/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png StreetBuzz सखिया पंचायत में रास्ते को लेकर विवाद, मुन्ना सिंह ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा Pintu Kumar
सखिया पंचायत में रास्ते को लेकर विवाद, मुन्ना सिंह ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

हजारीबाग। सदर प्रखंड अंतर्गत सखिया पंचायत में रास्ते को लेकर उत्पन्न विवाद की जानकारी मिलने पर मुन्ना सिंह ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले का जायजा लिया। इस दौरान सदर अंचल अधिकारी श्री आशुतोष कुमार भी स्थल पर मौजूद रहे।

स्थल निरीक्षण के दौरान अमीन द्वारा संबंधित जमीन की स्थिति की जांच की गई। जांच में उक्त भूमि आम गैरमजरुआ पाई गई। मौके पर मुन्ना सिंह ने विवाद से जुड़े सभी पक्षों की बातों को गंभीरता से सुना और मामले की वास्तविक स्थिति को समझने का प्रयास किया।

मुन्ना सिंह ने कहा कि ग्रामीणों के आवागमन से जुड़ा मामला महत्वपूर्ण है। ऐसे मामलों का समाधान आपसी संवाद, सहमति और प्रशासनिक प्रक्रिया के माध्यम से किया जाना चाहिए, ताकि किसी भी ग्रामीण को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने प्रशासन से नियमानुसार उचित प्रक्रिया अपनाते हुए मामले का जल्द समाधान निकालने का आग्रह किया।

मौके पर मुखिया इम्तियाज, जोहरा खातून, सलीका खातून, बेनेदीता तिर्की, शकुंतला देवी, सलेहा खातून, बिरसा मुंडा, बिमल सर सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।

मुन्ना सिंह ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। जनहित से जुड़े मामलों में प्रशासन और ग्रामीणों के बीच समन्वय स्थापित कर उचित समाधान की दिशा में पहल जारी रहेगी।

सी-आर्म मशीन में तकनीकी खराबी से ऑर्थोपेडिक सर्जरी प्रभावित, मरीजों को करना पड़ रहा इंतजार

हजारीबाग। शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ऑर्थोपेडिक विभाग में इस्तेमाल होने वाली सी-आर्म मशीन में तकनीकी खराबी आने के कारण कुछ ऑर्थोपेडिक सर्जरी फिलहाल प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। इसके कारण ऑर्थो वार्ड में भर्ती कई मरीजों को ऑपरेशन के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। इनमें कुछ मरीज पिछले कई दिनों से अस्पताल में भर्ती बताए जा रहे हैं।

इलाज से जुड़े चिकित्सकों के अनुसार, कुछ प्रकार की ऑर्थोपेडिक सर्जरी में सी-आर्म मशीन की आवश्यकता होती है। मशीन के उपलब्ध नहीं रहने की स्थिति में संबंधित प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने में कठिनाई हो सकती है। इससे मरीजों को अस्पताल में अपेक्षाकृत अधिक समय तक रहना पड़ सकता है।

मेडिकल कॉलेज अस्पताल के दूसरे तल्ले पर ऑर्थोपेडिक मेल और फीमेल वार्ड संचालित है। यहां तीन ब्लॉक में करीब 45 बेड उपलब्ध होने की जानकारी है। ऑर्थोपेडिक मरीजों का दबाव बना रहने के कारण कई बार बेड की उपलब्धता को लेकर भी स्थिति चुनौतीपूर्ण हो जाती है। ऐसे में सर्जरी प्रभावित होने से मरीजों और उनके परिजनों की परेशानी बढ़ सकती है।

मरीजों से जुड़ी समस्या की जानकारी मिलने के बाद हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने अपने सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी को मामले की जानकारी लेकर अस्पताल प्रबंधन से बात करने का निर्देश दिया।

सांसद के निर्देश पर रंजन चौधरी ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजकिशोर से बातचीत कर सी-आर्म मशीन को जल्द दुरुस्त कराने का आग्रह किया। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को भी मामले की जानकारी देते हुए मशीन की मरम्मत के लिए आवश्यक पहल का अनुरोध किया।

