गुवा में शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, जनसभा को भी करेंगे संबोधित
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज, सोमवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा जायेंगे, जहां वह 8 सितंबर 1980 को शहीद हुए 11 आदिवासियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। गुवा के ऐतिहासिक शहीद स्मारक पर माल्यार्पण के बाद मुख्यमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे और शहीदों के परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जानेंगे।
![]()
झारखंड आंदोलन के इतिहास में गुवा की घटना एक महत्वपूर्ण स्थान रखती है। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा के घने जंगलों में बसा गुवा, 8 सितंबर 1980 की एक दर्दनाक घटना का गवाह है, जब अपने हक की मांग कर रहे आंदोलनकारियों पर पुलिस ने क्रूरता से जुल्म ढाया था। तत्कालीन पुलिस ने गुवा अस्पताल में इलाज करा रहे 8 घायल आदिवासियों को बाहर निकालकर लाइन में खड़ा करके गोली मार दी थी, जिसके कारण कुल 11 आदिवासी शहीद हुए थे। यह स्मारक झारखंड के आंदोलनकारियों के बलिदान का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री के साथ इस दौरान कई वरिष्ठ नेता और मंत्री मौजूद रहेंगे। उनके साथ मंत्री दीपक बिरुवा, सांसद जोबा मांझी, और विधायकों में जगन्नाथपुर से सोनाराम सिंकु, मझगांव से निरल पूर्ति, खरसावां से दशरथ गागराई, ईचागढ़ से सविता महतो, पोटका से संजीव सरदार, बहरागोड़ा से समीर मोहंती, और जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन भी शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री का यह दौरा राजनीतिक और भावनात्मक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह दौरा न केवल शहीदों के प्रति सम्मान प्रकट करेगा, बल्कि झारखंड आंदोलन के मूल्यों के प्रति वर्तमान सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाएगा।
6 hours ago