सदाकत आश्रम में कांग्रेस ने मनाया स्वतंत्रता दिवस, प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने फहराया तिरंगा*
*
पटना, 15 अगस्त, 2025: देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज बिहार प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, सदाकत आश्रम में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। 'देश की आजादी कांग्रेस के खून में' ध्वजारोहण के बाद, राजेश राम ने उपस्थित कांग्रेसजनों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश की आजादी की लड़ाई लड़ी है और देशभक्ति उनके खून में है। उन्होंने कहा कि यह दिन उन सभी वीर सपूतों को नमन करने का है, जिन्होंने अपने बलिदान से हमें आजादी दिलाई। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। राजेश राम ने महात्मा गांधी, पंडित नेहरू, और डॉ. राजेंद्र प्रसाद जैसे स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष को याद किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि हमारी एकता, अखंडता और संप्रभुता का प्रतीक है। 'राहुल गांधी जैसा मजबूत नेतृत्व देना होगा' राजेश राम ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी देश की जनता के हक की लड़ाई संसद से लेकर सड़क तक लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश को राहुल गांधी जैसा मजबूत नेतृत्व देना होगा, तभी हम 'अराजकता की सरकार चलाने वाले लोगों' से निपट सकते हैं। इस अवसर पर, सेवादल ने ध्वज गीत का गायन किया और सभी ने राष्ट्रगान गाया। समारोह में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव शाहनवाज आलम, विधान परिषद नेता डॉ. मदन मोहन झा, और डॉ. समीर कुमार सिंह समेत सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Aug 17 2025, 20:05