Bihar

May 12 2023, 14:09

बड़ी खबर : पटना में गंगा पर बना पीपा पुल दो भाग में हुआ विभाजित, दोनो बड़ी संख्या में फंसे लोग

डेस्क : अभी-अभी बिहार से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां पटना और वैशाली को जोड़ने वाली गंगा पर बना पीपा पुल टूटकर दो भाग में बंट गया है। पुल के खुल जाने के बाद लोगों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा कि, पुल के दोनों तरफ वाहनों के साथ कई लोग फंसे है। 

गौरतलब है कि पटना के बिदुपुर के चकौसन से वैशाली के राघोपुर के पहाड़पुर तक तीन किलोमीटर लंबा पीपा पुल है। जिसका बीच का भाग खुल जाने से लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग पुल के दोनों तरफ फंसे हुए है। पुल के उपर से कोई वाहन मुड़ के वापस भी नहीं आ सकती है।  

हालांकि पुल निगम की ओर से पुल के टूटने की बात से इंकार किया गया है। पुल निगम के अनुसार नाव क्रॉस कराने के लिए पुल को बीच से खोला गया है। 

बताते चलें कि बिना किसी जानकारी दिए अचानक से पुल के खोले जाने से लोग परेशान हो रहे है। एसडीएम ने कहा कि पुल निगम के इस लपारवाही को लेकर जवाब मांग जाएगा।

Bihar

May 12 2023, 10:49

*जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह का केन्द्र पर बड़ा हमला, कहा-दिल्ली में लोकतंत्र खत्म करना चाहती है मोदी सरकार*

डेस्क : जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद ललन सिंह ने दिल्ली सरकार को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लोकतंत्र के हित में बताया। गुरुवार शाम ट्वीट कर कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार दिल्ली में लोकतंत्र समाप्त करना चाहती थी।

ललन सिंह ने कहा कि राजनीति से प्रेरित लेफ्टिनेंट गवर्नर के फैसलों के जरिए भाजपा दिल्ली की जनमत से चुनी हुई सरकार पर हुकुमत कर लोकतंत्र का गला घोंटने पर आमदा थी। इसके विरुद्ध आज माननीय सर्वोच्च न्यायालय के फैसले को प्रणाम है। 

ललन सिंह ने आगे कहा कि देश की आम जनता की तरफ से इस फैसले का जदयू हार्दिक स्वागत करता है। वैसे भाजपा नेताओं के लोकतंत्र विरोधी कारनामों को देश की 143 करोड़ जनता बड़े संवेदनशीलता के साथ देख रही है। वर्ष 2024 में इन्हें सबक सिखाना और भाजपा मुक्त भारत होना तय है।

Bihar

May 12 2023, 10:47

*जमीन, फ्लैट और मकान समेत अन्य के रजिस्ट्रेशन के लिए अब 1 जून से बदलने जा रहा नियम, जानिए पूरा डिटेल*

डेस्क : बिहार में जमीन, फ्लैट, मकान समेत अन्य के निबंधन का प्रावधान 1 जून से बदल जाएगा। अब इनके निबंधन की प्रक्रिया में गवाह की अनिवार्यता समाप्त होने जा रही है। अब दो या चार गवाहों को लाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, न क्रेता को और न ही बिक्रेता को।

इस नए प्रावधान के तहत निबंधन कार्यालय में सिर्फ जमीन या फ्लैट खरीदने और बेचने वाले ही आएंगे। इस नए नियम को बहाल करने को लेकर उत्पाद, मद्य निषेध एवं निबंधन विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। साथ ही संबंधित कंपनी को सॉफ्टवेयर में अहम बदलाव करने को भी कहा है। इसके लिए 1 जून तक की डेटलाइन है। 

इस बदलाव से अब जमीन-फ्लैट के क्रेता या विक्रेता को सिर्फ अपना आधार नंबर देना होगा और इसे बॉयोमेट्रिक प्रणाली के जरिए वैध करना होगा। इसी के जरिए रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी होगी।

Bihar

May 08 2023, 20:02

बिहार के बाहुबली नेता आनंद मोहन की रिहाई के खिलाफ दायर याचिका पर केंद्र सरकार, बिहार सरकार और आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट ने नोटिस भेजकर मांगा जवाब


