फॉलोअप : पुत्री का पार्थिव शरीर लेकर पिता रांची लौटे, यूडी केस दर्ज

Image 2Image 3

गोबिंदपुर (धनबाद) । गोविंदपुर के रतनपुर स्थित सुपर 100 कोचिंग सेंटर के छात्रावास में रहकर कोचिंग कर रही चान्हो के लुंड्री की रहने वाली 12 वर्षीया किशोरी आकृति मोना उरांव का पार्थिव शरीर लेकर परिजन मंगलवार की रात रांची रवाना हो गए!

आकृति ने मंगलवार की सुबह जीटी रोड रतनपुर में खालसा होटल के सामने तेज रफ्तार वाहन के सामने कूदकर जान दे दी थी वह छठी कक्षा की छात्रा थी कोचिंग सेंटर के छात्रावास में रहकर इंदिरा गांधी बालिका विद्यालय, हजारीबाग की प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पिता संजीत उरांव ने मंगलवार की देर रात गोविंदपुर थाना में यूडी का मामला दर्ज कराया है .

एसआई संदीप कुमार को दिए गए फर्द बयान में कहा कि उसकी बेटी की मौत में न तो कोचिंग संचालक दोषी है और न ही कोई अन्य। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व पिता के फर्द बयान के आधार पर पुलिस ने कोचिंग सेंटर संचालक अनिल कुमार रजक को पीआर बांड भरवा कर छोड़ दिया.

थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने कोचिंग सेंटर संचालक को कोचिंग सेंटर में सीसीटीवी कैमरा लगाने, गार्ड व फायर सेफ्टी रखने आदि निर्देश दिया है संचालक ने कहा कि पुलिस निर्देश का पालन किया जाएगा अब किसी भी हालत में बिना इजाजत बच्चे को बाहर निकलने नहीं दिया जाएगा!

आईआईटी आईएसएम में 'खनन में डिजिटल परिवर्तन पर मास्टर क्लास' की शुरुआत

Image 2Image 3

धनबाद : द टेक्नोलॉजी इनोवेशन इन एक्सप्लोरेशन एंड माइनिंग फाउंडेशन (टेक्समिन) के द्वारा आईआईटी-आईएसएम धनबाद के सहयोग से 3 जुलाई सोमवार को पांच दिवसीय "खनन में डिजिटल परिवर्तन पर मास्टर क्लास" कार्यशाला की शुरुआत की गई.

 कार्यशाला में खनन उद्योग के वरिष्ठ अधिकारियों को खनन 4.0 के अंतर्गत डिजिटल प्रौद्योगिकी और वास्तविक समय की खनन समस्याओं को हल करने के लिए उनका अनुप्रयोग, खनन कार्यों की उत्पादकता, सुरक्षा और स्थिरता, अन्वेषण से लेकर खदान योजना, संचालन प्रणाली, उत्पादन और रखरखाव, समग्र खान प्रबंधन प्रणाली आदि की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी.

उद्घाटन समारोह को आईआईटी आईएसएम के पूर्व निदेशक सह मुख्य अतिथि प्रो राजीव शेखर, निदेशक प्रो जेके पटनायक, उप निदेशक सह टैक्समिन के परियोजना निदेशक प्रो धीरज कुमार और आईआईटी के डीन आरएंडडी प्रो सागर पाल ने संबोधित किया. इस दौरान प्रतिनिधियों को 5 दिनों की कार्यशाला की रूपरेखा बताई गई.

कार्यशाला में सीआईएल की सहायक कंपनियां बीसीसीएल, सीसीएल, एसईसीएल, एनसीएल, डब्ल्यूसीएल समेत अन्य पीएसयू जैसे एमओआईएल, एचसीएल व बीएमएल हिस्सा ले रही हैं. इनके अलावा डब्ल्यूबीपीडीसीएल, अदानी, हिंडाल्को, जिंदल पावर जैसे निजी कंपनियों के अधिकारी भी शामिल हो रहे हैं.

धनबाद के कतरास स्थित कतरी नदी पर बनेगा पुल,खमारगोड़ा के लोगों का कतरास पहुंचना अब होगा आसान

Image 2Image 3

धनबाद,: बाघमारा अंचल के जमुआटांड़ के खमारगोड़ा के लोगों का कतरास पहुंचना अब और आसान हो जाएगा. दोनों के बीच की दूरी भी घट जाएगी. ऐसा कतरास की कतरी नदी पर पुल बनने से होगा.

इसके तैयारी शुरू कर दी गई है.

ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल ने पुल निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार कर लिया है. पुल निर्माण की मांग ग्रामीण लंबे समय से कर रहे थे. पुल बन जाने से आसपास के गावों की पांच हजार से भी अधिक आबादी को लाभ मिलेगा.