उपाधीक्षक डॉ. राजकिशोर के अनुसार, सी-आर्म मशीन में तकनीकी खराबी आई है और इसे ठीक कराने की दिशा में जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

अस्पताल में डीएमएफटी मद से मॉड्यूलर ऑर्थोपेडिक ओटी भी तैयार किया गया है। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार वहां सी-आर्म मशीन की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में अस्पताल में मौजूद सी-आर्म मशीन का सुचारु रूप से काम करना ऑर्थोपेडिक सर्जरी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

रंजन चौधरी ने कहा कि इससे पहले भी मशीन में तकनीकी समस्या आने की जानकारी सामने आई थी और उस समय संबंधित स्तर पर पहल के बाद मशीन को दुरुस्त कराया गया था। उन्होंने कहा कि भविष्य में मरीजों को इस तरह की परेशानी से बचाने के लिए अस्पताल में अतिरिक्त सी-आर्म मशीन की व्यवस्था पर भी विचार किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि फिलहाल चोटिल होने के कारण वह बेड रेस्ट पर हैं, लेकिन मरीजों से जुड़े आवश्यक मुद्दों को लेकर सांसद के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों और अस्पताल प्रबंधन से संपर्क कर रहे हैं।

रंजन चौधरी ने अस्पताल प्रबंधन और जिला प्रशासन से सी-आर्म मशीन को जल्द दुरुस्त कराने तथा भविष्य में वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध रखने की मांग की, ताकि तकनीकी खराबी की स्थिति में मरीजों की सर्जरी प्रभावित न हो।

बड़ा बाजार दुर्गा पूजा महासमिति ने शुरू की दुर्गोत्सव की तैयारी, वैदिक विधि-विधान से हुआ काठ पूजन

हजारीबाग। शहर में मां दुर्गा की आराधना को लेकर भक्तिमय माहौल बनने लगा है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के साथ ही दुर्गा पूजा की तैयारियों ने भी जोर पकड़ लिया है। इसी क्रम में बड़ा बाजार दुर्गा पूजा महासमिति द्वारा एक नंबर थाना स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण में पारंपरिक रीति-रिवाज एवं वैदिक विधि-विधान के साथ काठ पूजा संपन्न की गई।

इस वर्ष महासमिति अपनी 26वीं वर्षगांठ मना रही है। इसे लेकर दुर्गा पूजा आयोजन को विशेष और भव्य स्वरूप देने की तैयारी शुरू कर दी गई है। काठ पूजा के अवसर पर पुजारी अनूप पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई। दिलीप सोनी, आशुतोष चौधरी सहित कई लोग यजमान के रूप में शामिल हुए।

मान्यता के अनुसार काठ पूजा के साथ ही मां दुर्गा की प्रतिमा निर्माण की प्रक्रिया का शुभारंभ होता है। इस दौरान प्रतिमा निर्माण में उपयोग होने वाली लकड़ी का विधिवत पूजन, शुद्धिकरण एवं पवित्रीकरण किया जाता है।

महासमिति के अध्यक्ष प्रमोद यादव ने कहा कि काठ पूजा के साथ ही मां दुर्गा के भव्य आगमन की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ हो गया है। महासमिति की 26वीं वर्षगांठ इस बार विशेष उत्साह के साथ मनाई जा रही है। प्रयास है कि दुर्गा पूजा धार्मिक आस्था, सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक परंपरा का शानदार संगम बने।

महासमिति के सचिव दीप नारायण निषाद ने कहा कि काठ पूजा वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी पवित्र काठ में मां दुर्गा का स्वरूप विराजमान होगा और आगामी दुर्गोत्सव में शहरवासी पूरे भक्तिभाव के साथ मां की आराधना करेंगे। उन्होंने कहा कि इस वर्ष महासमिति की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर पूजा को और अधिक भव्य एवं व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने मां दुर्गा से पूरे शहरवासियों पर अपना आशीर्वाद बनाए रखने तथा दुर्गोत्सव सभी के लिए सुख, शांति और समृद्धि लेकर आने की कामना की।