सुप्रीम कोर्ट ने गोपालगंज के डीएम जी कृष्णैया की हत्या के केस में उम्रकैद की सजा काट रहे बाहुबली नेता आनंद मोहन की रिहाई के खिलाफ दायर याचिका पर केंद्र सरकार, बिहार सरकार और आनंद मोहन को नोटिस जारी किया है। दिवंगत डीएम की पत्नी उमा कृष्णैया ने आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई के नीतीश सरकार के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। सुप्रीम कोर्ट ने याचिका के मद्देनर सरकार और संबंधित पक्षों से उनका जवाब मांगा है।

27 अप्रैल को हुई थी आनंद मोहन की रिहाई

आनंद मोहन की रिहाई बीते महीने 27 अप्रैल को हुई थी। उन्हें तड़के सुबह साढ़े 4 बजे जेल से रिहा किया गया था। आनंद मोहन की रिहाई के लिए नीतीश सरकार ने कारा नियमों में बदलाव किया था। आनंद मोहन के साथ अन्य 26 कैदी भी रिहा हुए थे। नीतीश सरकार के इस फैसले की विपक्ष ने जमकर आलोचना की। और आरोप लगाया कि आनंद मोहन की आड़ में जिन अन्य 26 कैदियों को रिहा किया गया है। वो सभी जंगलराज के पुरोधा हैं। जो आने वाले वक्त में बिहार में गुंडाराज की वापसी कराएंगे। वहीं जी कृष्णैया की पत्नी और बेटी ने भी नीतीश सरकार के इस फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पुर्नविचार करने की गुजारिश की थी। और मामले को सुप्रीम कोर्ट ले जाने की बात कही थी। जिसके बाद उन्होने आनंद मोहन की रिहाई के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। जिस पर आज सुनवाई हुई।

आनंद मोहन पर 1994 में तत्कालीन गोपालगंज के डीएम जी कृष्णैया की हत्या का आरोप था। जिसमें वो दोषी करार दिए गए थे। उन पर कथित तौरसपर भीड़ को उकसाने का आरोप लगा। जिसके बाद उग्र भीड़ ने जी कृष्णैया की हत्या कर दी थी। जी कृष्णैया 1985 बैच के आईएएस अधिकारी थे। और तेलंगाना के महबूबनगर के रहने वाले थे। इस मामले में निचली अदालत ने आनंद मोहन को फांसी की सजा सुनाई थी। लेकिन फिर एक साल बाद 2008 में पटना हाईकोर्ट ने फांसी की सजा को उम्रकैद में तब्दील कर दिया था। जिसके बाद से वो सहरसा जेल में बंद थे। और बीच-बीच में पैरोल पर बाहर आते थे।

बेटे की सगाई में पैरोल पर आए थे बाहर

आनंद मोहन खुद पूर्व सांसद रह चुके हैं, वहीं उनकी पत्नी भी लोकसभा सांसद रह चुकी हैं। उनके बेटे चेतन आनंद शिवहर से आरजेडी विधायक हैं। हाल ही में चेतन आनंद की शादी आरुषि से हुई है। जो पेशे से डॉक्टर हैं। देहरादून में हुई इस हाईप्रोफाइल शादी में कई नामचीन हस्तियां शामिल हुई थीं। आनंद मोहन बेटे की सगाई समारोह में शामिल होने के लिए 15 दिन की पैरोल पर आए थे। और फिर 26 अप्रैल को पैरोल खत्म होने पर सहरसा जेल लौट गए थे। लेकिन फिर 27 अप्रैल को उनकी जेल से रिहाई हो गई थी।

Bihar

May 08 2023, 12:39

बिहार में दो एनएच की 102 किमी लंबी दो लेन बनेगा फोरलेन, केन्द्र सरकार की ओर से टेंडर जारी

डेस्क : बिहार में दो एनएच की 102 किलोमीटर लंबी दो लेन सड़क को फोरलेन का बनाया जाएगा। इनमें एनएच 33 पर 89 किमी और एनएच 22 पर 13 किमी लंबी सड़क शामिल है। इसकी विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) बनाने व निर्माण कार्य शुरू करने के लिए भूमि आदि मामलों का निष्पादन को लेकर एजेंसी चयन के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्रालय ने निविदा जारी कर दी है। दोनों सड़कों के कार्य के लिए एक ही निविदा जारी हुई है।