3.31 करोड़ की लागत बाघमारा प्रखंड के जमुआटाड़ के खमारगोड़ा में कतरी नदी पर प्रस्तावित पुल की लागत 3.31 करोड़ रुपए होगी. विभाग की ओर से प्राक्कलन तैयार कर लिया गया है. 

गांव वाले लंबे समय से पुल बनाने की मांग कर रहे थे. ग्रामसभा से पुल निर्माण की योजना को पारित किया गया था. इसके बाद इसे जिला स्तर पर प्रशासनिक मंजूरी भी मिल है. ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल ने पुल बनाने के लिए टेंडर जारी किया है. टेंडर की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी.

12 जुलाई से शुरू होगा ऑनलाइन टेंडर 12 जुलाई से ऑनलाइन टेंडर की शुरुआत होगी. इसके लिए पेपर ऑनलाइन जमा करना होगा. 24 जुलाई तक टेंडर भरा जाएगा. 26 जुलाई की पांच बजे शाम तक टेंडर पेपर की राशि तथा अग्रधन की राशि जमा करनी होगी. राशि ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल धनबाद तथा हजारीबाग कार्यालय में जमा की जा सकती है. 

28 जुलाई को टेंडर पेपर खोला जाएगा. एल वन टेंडर डालने वाले को काम मिलेगा और एकरारनामा होने के 18 महीने के अंदर काम पूरा करना होगा. खमारगोड़ा के लोगों को कतरास पहुंचने के लिए अभी पगडंडियों को सहारा लेना पड़ता है.

धनबाद जिले में 12 सेंटरों पर 35 व्यावसायिक कोर्सेस की होगी ऑनलाइन पढ़ाई

Image 2Image 3

धनबाद : युवाओं में ऑनलाइन शिक्षा के प्रति रुझान को देखते धनबाद जिले के प्रज्ञा केंद्रों (कॉमन सर्विस सेंटर) में 35 व्यावसायिक पाठ्यक्रम की पढ़ाई शुरू करने की तैयारी है. इसके लिए जिले में 12 स्टूडेंट रिसोर्स सेंटर का चयन किया जा चुका है.

जल्द ही डीसी के साथ बैठक में एमओयू कर पढ़ाई शुरू की जाएगी. यह जानकारी सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अंजर हुसैन ने सोमवार 1 जुलाई को दी. 

उन्होंने बताया की व्यावसायिक पाठ्यक्रम में जीएसटी ,ऑप्टिकल फाइबर, डिजिटल वैलनेस, डिप्लोमा इन कंप्यूटर, डिप्लोमा इन लाइब्रेरी, मोबाइल रिपेयरिंग, टैली, डिजास्टर मैनेजमेंट आदि शामिल हैं.

डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अंजर हुसैन ने बताया कि सीएससी सेंटर केंद्र सरकार के आईटी विभाग की देख-रेख में संचालित होता है. यहां पढ़ाई से लेकर सर्टिफिकेट देने तक का काम ऑनलाइन ही होता है. सीएससी में 35 रुपया से 2500 रुपया तक के कोर्स अभी उपलब्ध हैं. ये कोर्स 3 से 12 महीने में पूरा कराए जाते हैं. जिले के सभी हाई स्कूल और कॉलेजों में इसकी व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जानी है. इसके जरिए कम खर्च में युवाओं का स्किल डेवलपमेंट किया जा सकता है.

व्यावसायिक कोर्स के लिए युवाओं को प्रज्ञा केंद्र की साइट पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा. इसके बाद लॉग-इन करने पर पाठ्यक्रम से जुड़ी सभी जानकारी मिल जाएगी. कोर्स की फिस का भुगतान एकमुश्त या किस्तों में किया जा सकता है. पढ़ाई पूरी करने के बाद ऑनलाइन परीक्षा होगी. उसके कुछ दिनों बाद सफल अभ्यर्थियों को साइट पर ही सर्टिफिकेट उपलब्ध कराए जाएंगे.

स्टूडेंट्स प्रज्ञा केंद्रों में व्यावसायिक कोर्स के अलावा यूपीएससी, जेपीएससी, एनडीए, एसएससी, बैंक, रेलवे, सीडीएस, इंडियन नेवी, एयरफोर्स, आईबी आदि की परीक्षाओं की तैयारी भी कर सकते हैं. सरकारी वेबसाइट https://digitalseva.csc.gov.in पर जाकर कोर्सेस की जानकारी हासिल की जा सकती है.

