भारी बारिश से जनजीवन हुआ प्रभावित, नदी नाले उफान पर
![]()
ड्रमंड गंज मिर्जापुर :· ड्रमंडगंज क्षेत्र में बुधवार शाम से हो रही बारिश बंद होने का नाम नही ले रही है। भारी बारिश से क्षेत्र के नदी नाले उफान पर आ गए हैं। क्षेत्र के ड्रमंडगंज हलिया मार्ग स्थित सुखनई नदी के पुल के ऊपर पानी बहने से सुबह से आवागमन बाधित है। सुरक्षा की दृष्टि से पुल के दोनों ओर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। बबुरा रघुनाथ सिंह गांव स्थित मछेहुआ नाले में आई बाढ़ से ग्रामीणों का आवागमन ठप हो गया है।ड्रमंडगंज स्थित न्यू पीएचसी में नाले का पानी अस्पताल में घुसने से स्वास्थ्य कर्मियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नाले में आई तेज बाढ़ से रात में ही स्वास्थ्य कर्मियों के आवास में पानी भर गया है जिसके चलते स्वास्थ्य कर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। न्यू पीएचसी ड्रमंडगंज का परिसर जलमग्न हो गया है। कंपोजिट विद्यालय ड्रमंडगंज के कमरों के भीतर नाले का पानी पानी घुसने से जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।ड्रमंडगंज देवहट मार्ग पर जलजमाव होने से स्थानीय लोगों के अलावा राहगीरों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सेमरा कलां गांव में सेवटी नदी में आई तेज बाढ़ से अंत्येष्टि स्थल की चहारदीवारी धराशाई हो गई। सेमरा कलां घरों में पानी घुसने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में बारिश से हालत बिगड़ते जा रहे हैं। बबुरा खुर्द गांव निवासी कल्लू चौरसिया का कच्चा मकान का एक हिस्सा धराशाई हो गया घर के भीतर रखा गृहस्थी का सामान दबकर नष्ट हो गया।खोदाईपुर गांव निवासी झड़ंगी भूंज के रिहायशी कच्चे मकान पर रात में नीम का विशालकाय पेड़ गिर पड़ा संयोग था कि मकान के भीतर सो रहे परिवार का कोई सदस्य दुर्घटना का शिकार नही हुआ। पेड़ गिरने से मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। क्षेत्र के नदी नालों का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है।जिससे चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है।
Jul 17 2025, 19:11