एनएच 33 पर अरवल से बिहारशरीफ तक 89 किलोमीटर लंबी सड़क फोरलेन बनेगी। एनएच 33 अरवल से शुरू होकर झारखंड होते हुए पश्चिम बंगाल के फरक्का तक जाती है, जिसकी कुल लंबाई 443 किलोमीटर है। यह बिहार में अरवल, जहानाबाद, नालंदा, मुंगेर, लखीसराय और भागलपुर जिला के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए झारखंड में प्रवेश करती है जो आगे पश्चिम बंगाल तक जाती है। 

इस तरह एनएच 33 के 89 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण हो जाने से बिहार के आधा दर्जन जिले समेत झारखंड और पश्चिम बंगाल तक की यात्रा सुगम होगी। बड़ी आबादी को इसका सीधा लाभ मिलेगा। 

वहीं, दूसरी एनएच 22 जो सीतामढ़ी से शुरू होकर मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पटना, पुनपुन, गया, बोधगया और डोभी होते हुए झारखंड की सीमा तक जाती है। गोसाईडीह बिहार-झारखंड सीमा पर स्थित है। इस तरह देखें तो दोनों ही एनएच अंतर्राज्जीय महत्व के हैं।

Bihar

May 08 2023, 09:51

केन्द्र की मोदी सरकार ने जनता से किया एक भी वायदा नही किया पूरा, आज देश में लागू है अघोषित आपातकाल : तेजस्वी यादव

डेस्क : बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने केन्द्र की मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने केन्द्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि केन्द्र सरकार देश की जनता के साथ कई वायदे कर सत्ता पर काबिज हुई थी। लेकिन आजतक एक भी वायदा पूरा नहीं किया। 

तेजस्वी यादव ने कहा कि आज देश में अघोषित आपातकाल लागू है। लोकतंत्र का माखौल उड़ाया जा रहा है। संविधान के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक आदि राज्यों में क्या हुआ, सबने देखा है। कहा कि वर्ष 2022 तक गरीबी मिटाने का वायदा किया गया था। किसानों की आय दोगुनी करने का संकल्प व्यक्त किया गया, सबको पक्का मकान देने का भरोसा दिलाया गया। लोगों को महंगाई कम करने और प्रतिवर्ष 2 करोड़ नौजवानों को सरकारी नौकरी दोने का सपना दिखाया गया। इनमें एक भी वायदा पूरा नहीं हुआ। 

तेजस्वी ने आरोप लगाया कि देश में हालात सुधरने की बजाए और बिगड़ते जा रहे हैं। विपक्ष को जबरन दबाया जा रहा है। उनके वायदों पर सवाल पूछने या विरोध करने पर केन्द्रीय एजेंसियों को विपक्ष के पीछे लगा दिया जाता है। उन्हें हर तरह से परेशान करने की कोशिश की जाती है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हम बिहार में विकास की गति बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं। बिहार में सात दलों का गठबंधन है, अब हम राष्ट्रीय स्तर पर सभी को जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।

Bihar

May 08 2023, 09:35

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह का पीएम मोदी पर बड़ा प्रहार, कहा-मणिपुर जल रहा है और प्रधानमंत्री रोड शो कर रहे हैं

डेस्क : जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने मणिपुर में हुई हिंसा की घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कड़ा प्रहार किया है। ललन सिंह ने अपने सोशल मीडिया पर ट्वीटर पर ट्वीट किया है। जिसमें लिखा है कि मणिपुर जल रहा है और प्रधानमंत्री कर्नाटक में रोड शो कर रहे हैं।

जदयू अध्यक्ष ने आगे लिखा है कि आदरणीय प्रधानमंत्री जी- देश के पूर्वोतर में मणिपुर जल रहा है और आप कर्नाटक के चुनाव में रोड शो कर रहे हैं। वहां धार्मिक उन्माद कैसें फैले और चुनाव में कैसे इसका लाभ मिले, इसमें आप व्यस्त हैं। 

मणिपुर की समस्या के निराकरण की बात तो छोड़ दीजिए, आप संवेदना के दो शब्द भी नहीं बोल रहें हैं। ललन सिंह ने कटाक्ष किया है कि वाह रे देश की सरकार-मणिपुर जल रहा है और प्रधानमंत्री कर्नाटक में बंशी बजा रहे हैं...! 

