रांची को जल्द मिलेगा तीन नए फ्लाईओवर का तोहफा, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की निर्माण परियोजना की समीक्षा
रांची: झारखंड की राजधानी रांची को जल्द ही तीन नए फ्लाईओवर का तोहफा मिलने वाला है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज कांके रोड स्थित अपने आवासीय कार्यालय में पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ तीन महत्वपूर्ण फ्लाईओवर परियोजनाओं की कार्य योजना और डिजाइन की समीक्षा की। ये फ्लाईओवर हरमू, अरगोड़ा चौक और करम टोली चौक जैसे प्रमुख हिस्सों में बनाए जाएंगे, जिनसे शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
![]()
हरमू फ्लाईओवर का टेंडर पूरा
मुख्यमंत्री ने हरमू (सहजानंद चौक) से एसीबी कार्यालय तक प्रस्तावित फ्लाईओवर के विस्तृत प्रेजेंटेशन को देखा। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फ्लाईओवर हरमू बाईपास पर लगने वाले जाम को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने अधिकारियों को इसे रातु रोड फ्लाईओवर से जोड़ने का भी निर्देश दिया, ताकि लोगों की आवाजाही और सुगम हो सके।
डीपीआर बनाने का निर्देश
बैठक में मुख्यमंत्री ने अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ और करम टोली चौक से साइंस सिटी तक बनने वाले फ्लाईओवर पर भी चर्चा की। उन्होंने इन परियोजनाओं की महत्ता को देखते हुए अधिकारियों को जल्द से जल्द डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने और निर्माण कार्य को मूर्त रूप देने की दिशा में तेजी से काम करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से अरगोड़ा चौक के ऊपर एक गोलचक्कर (रोटरी) बनाने का सुझाव दिया, जिससे कई महत्वपूर्ण सड़कें आपस में जुड़ सकेंगी और यातायात का दबाव कम होगा।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों से कहा कि इन सभी फ्लाईओवर परियोजनाओं के डिजाइन और कार्य योजना में भविष्य की जरूरतों का पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन परियोजनाओं को पूरी तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ पूरा करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
इस समीक्षा बैठक में पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, अभियंता प्रमुख प्रवीण भेंगरा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
Sep 09 2025, 13:34