दिशोम गुरु शिबू सोरेन पंचतत्व में विलीन, राजकीय सम्मान के साथ नेमरा में हुआ अंतिम संस्कार
नेमरा, गोला (रामगढ़): झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और 'दिशोम गुरु' शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर आज उनके पैतृक गांव नेमरा में पंचतत्व में विलीन हो गया। पूरे राजकीय सम्मान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ,
जिसके बाद झारखंड में एक युग का अवसान हो गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नम आंखों से अपने पिता को मुखाग्नि दी।
इससे पहले, रांची के मोरहाबादी स्थित आवास से उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए नेमरा लाया गया था, जहां हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे।
अंतिम 'जोहार' के लिए उमड़ा जन सैलाब
दिशोम गुरु को अंतिम 'जोहार' कहने के लिए नेमरा गांव में जनसैलाब उमड़ पड़ा था। राज्य के अलग-अलग कोनों से आए आम और खास लोगों की भीड़ में हर कोई गमगीन था।
सभी ने झारखंड राज्य के प्रणेता, पथप्रदर्शक और मार्गदर्शक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। हर किसी का दिल उदास और आंखें नम थीं।
शिबू सोरेन के निधन की खबर मिलने के बाद से ही नेमरा गांव में मातम पसरा हुआ था। घरों में चूल्हे तक नहीं जले थे। आज जैसे ही उनका पार्थिव शरीर पैतृक आवास पहुंचा, पूरा नेमरा रो पड़ा।
परिजन और दूर-दराज से आए लोगों की आंखों से आंसू छलक रहे थे, जब सभी ने अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी।
![]()
![]()
Aug 05 2025, 20:38