काठ पूजा के साथ ही बड़ा बाजार दुर्गा पूजा महासमिति के 26वें दुर्गोत्सव को लेकर तैयारियों का सिलसिला शुरू हो गया है। मौके पर सचिव दीप नारायण निषाद, दिलीप जायसवाल, ओम प्रकाश गुप्ता, बालगोविंद निषाद, लक्ष्मण निषाद, गुड्डन सोनकर, संजय यादव, तरुण गुप्ता, रितेश खंडेलवाल, उपेन्द्र सिन्हा, अभय निषाद, यश राज, आदित्य कुमार, अरुण कुमार, राजकुमार सोनी सहित कई लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री पशुधन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर उपायुक्त हेमन्त सती ने दिए निर्देश

हजारीबाग, 02 सितंबर: उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में पशुपालन विभाग एवं गव्य विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री पशुधन योजना की अद्यतन स्थिति सहित विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री पशुधन योजना के बेहतर एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गंभीर है। यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों के पशुपालकों की आजीविका को सुदृढ़ करने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और पात्रता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।

उन्होंने कुक्कुट पालन, ब्रॉयलर-लेयर, सुकर पालन, बत्तख पालन, गाय पालन सहित पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं के लिए लाभुकों का चयन प्रखंड स्तरीय समिति के माध्यम से सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना का लाभ केवल योग्य एवं पात्र लाभुकों को ही मिले और चयन प्रक्रिया की गंभीरता से निगरानी की जाए।

उपायुक्त ने कहा कि ऐसे लाभुकों को प्राथमिकता दी जाए, जो योजना के तहत पशुपालन के लिए स्वयं इच्छुक हों और प्राप्त परिसंपत्ति का बेहतर उपयोग कर सकें। उन्होंने लाभुकों का उचित सत्यापन करते हुए यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक एवं जरूरतमंद पशुपालकों तक पहुंचे।

बैठक के दौरान विभिन्न योजनाओं की प्रगति, लाभुकों के चयन एवं क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।

इसके अलावा उन्होंने पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं तथा मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से पशु चिकित्सा सेवा के लिए टोल फ्री नंबर 1962 का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक पशुपालक इस सुविधा का लाभ उठा सकें। ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं और पशु चिकित्सा सेवाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर जागरूकता गतिविधियां संचालित करने को भी कहा।

बैठक में पशुपालन पदाधिकारी अरुण प्रताप सिंह, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी, संबंधित विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

ट्रॉमा सेंटर में स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग

हजारीबाग के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के इमरजेंसी सेंटर (ट्रॉमा) में प्रतिदिन दर्जनों सड़क दुर्घटना, चोट और गंभीर अवस्था में मरीज पहुंचते हैं। ऐसे मरीजों के प्राथमिक उपचार एवं ड्रेसिंग के दौरान जहां मरीजों को बेहतर और सुरक्षित चिकित्सा सुविधा मिलना जरूरी है, वहीं उनके उपचार में लगे ड्रेसर और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

इसी को लेकर हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल के लोकसभा क्षेत्र के सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने अस्पताल प्रबंधन से ट्रॉमा सेंटर में कार्यरत ड्रेसर एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने कहा कि ट्रॉमा सेंटर में कई बार ऐसे मरीज आते हैं जिनके घाव से अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा होता है। मरीज की बीमारी या संक्रमण की स्थिति तत्काल स्पष्ट नहीं होती। ऐसे में ड्रेसिंग के दौरान स्वास्थ्यकर्मी सीधे रक्त और शरीर के अन्य द्रव्यों के संपर्क में आ सकते हैं। इससे एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी सहित अन्य रक्तजनित संक्रमणों का खतरा बना रहता है।

