सांसद जयंत सिन्हा ने झारखण्ड के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन से की मुलाकात
हज़ारीबाग में नॉलज सिटी बनाने समेत अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर हुई चर्चा
रामगढ़: झारखण्ड के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन 13 जून 2023 को हज़ारीबाग पधारे। हज़ारीबाग सांसद सह अध्यक्ष वित्त सम्बन्धी संसदीय स्थायी समिति जयंत सिन्हा ने इस अवसर पर उनसे मुलाकात कर उन्हें हज़ारीबाग की लोक-कला सोहराई की चित्रकला भेंट की।
इस दौरान उन्होंने राज्यपाल महोदय से हज़ारीबाग में नॉलज सिटी बनाने समेत क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों के सम्बन्ध में चर्चा की।
जयंत सिन्हा ने कहा कि झारखण्ड के सबसे बड़े विश्वविद्यालयों में से एक विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग में है। साथ ही यहां संत कोलंबा महाविद्यालय, कृष्ण वल्लभ महिला महाविद्यालय व मार्खम कॉलेज ऑफ कॉमर्स जैसे अन्य प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान भी हैं। यहां शिक्षा का स्तर इतना अच्छा है कि इस प्रमंडल के साथ अन्य जिलों से भी हजारों छात्र-छात्राएं यहां पढ़ने आते हैं।
मेडिकल कॉलेज के निर्माण से हजारीबाग शिक्षा के हब के रूप में उभर रहा है। ताकि इन विद्यार्थियों व उद्यमियों की प्रतिष्ठा को दिशा मिल सके और उन्हें सभी साधन व एक सहायक माहौल दिया जा सके, इसके लिए हजारीबाग में इन्नोवेशन पार्क सह नॉलेज सिटी का निर्माण करना यथोचित होगा। यहां कंपनियों व बीपीओ को लाकर बड़ी संख्या में युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध करवाया जा सकता है। साथ ही इसके माध्यम से युवाओं में कौशल विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
विनोबा भावे विश्वविद्यालय व मेडिकल कॉलेज के मध्य 50 एकड़ की जमीन उपलब्ध है। 2 शिक्षा संस्थानों के बीच इस परियोजना की नींव रखना सबसे उपयुक्त होगा। यह इस प्रकार की झारखंड की पहली परियोजना होगी और अन्य राज्यों के लिए एक मिसाल बनेगी। मैंने विनोबा भावे विश्वविद्यालय व मेडिकल कॉलेज के प्रबंधनों समेत हजारीबाग के स्थानीय हितधारकों से भी इस विषय पर चर्चा की है और सभी में अपार उत्साह है। वे सब पूर्ण सहयोग देना चाहते हैं।
जयंत सिन्हा ने राज्यपाल महोदय से इस महत्वपूर्ण विषय पर विचार कर अपनी स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि यह संस्था शिक्षा के क्षेत्र में अहम भूमिका निभाएगी। हज़ारीबाग लोकसभा में हम विभिन्न माध्यमों से शिक्षकों, विद्यार्थियों व क्षेत्रीय कलाओं की उन्नति हेतु प्रयासरत हैं।
Jun 16 2023, 20:17