राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए पीआरवी वाहन रवाना

- जनपद न्यायाधीश ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, 12 सितंबर को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत
लखनऊ। राष्ट्रीय लोक अदालत एवं राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान 3.0 के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ की ओर से पीआरवी वाहन रवाना किया गया। जनपद न्यायालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ मलखान सिंह ने पीआरवी वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली, मीडियेशन एवं कंसीलियेशन प्रोजेक्ट कमेटी, सर्वोच्च न्यायालय तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार 12 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय लोक अदालत जनपद न्यायालय लखनऊ के साथ-साथ पारिवारिक न्यायालय, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, भूमि अर्जन पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन प्राधिकरण, उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग, स्थायी लोक अदालत, श्रम न्यायालय, वाणिज्यिक न्यायालय, कलेक्ट्रेट एवं जनपद की सभी तहसीलों में आयोजित होगी।
इसके साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के तत्वावधान में राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान 3.0 का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। यह अभियान 1 अगस्त से 30 दिसंबर 2026 तक चलेगा। अभियान का उद्देश्य पक्षकारों के बीच आपसी संवाद, सुलह और समझौते के माध्यम से विवादों का शीघ्र एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कुँवर मित्रेश सिंह कुशवाहा ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत और मध्यस्थता अभियान 3.0 के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से पीआरवी वाहन को रवाना किया गया है। यह वाहन लखनऊ की विभिन्न तहसीलों, ब्लॉकों तथा दूर-दराज के क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत और मध्यस्थता के माध्यम से विवादों के समाधान के संबंध में जानकारी देगा।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से लंबित मामलों का आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया जा सकता है। वहीं मध्यस्थता अभियान 3.0 के जरिए पक्षकार आपसी संवाद के माध्यम से विवादों का समाधान प्राप्त कर सकते हैं, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है।
कार्यक्रम में अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान 3.0 अभिनय कुमार मिश्रा, सिविल जज (सी0डि0)/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुँवर मित्रेश सिंह कुशवाहा, पुलिस उपायुक्त एवं नोडल अधिकारी किरन यादव सहित न्यायिक अधिकारीगण, कर्मचारीगण, पराविधिक स्वयंसेवक, पैनल अधिवक्ता तथा डिफेन्स काउन्सिल के अधिवक्ता उपस्थित रहे।
जनपद न्यायाधीश मलखान सिंह ने लखनऊ के सभी नागरिकों, अधिवक्ताओं एवं समाजसेवियों से अपील की कि वे 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत एवं राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान 3.0 का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि पुराने मुकदमों और लंबे समय से चल रहे अदालती विवादों को आपसी सुलह एवं समझौते के माध्यम से समाप्त करने का यह महत्वपूर्ण अवसर है।


Sep 07 2026, 19:30
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.9k