रंजन चौधरी ने मांग की कि ट्रॉमा सेंटर में ड्रेसर के लिए डिस्पोजेबल ग्लव्स, स्टेराइल ग्लव्स, मास्क, गाउन/एप्रन, आई प्रोटेक्शन या फेस शील्ड सहित आवश्यक व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण पर्याप्त मात्रा में हमेशा उपलब्ध रहें। साथ ही इस्तेमाल की गई सुई एवं अन्य धारदार मेडिकल सामग्री के सुरक्षित निस्तारण के लिए निर्धारित शार्प्स कंटेनर की भी पर्याप्त व्यवस्था हो।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक मरीज की ड्रेसिंग में संक्रमण नियंत्रण के मानकों का पालन किया जाना चाहिए तथा उपकरणों की उचित सफाई, डिसइंफेक्शन और आवश्यकता के अनुसार स्टरलाइजेशन सुनिश्चित होना चाहिए। ड्रेसर एवं ट्रॉमा सेंटर के कर्मचारियों को स्टैण्डर्ड प्रिकॉशन और नीडल स्टिक इंजरी से बचाव के संबंध में नियमित प्रशिक्षण भी दिया जाना चाहिए।

रंजन चौधरी ने विशेष रूप से हैपेटाइटिस-बी के टीकाकरण की व्यवस्था स्वास्थ्यकर्मियों के लिए सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मरीज की जान बचाने के लिए दिन-रात सेवा देने वाले स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी अस्पताल प्रशासन की है।

हजारीबाग में आयुक्त के सचिव बासुदेव प्रसाद को सेवानिवृत्ति पर दी गई भावभीनी विदाई

हजारीबाग: उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल कार्यालय में कार्यरत आयुक्त के सचिव एवं झारखंड प्रशासनिक सेवा के पदाधिकारी बासुदेव प्रसाद आज 26 वर्षों की दीर्घ प्रशासनिक सेवा के बाद सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय सभागार में सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रमंडलीय आयुक्त ने बासुदेव प्रसाद के 26 वर्षों के सेवाकाल को अनुभवों से समृद्ध बताया। उन्होंने उनके सुखद, शांतिपूर्ण एवं स्वस्थ सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।

26 वर्षों के अनुभव साझा किए

विदाई संबोधन में बासुदेव प्रसाद ने अपने सेवाकाल के खट्टे-मीठे अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक सेवा के दौरान उन्होंने करीब 10 प्रखंडों और राज्य के 09 अलग-अलग जिलों में विभिन्न पदों पर कार्य किया। प्रमंडल कार्यालय में सेवा के अंतिम चरण के अनुभव को उन्होंने बेहद समृद्ध बताया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समयबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।

अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मान

कार्यक्रम के अंत में प्रमंडलीय आयुक्त एवं वरीय पदाधिकारियों ने बासुदेव प्रसाद को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। मौके पर क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के निदेशक, समाज कल्याण निदेशक, प्रमंडल कार्यालय के पदाधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

बाबा श्याम की भक्ति में डूबा हजारीबाग, भव्यता के साथ संपन्न हुआ पंचम श्री श्याम मनुहार महोत्सव

हजारीबाग। बाबा श्याम की भक्ति, आस्था और मधुर भजनों से रविवार को पूरा हजारीबाग भक्तिमय हो उठा। श्री श्याम अरदास कीर्तन परिवार की ओर से अग्रसेन भवन में आयोजित पंचम श्री श्याम मनुहार महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। हजारीबाग सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्याम भक्त बाबा के दर्शन और भक्ति रस में शामिल होने अग्रसेन भवन पहुंचे।

शाम होते-होते आयोजन स्थल श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया। पूरे परिसर में लगातार ‘जय श्री श्याम’ और ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ के जयकारे गूंजते रहे। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और बाबा के दरबार में पहुंचने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा।

महोत्सव का मुख्य आकर्षण गौ लीला पर आधारित बाबा श्याम का भव्य एवं दिव्य दरबार रहा। कोलकाता के कारीगरों द्वारा विशेष रूप से तैयार किए गए दरबार में गौ माता, गोपालन और भगवान श्रीकृष्ण की गौ लीला के भाव को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया गया। आकर्षक सजावट, मनमोहक रोशनी और भव्य श्रृंगार के बीच बाबा श्याम का अलौकिक स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