गौरतलब है कि मणिपुर में बहुसंख्यक मेइती समुदाय द्वारा उसे अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा दिए जाने की मांग के विरोध में ‘ऑल ट्राइबल स्टूडेंट यूनियन मणिपुर’ (एटीएसयूएम) की ओर से बुधवार को आयोजित ‘आदिवासी एकजुटता मार्च’ के दौरान चुराचांदपुर जिले के तोरबंग क्षेत्र में हिंसा भड़क गई थी। इसके बाद पूरे राज्य में हिंसा फैल गई।

Bihar

May 07 2023, 19:30

बड़ी खबर : पटना के बेउर जेल में छापेमारी, कई आपत्तिजनक सामान बरामद, सहायक जेलर को शो-कॉज नोटिस

डेस्क : राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां अतिसंवेदनशील बेउर जेल में आज रविवार को वरीय आरक्षी अधीक्षक राजीव मिश्रा के नेतृत्व में छापेमारी अभियान चलाया गया। जिसमें सदर अनुमंडल पदाधिकारी और फुलवारी शरीफ के पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी विक्रम सिंह भी शामिल थे। 

छापेमारी होते ही जेल के अंदर भगदड़ का माहौल बन गया। छापेमारी के दौरान 45 अधिकारी और 125 कांस्टेबल के साथ बेउर जेल के चप्पे-चप्पे को खंगाला गया। इस छापेमारी दौरान जेल के अंदर से 7 मोबाइल 2 सिम 2 चार्जर 2 डाटा केबल 4 मीटर तीन चाकू बरामद किया गया है। 

आपत्तिजनक सामान बरामद होने के बाद जेल के चीफ हेड वार्डन संतोष कुमार, इंचार्ज हेड वार्डन अजय कुमार और ड्यूटी पर तैनात वार्डन अजय कुमार को फिलहाल सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं जेल के सहायक जिला राजेश कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

Bihar

May 07 2023, 09:51

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बयान पर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किया पलटवार, कहा-पहले समझे देश के हजारों साल का इतिहास

डेस्क : जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कर्नाटक में दिए बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि भारत ने ना कभी किसी देश के सामने घुटना टेका है और ना ही टेकेगा। 

कहा कि जेपी नड्डा का बयान उनके राजनीतिक दिवालिएपन को दर्शाता है। उन्हें भारत के हज्जारों साल के इतिहास को समझना चाहिए।

ललन सिंह ने कहा कि भारत की धरती ने राम को भी जन्म दिया है, भगवान महावीर को भी दिया है और गौतम बुद्ध का संदेश भी यहीं से निकला है। उन्होंने यह भी कहा कि यह वही धरती है, जहां गांधी भी थे, सुभाष चंद्र बोस भी थे, भगत सिंह और चंद्रशेखर भी थे। यहां नेहरू, पटेल जैसे राष्ट्र भक्त भी थे, जिन्होंने आधुनिक भारत की नींव रखी। यहां लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी और अटल बिहारी बाजपेयी जैसे प्रधानमंत्री भी हुए जिन्होंने एक नहीं कई बार पाकिस्तान के दांत खट्टे किए।

Bihar

May 06 2023, 19:32

सेन्ट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया के तत्वावधान पटना में ‘स्टार्ट-अप के लिए आउटरीच कार्यक्रम’ का किया गया आयोजन, प्रदेश के अधिकांश स्टार्ट-अप प्रमुख रहे मौजूद


डेस्क : आज शुक्रवार 6 मई को सेन्ट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया के तत्वावधान में भारत सरकार एवं आईबीए के दिशा निर्देशों के तहत पटना में ‘स्टार्ट-अप के लिए आउटरीच कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में बिहार के अधिकांश स्टार्ट-अप के प्रमुख, एमएसएमई के निदेशक तथा खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के सीईओ, विभिन्न बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों के प्रमुखों एवं सीआईएमपी, बीआईए, बिहार चेंबर ऑफ़ कॉमर्स तथा अन्य औद्योगिक एवं संस्थाओं के प्रमुख उपस्थित रहें. 

