1800 लाइसेंस निरस्त, 3.25 करोड़ जुर्माना, फिर भी नहीं सुधरे लोग
![]()
नितेश श्रीवास्तव,भदोही। जनपद में बीते पांच सालों में चालान न जमा करने वाले 1800 लोगों का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। पांच सालों में परिवहन विभाग ने 24 हजार नए लाइसेंस जारी किए हैं। बीते पांच सालों में यातायात विभाग ने 306529 का चालान किया है। इनसे तीन करोड़ 19 लाख 49 हजार 741 रुपये जुर्माना वसूला गया है। इनमें 80 फीसदी बाइक सवारों का चालान हुआ है।
जिले में यातायात नियमों के पालन को लेकर सख्ती बरती जा रही है। यातायात और परिवहन विभाग समय-समय लोगों को जागरूक करता है। कार्यशाला, संगोष्ठी और चौराहों-तिराहों पर नुक्कड़-नाटक सहित अन्य माध्यमों से विभाग लोगों में जागरूकता लाने का प्रयास करता है। इन सबके बाद भी लोग सुधर नहीं रहे हैं। वाहन चालक ट्रैफिक नियमों को नजरअंदाज कर तेज रफ्तार से बाइक दौड़ा रहे हैं। इसमें कई बार तो मौत भी हो जाती है। नियमों की यह अनदेखी न सिर्फ उनकी खुद की, बल्कि दूसरों की जिंदगी को भी खतरे में डाल रही है।
पिछले पांच वर्ष में हुए चालान व जुर्माने पर एक नजर
वर्ष - चालान - शमन शुल्क
2021 - 62378 - 10249295
2022 - 63774 - 7819320
2023 - 94395 - 8590510
2024 - 62873 - 2425491
2025 -24109 - 2865125
नोट : आंकड़े एक जनवरी से 30 जून तक के हैं। जो परिवहन और यातायात विभाग से लिए गए हैं।
खुद चेतें, अपनी जिम्मेदारी समझकर नियमों का करें पालन
यातायात सीओ राजीव सिंह ने बताया कि यातायात विभाग लगातार वाहनों का चालान करती है। कई बार सख्ती से भी निपटती है, लेकिन यह चीजें जनजागरूकता वाली हैं। इस समय जरूरत इस बात की है कि युवा अपनी जिम्मेदारी समझें और नियमों का पालन करें, ताकि अनमोल जानें बचाई जा सकें, क्योंकि चालान एक प्रक्रिया है। जब तक जागरूकता नहीं आएगी तो कोई फर्क नहीं पड़ेगा। बताया कि लाइसेंस निरस्तीकरण होता है, लेकिन एक वाहन को तीन बार से अधिक चालान होने के बाद परिवहन विभाग लाइसेंस निरस्त करता है।
Jul 17 2025, 16:00