महोत्सव का शुभारंभ दोपहर करीब 2:15 बजे राणी सती मंदिर के प्रधान पुजारी शशिकांत मिश्रा द्वारा विधि-विधान से बाबा श्याम की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। यजमान स्वरूप सौरभ रामरायका एवं उनकी धर्मपत्नी निहारिका रामरायका ने बाबा श्याम की पूजा-अर्चना की। इसके बाद अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई। ज्योत के दर्शन और बाबा का आशीर्वाद लेने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती गई।

शाम करीब 6:30 बजे भजन संध्या का शुभारंभ हुआ। जयपुर के अभिषेक नामा, कटिहार के आदर्श दाधीच एवं जयपुर के दीपांशु अग्रवाल ने अपनी मधुर आवाज और भावपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। ‘फागुन आयो बाबा के दरबार चला’ और ‘श्याम घर आओ’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु जमकर झूमे। भजनों की धुन के साथ पूरा अग्रसेन भवन तालियों, जयकारों और भक्तिमय संगीत से गूंज उठा।

भजन कलाकारों ने आयोजन की व्यवस्थाओं की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न स्थानों पर भजन प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है, लेकिन श्रद्धालुओं की सुविधा, बैठने की व्यवस्था और आयोजन के सुव्यवस्थित संचालन की व्यवस्था यहां विशेष रूप से देखने को मिली। आयोजक मंडली की ओर से महिलाओं के लिए भी विशेष बैठने की व्यवस्था की गई थी।

महोत्सव के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। व्यवस्था से जुड़े सदस्य लगातार सक्रिय रहे, ताकि दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उप निर्वाचन पदाधिकारी वेदवंती देवी, विधायक प्रदीप प्रसाद के सुपुत्र सहित कई गणमान्य लोगों ने भी बाबा श्याम के दरबार में पहुंचकर ज्योत के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की।

इस वर्ष महोत्सव में श्री श्याम अरदास कीर्तन परिवार, रामगढ़ कैंट का विशेष सहयोग रहा। वहीं श्री श्याम परिवार तुलसीधाम, कोलकाता का पावन आशीर्वाद भी आयोजन को प्राप्त हुआ।

आयोजन को सफल बनाने के लिए श्री श्याम अरदास कीर्तन परिवार की ओर से करीब चार महीनों से तैयारियां की जा रही थीं। दरबार की सजावट, श्रद्धालुओं के बैठने, सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, भजन कलाकारों की प्रस्तुति सहित तमाम व्यवस्थाओं को लेकर आयोजन मंडली लगातार जुटी रही।

देर रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच आरती के साथ पंचम श्री श्याम मनुहार महोत्सव का भव्य समापन हुआ। आरती के दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने एक साथ हिस्सा लिया और पूरा अग्रसेन भवन एक बार फिर ‘जय श्री श्याम’ के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा।

आयोजक मंडली ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों, कलाकारों, प्रशासन, सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े लोगों और श्याम भक्तों के प्रति आभार व्यक्त किया। महोत्सव का समापन भले ही हो गया, लेकिन बाबा श्याम की भक्ति में डूबे श्रद्धालुओं के चेहरों पर खुशी और आस्था की चमक देर रात तक साफ दिखाई देती रही।

हजारीबाग पुलिस के क्रिकेट मुकाबले में बड़कागांव टीम का दबदबा, 33 रन से दर्ज की शानदार जीत

हजारीबाग। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ अभियान के तहत हजारीबाग पुलिस के वरीय पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों के बीच रविवार को न्यू संत कोलंबस कॉलेज ग्राउंड में टेनिस बॉल क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग के निर्देश पर आयोजित इस मुकाबले में अपर पुलिस अधीक्षक हजारीबाग और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव की कप्तानी में दो टीमों ने हिस्सा लिया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 147 रन बनाए। इकरामुल ने 13 गेंदों में 35 रन, पवन सिंह ने 12 गेंदों में 24 रन और संजीव ने 22 रन बनाए। वहीं, गेंदबाजी में जीतेन्द्र विश्वकर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 ओवर में महज 13 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।

148 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अपर पुलिस अधीक्षक हजारीबाग की टीम निर्धारित 15 ओवर में 9 विकेट खोकर 114 रन ही बना सकी। टीम की ओर से आशुतोष ने 47 रन, जीतू ने 23 रन और कप्तान अमित कुमार ने नाबाद 11 रन बनाए। बड़कागांव टीम की ओर से पवन सिंह, राजीव और अरुण ने 2-2 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा।