विधानसभा प्राक्कलन समिति ने ली योजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी

Image 2Image 3

धनबाद : झारखंड विधानसभा प्राक्कलन समिति के सभापति सह मझगांव के विधायक निराला पूर्ति ने सोमवार 3 जुलाई को सर्किट हाउस में विभागीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की. आरईओ, आरसीडी, पीडब्ल्यूडी, विद्युत आपूर्ति, पीएचईडी, विशेष प्रमंडल, पेयजलापूर्ति सहित अन्य विभागों की योजना से संबंधित प्राक्कलन का अध्ययन किया.

अधिकारियों से कार्य की प्रगति रिपोर्ट के बारे में पूछताछ की. उन्होंने मंगलवार को योजना स्थलों का औचक निरीक्षण करने की बात कही.

बैठक में समिति सदस्य के रूप में खरसावां के विधायक दशरथ गगराई, चंदनकियारी के विधायक अमर कुमार बाउरी, उप विकास आयुक्त शशि प्रकाश सिंह, नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार, जिला योजना पदाधिकारी महेश भगत, डीसीएलआर सतीश चंद्रा, सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा, जिला शिक्षा पदाधिकारी भूतनाथ रजवार, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-एक अमर कुमार पांडेय, जिला खनन पदाधिकारी मिहिर सालकर आदि मौजूद थे.

आईआईटी-आईएसएम में सुख शांति के लिए कराया गया महामृत्यंजय का जाप,देवघर से 15 आचार्यों ने कराया यह अनुष्ठान पूरा


Image 2Image 3

धनबाद : आईआईटी-आईएसएम 

परिसर स्थित शिव मंदिर में तीन दिवसीय यज्ञ का हुआ. तीसरे दिन रविवार को महामृत्युंजय जाप, अखंड रामायण पाठ व शाम में सामूहिक हवन के बाद महाप्रसाद क वितरण किया गया.

आईआईटी-आईएसएम के डिप्टी रजिस्ट्रार सह मंदिर कमिटी के सेक्रेटरी दीपेन पांडेय ने बताया कि यज्ञ की शुरुआत 30 जून को हुई थी. सभी अनुष्ठान देवघर से आए 15 आचार्यों ने पूरे किए. 

इस दौरान सवा लाख महामृत्युंजय जाप कराया गया. अखंड रामायण पाठ व चंडी पाठ भी हुआ. उन्होंने बताया कि कैंपस में सुख-शांति बनी रहे इसी कामना के साथ यज्ञ का आयोजन किया गया. इस दौरान आईआईटी-आईएसएम के निदेशक प्रोफेसर राजीव शेखर व उनकी पत्नी सहित कई कर्मचारी शामिल हुए.

ज्ञान व भक्ति का सर्वश्रेष्ठ साधन है मानव शरीर : माधवजी


Image 2Image 3

धनबाद : चिरकुंडा के राम भरोसा धाम मंदिर की स्थापना की पहली वर्षगांठ पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का 2 जुलाई रविवार को पुष्प की होली, हवन व विशाल भंडारा के साथ समापन हुआ.

अंतिम दिन बच्चों ने राधा-कृष्ण व सुदामा की झांकी प्रस्तुत की. वृंदावन से आये कथावाचक माधवजी महाराज ने अंतिम दिन की कथा में कहा कि सभी कामनाओं का त्याग ही तप है. काम-सुख का विचार तक नहीं रखने वाला सबसे बड़ा तपस्वी है. वासना और स्वभाव को जीतने वाला शौर्य है. ब्रह्म को विचार करना श्रेष्ठ सत्य है और धर्म ही सर्वोत्तम धन है.

कथा को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने बताया कि श्री कृष्ण कहते हैं कि मेरी भक्ति प्राप्त करना ही सर्वोत्तम लाभ है. 

बंधन और मोक्ष के तत्व का ज्ञाता ही पंडित है तथा ग्रंथों में लिखे हुए सिद्धांतों को जीवन में उतारकर भक्तिमय जीवन जीने वाला उत्तम ज्ञानी है. मानव शरीर ज्ञान और भक्ति प्राप्त करने का श्रेष्ठ साधन है. शरीर उत्तम नौका के समान है, सभी फलों का मूल है. यदि इस अमूल्य देह रूपी नौका का सदुपयोग कर भवसागर पार करने का प्रयास नहीं करना आत्मघाती है.आयोजन को सफल बनाने में राम भरोसा धाम मंदिर के प्रधान पुजारी राम रतन पांडे, आचार्य अविनाश पांडे, एकानन्द पांडे, मनोज कुमार पांडे, सत्येंद्र पांडे, पुरुषोत्तम पांडे, शशिभूषण पांडे आदि का योगदान रहा.