इस कार्यक्रम का उद्देश्य, बिहार के स्टार्ट-अप्स को वित्तीय एवं बैंकिंग क्षेत्र से उपलब्ध की जाने वाली सहायता पर परिचर्चा करना था, साथ ही, स्टार्ट-अप्स के समक्ष आने वाली चुनौतियों के निराकरण में बैंक किस प्रकार अपनी भूमिका निभा सकते हैं, इस सम्बन्ध में सभी स्टार्ट-अप्स से सुझाव भी प्राप्त किये गए.

गौरतलब है कि स्टार्टअप इंडिया के तहत, भारत सरकार ने बहुत से योजनाएं शुरू की हैं जैसे स्टार्टअप लोन, स्टार्टअप क्रेडिट गारंटी, एंजेल फंड, वेंचर कैपिटलएवं स्टार्टअप फंड ऑफ फंड्स जैसी योजनाएं। इन योजनाओं के माध्यम से, भारत के स्टार्टअपों को अधिक से अधिक वित्तीय संसाधन प्रदान किए जा रहे हैं.

इस मौके पर सेन्ट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया के अंचल प्रमुख, श्री डी.पी, खुराना ने कहा कि,भारत युवाओं का देश है। यहां की 70% आबादी युवा है। युवा में जोश होता है, उत्साह होता है। किसी काम को करने का जुनून होता है। इसीलिए स्टार्टअप इंडिया भारत की अर्थव्यवस्था में तेजी से विकास करने में महत्वपूर्ण साबित हो रही है, इसी उद्देश्य के साथ साल 16 जनवरी 2016 को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने भारत में स्टार्टअप इंडिया योजना का शुभारंभ किया, जिसका उद्देश्य युवाओं को सफल उद्यमी बनने के लिए प्रेरित करना था।

कहा कि सेन्ट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया में स्टार्ट-अप्स के लिए नयी योजनायें हैं, जिसके तहत उन्हें आसानी से ऋण उपलब्ध कराया जाता है तथा उनको बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं. आज के इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नई सोच के साथ- नई उमंग के साथ स्टार्ट-अप्स शुरू करने वाले उद्यमियों के विचारों को जानना था, उनके बेहतर सुझावों को जानना था, जिसमें बैंक किस प्रकार से उनको और बेहतर सेवाएं दे सकता है.

वहीं इस अवसर पर, सेन्ट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया के क्षेत्रीय प्रमुख, श्री आर.आर. सिन्हा ने कहा कि, सेन्ट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया स्वदेशी आन्दोलन से शुरू हुआ एक बैंक है, जिसे 30वर्ष के एक युवा ‘सर सोराबजी पोचखानावाला ने 21 दिसम्बर 1911 को 50 लाख रुपये की प्रारम्भिक पूँजी से सेन्ट्रल बैंक ऑफ इण्डिया की स्थापना की. हमारा देश नयी सोच का देश रहा है, सेन्ट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया भी एक नई सोच का ही परिणाम है, और हम पूरी तरह देश के विकास में कंधे से कंधा मिलकर काम कर रहे हैं. आज सभी बैंक एवं वित्तीय संस्थाओं तथा स्टार्ट-अप्स के इस महासमर का निश्चित रूप से लाभ मिलेगा और स्टार्ट-अप्स और बेहतर अवसर मिलेगा.

इस अवसर पर निदेशक, एमएसएमई, श्री प्रदीप कुमार, सीईओ, खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग, श्री दिलीप कुमार सिंह,निदेशक, सीआईएमपी, प्रोफ़ेसर राणा सिंह, अध्यक्ष, बीआईए, श्री अरुण अग्रवाल, अध्यक्ष, बिहार चेंबर ऑफ़ कॉमर्स, श्री पी के अग्रवाल, सीजीएम, नाबार्ड, श्री सुनील कुमार, सीईओ, सीआईएमपी, श्री कुमोद कुमार, एसएलबीसी, सहयक महाप्रबंधक, श्री एस.पी. झा एवं स्टार्ट-अप्स , उपस्थित थे.