इस तरह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव की टीम ने 33 रनों के शानदार अंतर से मुकाबला जीतकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। मैच के दौरान बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

मैच के सफल आयोजन एवं संचालन में हजारीबाग जिला क्रिकेट एसोसिएशन का महत्वपूर्ण एवं सराहनीय योगदान रहा। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस मुकाबले ने पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के बीच खेल भावना, आपसी समन्वय और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

आदिवासी एकता महाजुटान में हजारीबाग से 10 हजार से अधिक लोग शामिल

हजारीबाग- प्रस्तावित परिसीमन, राजनीतिक प्रतिनिधित्व, संवैधानिक अधिकारों तथा जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा को लेकर रविवार को रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित आदिवासी एकता महाजुटान रैली में हजारीबाग से 10 हजार से अधिक आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए। महाजुटान के प्रवक्ता विक्की कुमार धान के नेतृत्व में जिले के 16 प्रखंडों से महिला, युवा और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग रांची पहुंचे। महाजुटान को संबोधित करते हुए विक्की कुमार धान ने कहा कि आदिवासी समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को प्रभावित करने वाले किसी भी परिसीमन को स्वीकार नहीं किया जाएगा। परिसीमन के नाम पर आदिवासी समाज की आरक्षित सीटों और राजनीतिक हिस्सेदारी को कम करने का प्रयास हुआ तो उसका लोकतांत्रिक तरीके से पुरजोर विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हजारीबाग से 10 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि आदिवासी समाज अपने अधिकारों और राजनीतिक भविष्य को लेकर पूरी तरह सजग और एकजुट है। उन्होंने कहा कि परिसीमन केवल निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन का विषय नहीं, बल्कि झारखंड में आदिवासी समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व, संवैधानिक अधिकारों और भविष्य से जुड़ा गंभीर सवाल है। आदिवासी समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी कम करने के बजाय उसे मजबूत करने की आवश्यकता है। जल-जंगल-जमीन आदिवासी समाज की पहचान, संस्कृति और अस्तित्व का आधार है। आदिवासी जमीन की सुरक्षा, पांचवीं अनुसूची क्षेत्रों में ग्रामसभा के अधिकारों को मजबूत करने, पेसा कानून का प्रभावी क्रियान्वयन, राजनीतिक प्रतिनिधित्व को मजबूत करने, स्थानीय एवं नियोजन नीति लागू करने, लैंड बैंक एवं लैंड पूल को समाप्त करने तथा विस्थापन और पलायन पर रोक समेत 10 प्रमुख मांगों को लेकर महाजुटान आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह महाजुटान किसी एक व्यक्ति या संगठन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के अधिकार, सम्मान, राजनीतिक भागीदारी और भविष्य की रक्षा की सामूहिक आवाज है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आदिवासी समाज के हितों के साथ कोई समझौता नहीं होगा और जब तक राजनीतिक प्रतिनिधित्व तथा संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती, तब तक लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा।वहीं संयोजक विजय सिंह भोक्ता ने कहा कि आदिवासी समाज की जमीन उसकी पहचान, संस्कृति और अस्तित्व से जुड़ी है। आदिवासी जमीन की सुरक्षा से जुड़े कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू करने के साथ पांचवीं अनुसूची क्षेत्रों में ग्रामसभा के अधिकारों को मजबूत करना और पेसा कानून को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करना जरूरी है।

हजारीबाग खेल महोत्सव के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

हजारीबाग। मेजर ध्यानचंद खेल दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय प्रमंडलीय हजारीबाग खेल महोत्सव-2026 के दूसरे दिन विभिन्न खेल मैदानों पर खिलाड़ियों का जोश और उत्साह देखते ही बना। प्रमंडल के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। दूसरे दिन विभिन्न खेल स्पर्धाओं के साथ महिला फुटबॉल का फाइनल मुकाबला मुख्य आकर्षण रहा।

