झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव सक्रिय, दुर्गा पूजा के उत्साह में खलल
#jharkhandissuesyellowalertforheavyrainslowpressureinbayofbengal
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव वाला क्षेत्र सक्रिय हो गया है। जिसके कारण झारखंड के कई जिलों, विशेषकर रांची में पिछले 12 घंटे से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। निम्न दबाव वाला क्षेत्र शनिवार की सुबह ओड़िशा व आंध्रप्रदेश की तरफ बढ़ जायेगा, इसके संकेत मिले हैं। ऐसे में इसकी नमी का असर पूरे राज्य पर पड़ेगा। खासकर कोल्हान और सिमडेगा इलाके में ज्यादा असर रहेगा। शनिवार को रांची सहित कई इलाकों में वज्रपात व तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने पूरे राज्य में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।
वज्रपात-तेज हवाओं के साथ बारिश की आशंका
मौसम विभाग ने स्पेशल बुलेटिन जारी कर बताया कि 26 सितंबर 2025 की सुबह 08:30 बजे उत्तर-पश्चिम और उससे सटे मध्य बंगाल की खाड़ी पर स्पष्ट रूप से चिह्नित निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ था, जो आज भी उसी क्षेत्र पर बरकरार है। इस लो प्रेशर एरिया का सीधा असर पूरे झारखंड पर पड़ रहा है। शनिवार को रांची समेत कई क्षेत्रों में वज्रपात (बिजली गिरने) और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है, जिसका सबसे ज्यादा असर कोल्हान और सिमडेगा के इलाकों में देखने को मिल सकता है। इस बारिश के कारण रांची के तापमान में 24 घंटे के भीतर 2.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
मूसलाधार बारिश जारी रहने की आशंका
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण झारखंड की राजधानी रांची समेत कई जिलों में शुक्रवार को भारी बारिश हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। इस दौरान कई जगहों पर वज्रपात (बिजली गिरना) की घटनाएं भी दर्ज की गईं। इस निम्न दबाव के कारण आज (शनिवार) भी राज्य में मूसलाधार बारिश जारी रहने की संभावना है।
30 सितंबर तक का येलो अलर्ट
मौसम केंद्र रांची ने झारखंड राज्य के लिए 30 सितंबर तक के लिए वर्षा और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया है। 26 सितंबर (शुक्रवार) को दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा जिले में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई थी। आगे भी राज्य के कई स्थानों पर गर्जन और तेज हवाओं के साथ वज्रपात होने की आशंका बनी रहेगी। मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों को विशेष रूप से वज्रपात से बचाव के लिए सतर्क रहने की आवश्यकता है।
30 सितंबर के बाद राहतके आसारा
मौसम विभाग के अनुसार, 28 से 30 सितंबर तक लोगों को लगातार बारिश से थोड़ी राहत मिल सकती है। हालांकि, दोपहर बाद वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना है। इस बीच बंगाल की खाड़ी में एक व दो अक्तूबर को भी एक बार फिर से निम्न दबाव वाला क्षेत्र बनने की संभावना नजर आ रही है, जिससे रांची सहित कई इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। बारिश से एक बार फिर तापमान में गिरावट दर्ज की गयी। रांची के तापमान में पिछले 24 घंटे में 2.3 डिग्री सेसि की गिरावट आ गयी। शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री सेसि रहा।
Sep 27 2025, 14:30