कलेक्ट्रेट पर कांग्रेस का धरना प्रदर्शन, किसानों के लिए खाद-बिजली की मांग
![]()
नितेश श्रीवास्तव,भदोही। भदोही जिले के ज्ञानपुर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं को लेकर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष वसीम अंसारी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा, जिसमें किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने, खेतों की सिंचाई के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा उर्वरक वितरण केंद्रों पर पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की मांग की गई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि किसानों को समय पर उर्वरक और बिजली न मिलने के कारण उनकी खेती प्रभावित हो रही है, जिससे उनकी आजीविका संकट में पड़ गई है। धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।
Jul 22 2025, 16:57