दूसरे दिन के आयोजन में मुख्य अतिथि हजारीबाग जिला परिषद अध्यक्ष उमेश मेहता तथा विशिष्ट अतिथि जेल अधीक्षक सीपी सुमन एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय समिति सदस्य सुनील शर्मा शामिल हुए। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

महिला फुटबॉल में हजारीबाग चैंपियन

महिला फुटबॉल का फाइनल मुकाबला हजारीबाग और रामगढ़ के बीच खेला गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद फुटबॉल को किक मारकर मुकाबले का शुभारंभ किया। दोनों टीमों के बीच कड़ा और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। निर्धारित खेल के बाद फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ, जिसमें हजारीबाग की टीम ने रामगढ़ को 3-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।

एथलेटिक्स में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

दूसरे दिन आयोजित एथलेटिक्स स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। 400 मीटर पुरुष वर्ग में मनीष बेदिया प्रथम, रितेश कुमार द्वितीय और महवीश रजा तृतीय रहे। 100 मीटर महिला वर्ग में पृथ्वी उरांव ने प्रथम, सपना कुमारी ने द्वितीय और अनीश कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

200 मीटर पुरुष वर्ग में अरशनान अली प्रथम, करण लकड़ा द्वितीय तथा विवेक कुमार वर्मा तृतीय रहे। 200 मीटर महिला वर्ग में सपना कुमारी प्रथम, अनीशा कुमारी द्वितीय और पलक कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।

1500 मीटर महिला वर्ग में अनिशा कुमारी ने प्रथम, जैकलिन खेस ने द्वितीय और रूबी कुमारी ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं 1500 मीटर पुरुष वर्ग में अजीत कुमार प्रथम, प्रदीप कुमार द्वितीय तथा लव रविदास तृतीय रहे।

उत्कृष्ट खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने पुरस्कार और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। अतिथियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का बेहतर माध्यम हैं। खेल महोत्सव युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

पुरुष फुटबॉल फाइनल पर टिकी निगाहें

खेल महोत्सव के अंतिम दिन पुरुष फुटबॉल वर्ग का फाइनल मुकाबला हजारीबाग और रामगढ़ के बीच खेला जाएगा। महिला वर्ग के रोमांचक फाइनल के बाद अब पुरुष वर्ग के खिताबी मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है। दोनों टीमें खिताब के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने मैदान में उतरेंगी।

खेल प्रतिभाओं को मंच देने की पहल

जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष हर्ष अजमेरा एवं हजारीबाग के महापौर अरविंद कुमार राणा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की। उन्होंने कहा कि प्रमंडलीय खेल महोत्सव का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएं आयोजित करना नहीं, बल्कि हजारीबाग प्रमंडल की खेल प्रतिभाओं को मजबूत मंच उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिलता है और भविष्य के लिए बेहतर खिलाड़ी तैयार होते हैं। दूसरे दिन के आयोजन ने यह संदेश दिया कि हजारीबाग और पूरे प्रमंडल में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है खिलाड़ियों को निरंतर अवसर, उचित प्रशिक्षण और बेहतर मंच उपलब्ध कराने की।

कार्यक्रम में जिला खेल पदाधिकारी सह पर्यटन पदाधिकारी कैलाश राम, वार्ड पार्षद विकास यादव, डॉ. राहुल कुमार, जिला कराटे संघ के महासचिव उदय कुमार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरीश श्रीवास्तव, तापस चक्रवर्ती, जिला फुटबॉल संघ के सचिव कौलेश्वर गोप, डीएससी सरोज यादव, ओलंपिक संघ के चंदेश दास, आर्चरी संघ के मनोज कुमार, ताइक्वांडो संघ के हेमंत कुमार, वॉलीबॉल के कार्यकारी अध्यक्ष सत्यदेव सिंह, एथलेटिक्स कोच साबिर हुसैन, अमित शर्मा, खो-खो के खुर्शीद आलम, मनसूर आलम, अनवर हुसैन, राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी अनुष्का कुमारी सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का मंच संचालन संजय तिवारी एवं जिला खेल कोषांग के नोडल मधुसूदन सिंह ने किया।