ड्रमंडगंज घाटी में हुए भूस्खलन का मलबा हटाने में तेजी से जुटी टीम
![]()
ड्रमंड गंज मिर्जापुर।क्षेत्र में भारी बारिश होने से ड्रमंडगंज घाटी में एक दर्जन से अधिक जगहों पर भूस्खलन होने से पत्थरों और मिट्टी का मलबा गिरकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिखर गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिरे मलबा को हटाने में गुरुवार सुबह से ही एनएचएआई और डीबीएल कंस्ट्रक्शन कंपनी की टीम मलबा साफ कराने में लगी हुई है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलबा गिरने से वाहनों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ घुमान से बरम बाबा मोड़ के बीच में एक दर्जन से अधिक जगहों पर चट्टानों और मिट्टी का मलबा गिरकर बिखर गया है।इस वर्ष बीते पांच जुलाई को भी भारी बारिश में ड्रमंडगंज घाटी में भूस्खलन हुआ था। पोकलेन और जेसीबी मशीन की मदद से टीम मलबा हटाने में जुटी हुई है। घाटी में पहाड़ों से गिर रहे पानी की तेज धारा में मिट्टी का मलबा हटाने में टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
एनएचएआई के सहायक अभियंता अशोक कुमार सिंह ने बताया कि भारी बारिश से ड्रमंडगंज घाटी में भूस्खलन होने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिरे मलबे को तेजी से हटाने का प्रयास किया जा रहा है। बारिश के चलते मलबा हटाने में टीम को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। घाटी में गिरे मलबे को जल्द ही हटा दिया जाएगा।
Jul 17 2025, 19:12