वासेपुर के मछली करोवारी और कपड़ा व्यवसायी के घर पर फायरिंग करने वाले प्रिंस खान के चार गुर्गे गिरफ्तार


Image 2Image 3

धनबाद : भूली थाना क्षेत्र के मछली कारोबारी रसीद महाजन और अप्सरा ड्रेसेस के मालिक हाजी मोहम्मद सलीम के घर पर अपराधियों द्वारा गोलीबारी कर दहशत फैलाने वाले मामले का पुलिस ने किया उद्भेदन।

चार आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार। पिस्टल ,चार जिन्दा कारतूस ,बाइक स्कूटी किया जप्त। गिरफ्तार आरोपी गेंगस्टर प्रिंस खान के लिये व्यवसायियों को गोली बारी कर दहशत फैलाने का करते थे काम। एसएसपी ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी।

*पिता को लगा करंट तो जान बचाने दौड़ा बेटा, दोनों की हुई मौत; घर में पसरा मातम*

Image 2Image 3

धनबाद : झारखंड के धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी प्रखंड में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां रामपुर पंचायत के डोरवाडीह गांव में शनिवार की सुबह करीब 11 बजे विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से 80 वर्षीय रसीक रजक व उनके 42 वर्षीय पुत्र कृष्णा रजक की मौत हो गई।

कैसे हुआ हादसा..?

घटना के संबंध में रामकुमार रजक ने बताया कि उसके पिता घर के पीछे स्थित कुएं से स्नान कर लौटे और लोहे के तार पर कपड़ा सुखाने के लिए रखा तो करंट की चपेट में आ गए।

पिता को छटपटाते देख पुत्र कृष्णा रजक ने तार छुड़ाने की कोशिश की तो वह भी करंट की चपेट में आ गया। आनन-फानन में घर के लोगों ने बिजली कनेक्शन काटा तब दोनों तार से अलग हुए।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम

स्वजन दोनों को बेहोशी की हालत में अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन अस्पताल पहुंचने के पहले ही दोनों की मौत हो गई। रसीक रजक रिटायर्ड चौकीदार थे।

कृष्णा रजक बेरोजगार था, घटना की सूचना पाकर विधायक मथुरा प्रसाद महतो व जिप सदस्य जेबा मरांडी घटनास्थल पहुंचीं और स्वजन को सांत्वना दी।

इधर घटना की सूचना पाकर पूर्वी टुंडी पुलिस घटनास्थल पहुंची और छानबीन में जुटी हुई है। ग्रामीणों के समझाने के बाद दोनों शव का पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

परिवार में पसरा मातम

ऐसे में अब एक परिवार में पिता-पुत्र की मौत से गांव में मातम पसर गया है। स्वजन रो-रोकर बेहाल हैं। आसपास के लोग सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

*साइबर ठगों ने ठग लिये 31 हजार, पुलिस ने मामला दर्ज करने से किया इनकार*

Image 2Image 3

धनबाद : भूली ए ब्लॉक निवासी सद्दाम हुसैन से साइबर ठगों ने कस्टमर केयर बनकर 31 हजार 600 रुपये की ठगी कर ली. सद्दाम के मुताबिक़ कुछ दिन पहले उसने "एयरटेल थैंक्स एप" से मोबाइल का रिचार्ज किया था.

रिचार्ज सक्सेसफुल नहीं हुआ, लेकिन उसका पैसा कट गया. वह दो तीन दिनों से लगातार कस्टमर केयर को फोन लगा रहा था और बात भी हुई थी. लेकिन शनिवार 1 जुलाई की सुबह उसके मोबाइल पर एक फोन आया और खुद को कस्टमर केयर बताते हुए उसकी शिकायत दूर करने के लिए निर्देश दिया.

 उसके बताये गए निर्देश को वह स्टेप टू स्टेप फॉलो करता रहा. कॉल काटते ही उसके मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसे पढ़कर उसके होश उड़ गए.

उसके एकाउंट से 31 हजार 600 रुपये कट चुके थे. सद्दाम ने इस डर से उस कस्टमर केयर नंबर पर दोबारा फोन नहीं किया कि कहीं और पैसे न कट जाए. 

सद्दाम इस मामले की शिकायत लेकर भूली ओपी गया. बैंक में मामला साइबर का बताते हुए उसे साइबर थाना जाने के लिए बोला गया. साइबर थाने में जाने पर भी उसे निराशा ही हाथ लगी. उसे कहा गया कि दो लाख से अधिक ठगी होने पर ही यहां मामला दर्ज होगा. इसलिए वह स्थानीय थाने में ही मामला दर्ज कराये.