नवागन्तुक डीएम आधी रात पहुंचे शुगर मिल, सुबह-सुबह किया ऐलिया ब्लाक का तूफानी दौरा, अधिकारियों, कर्मचारियों में मचा हड़कंप
![]()
सीके सिंह(रूपम)
सीतापुर। नवागन्तुक डीएम डॉ राजागणपति आर. ने सोमवार की आधी रात को हरगांव शुगर मिल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने मिल प्रबन्धन को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मंगलवार की सुबह डीएम ने अपने काफिले के साथ ऐलिया ब्लाक क्षेत्र में दस्तक दिया। जिससे ब्लाक स्तरीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
डीएम की आमद ऐलिया ब्लाक में बम्हौरा गांव से हुई यहां सीचसी के सामने डीएम के काफिले की स्पीड कम हुई उसके बाद अचानक सभी गाड़ियां गोड़वा साहबगंज की तरफ बढ़ गयी। उसके बाद डीएम का काफिला सीधे टिकरा पहुंचा। यहां पर स्वास्थ्य उपकेंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र प्रथम व प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया।
यहां मिली कमियों में सुधार करने के निर्देश जिम्मेदारों को दिए। इसके बाद डीएम का काफिला काजीकमालपुर, इमलिया सुल्तानपुर व कचनार होते हुए जिला मुख्यालय रवाना हो गया। लगभग ब्लाक क्षेत्र के आधे इलाके में हुए डीएम के तूफानी दौरे से जहां जनता में खुशी के साथ न्याय मिलने की उम्मीद जगी है। वहीं अधिकारियों व कर्मचारियों के पसीना छूटता नजर आया।
शुगर मिल के निरीक्षण में क्या हुआ
डा0 राजागणपति आर0 ने हरगांव स्थित चीनी मिल ‘‘द अवध शुगर एंड एनर्जी लिमिटेड‘‘ का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखी। जिलाधिकारी ने गन्ने की तौल कराने हेतु आए कृषकों से भी वार्ता कर फीडबैक लिया। उन्होंने चीनी मिल का निरीक्षण कर कार्यप्रक्रिया, कार्यक्षमता, सुरक्षा और उत्पादन की गुणवत्ता आदि की भी विस्तारपूर्वक जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गन्ना तौल का कार्य मानकों के अनुसार पूरी शुद्धता के साथ किया जाये। तौल कराने हेतु आए किसानों को मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध करायी जाये। किसानों के लिए रैन बसेरा, अलाव, पेयजल आदि सुविधाएं भी उपलब्ध करायी जाये। गन्ना मूल्य का भुगतान समय से सुनिश्चित किया जाये।
जिलाधिकारी ने मिल के निरीक्षण के दौरान कार्यपद्धति का अवलोकन किया। मिल में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिए। जिलाधिकारी ने मानकों के अनुसार उत्पादन प्रक्रिया सुनिश्चित किए जाने के निर्देश देते हुए चीनी की गुणवत्ता और उत्पादन की मात्रा आदि की जानकारी भी ली। मिल में स्वच्छता एवं पर्यावरण संबंधी मानकों का भी कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान जिला गन्ना अधिकारी रत्नेश्वर त्रिपाठी सहित मिल प्रबंधन के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्राथिक विद्यालय के निरीक्षण में क्या मिली खामियां
जिलाधिकारी डा0 राजागणपति आर0 ने ऐलिया विकास खण्ड के प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केन्द्र जार 1 (टिकरा) का आकस्मिक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर की स्वच्छता व्यवस्था, शैक्षणिक कार्यों की गुणवत्ता, मिड-डे-मील, छात्रों एवं अध्यापकों की उपस्थिति आदि की गहनतापूर्वक समीक्षा की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य सुनिश्चित किया जाये। निर्धारित रोस्टर के अनुसार मानकों के अनुरूप मिड-डे-मील बच्चों को उपलब्ध कराया जाये।
जिलाधिकारी ने कक्षा कक्ष में जाकर छात्रों से विभिन्न विषयों पर चर्चा की। जिलाधिकारी ने छात्रों को प्रेरित किया कि पूर्ण मनोयोग से पढ़ाई करें। उन्होंने निर्देश दिये कि सभी छात्र प्रतिदिन निर्धारित यूनीफार्म में समय से विद्यालय में उपस्थित हों। उन्होंने कहा कि आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित की जाये। साथ ही शैक्षणिक कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित कराये जाने हेतु प्रभावी कार्यवाही की जाये। उन्होंने चेतावनी देते हुये कहा कि लापरवाही करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 सुरेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य उपकेंद्र पर खामियां मिलने पर क्या दिए निर्देश
जिलाधिकारी डा0 राजागणपति आर0 ने ऐलिया विकास खण्ड के स्वास्थ्य उप केन्द्र टिकरा एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर जार टिकरा का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने प्राथमिक उप केन्द्र पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा मौके पर ही गर्भवती महिलाओं की जांच भी करायी। जिलाधिकारी ने दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली तथा औषधि रजिस्टर का भी अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र में आने वाले मरीजों से वार्ता कर सुविधाओं की गुणवत्ता की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि शासन की मंशा के अनुरूप क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाये, आवश्यक दवाओं एवं जांच किटों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये। लोगों को बेहतर स्वास्थ्य हेतु आवश्यक जानकारियां उपलब्ध करायी जायें तथा काउंसलिंग भी करायी जाये। ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मचारी निर्धारित समय से उपस्थित होकर आवंटित कार्यों को किया जाना सुनिश्चित करें। ड्यू लिस्ट समय से तैयार कराते हुये शतप्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराया जाये। रेफर किये गये मरीजों का विवरण रजिस्टर में दर्ज कराया जाये तथा इसकी नियमित रूप से निगरानी की जाये। वहीं डीएम ने सीएचओ का एक दिन का वेतन भी रोकने की बात कही है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 सुरेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






























Nov 04 2025, 15:52
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
44.8k