राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के रांची दौरे की तैयारी तेज, उपायुक्त ने विभागों को दिए समन्वय के निर्देश
रांची: भारत सरकार की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के आगामी 31 जुलाई और 1 अगस्त 2025 को प्रस्तावित रांची दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में जिलास्तरीय पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
![]()
बैठक में राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वागत-सत्कार और कार्यक्रम स्थलों की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त श्री भजन्त्री ने संबंधित विभागों को उनके कार्यों की स्पष्ट जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा कि राष्ट्रपति महोदया का दौरा बिना किसी त्रुटि के संपन्न होना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आपस में समन्वय स्थापित करते हुए सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने रांची में प्रस्तावित सभी कार्यक्रम स्थलों और अन्य संभावित स्थलों पर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, अग्निशमन, स्वास्थ्य सुविधा, पेयजल, शौचालय और पार्किंग व्यवस्था सहित सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विभागवार समीक्षा की। रूटलाइन में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश भी दिया गया।
श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों से कहा कि माननीय राष्ट्रपति महोदया के प्रस्तावित परिभ्रमण हेतु सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन सजगता और संवेदनशीलता के साथ करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि तैयारियों की लगातार समीक्षा की जाएगी और कार्यों की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक रांची श्री चंदन कुमार सिन्हा, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) श्री राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री उत्कर्ष कुमार, पुलिस अधीक्षक यातायात श्री कैलाश करमाली, सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, जिला नजरत उपसमाहर्ता श्री सुदेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती उर्वशी पांडेय, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री अखिलेश कुमार, योजना पदाधिकारी सहित पेयजल, सड़क, बिजली, अग्निशमन और अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
Jul 27 2025, 10:49