसी से कम नहीं है। देश में अवसरों की कमी नहीं है, आप जितने अवसर चाहेंगे ये देश आसमान से उतरने के अवसर देने का सामार्थ्य रखता है।

भारत की क्षमता-संभावनाएं भरोसे की नई ऊंचाइयों को पार करने वाली हैं-पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, यह निश्चित है कि भारत की क्षमता और संभावनाएं भरोसे की नई ऊंचाइयों को पार करने वाली हैं। विश्वास की ये नई ऊंचाईयां, नई क्षमताओं के साथ आगे बढ़ेंगी। आज भारत को G20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने का अवसर मिला है। बीते वर्ष में जिस प्रकार भारत के कोने-कोने में G20 के अनेक आयोजन हुए, उससे दुनिया को भारत के सामान्य जन के सामर्थ्य, भारत की विविधता का परिचय हुआ है।

देश एक नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है-पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि हमें याद है जब हमारे देश पर आक्रमण हुआ, लेकिन तब पता तक नहीं था कि एक घटना भारत को हजार साल की गुलामी में फंसा देगी। हम गुलामी में जकड़ते गए, जो आया लूटता गया। पीएम मोदी ने कहा कि गुलामी की मानसिकता से बाहर निकला हुआ देश एक नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। मां भारती एक बार फिर जागृत हो चुकी है। 

आज के फैसलों से आने वाले 1000 सालों का भविष्य तय होगा-पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि आज हमारे पास लोकतंत्र और विविधता है। दुनिया के देश बूढ़े हो रहे हैं, लेकिन भारत युवा हो रहा है। आज के फैसलों से आने वाले 1000 सालों का भविष्य तय होगा। सामर्थ्य देश के भाग्य को बदल देता है। अब न रुकना है और ना ही दुविधा में जीना है।