झारखंड के वरिष्ठ पत्रकार हरिनारायण सिंह का निधन, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर
रांची: झारखंड के वरिष्ठ पत्रकार हरिनारायण सिंह का आज रविवार को रांची के सैमफोर्ड अस्पताल में निधन हो गया। वे पिछले 10 महीने से लंग्स कैंसर से जूझ रहे थे और मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
![]()
दोपहर साढ़े तीन बजे कोकर स्थित उनके आवास से शवयात्रा अंतिम संस्कार के लिए निकलेगी। हरिनारायण सिंह ने अपने लंबे और प्रतिष्ठित करियर में प्रभात खबर और दैनिक हिंदुस्तान के रांची संस्करण में स्थानीय संपादक के रूप में कार्य किया था। वे फिलहाल आजाद सिपाही के संपादक के तौर पर कार्यरत थे।
राज्यपाल, सीएम और नेता प्रतिपक्ष ने जताया शोक:
हरिनारायण सिंह के निधन पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
राज्यपाल संतोष गंगवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "वरिष्ठ पत्रकार हरिनारायण सिंह के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने अपने दीर्घ पत्रकारिता जीवन में निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ समाज और राज्य की सेवा की। शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।"
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी 'एक्स' पर दुख जताते हुए लिखा, "वरिष्ठ पत्रकार हरिनारायण सिंह के निधन का दुखद समाचार मिला। उनका निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को दुःख की यह विषम घड़ी सहन करने की शक्ति दें।"
नेता प्रतिपक्ष और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने 'एक्स' पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, "वरिष्ठ पत्रकार हरिनारायण सिंह के निधन की सूचना से अत्यंत व्यथित हूं। उन्होंने पत्रकारिता के माध्यम से दशकों तक समाज की सेवा की। उनका निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोकाकुल परिजनों को यह अपार दु:ख सहन करने की शक्ति दें।"
हरिनारायण सिंह को झारखंड की पत्रकारिता में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए हमेशा याद किया जाएगा।
Aug 04 2025, 10:01