मानसून आया, वार्डो में नाली चोक, खुले हैं मेनहोल, जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान
![]()
नितेश श्रीवास्तव,भदोही। मानसून वाली बारिश शुरु हो गई है। निकाय क्षेत्रों में खुले मेनहोल, टूटे पटिया और चोक नाली पर अभी तक अधिकरियों की नजर नहीं पड़ी है। नगर पालिका एवं नगर पंचायत प्रशासन की ओर से सबकुछ दुरूस्त करने का दावा किया जा रहा है।जिले में सात निकाय हैं। इसमें भदोही व गोपीगंज दो नगर पालिका है। इसके अलावा पांच नगर पंचायत ज्ञानपुर, सुरियावां, नई बाजार, घोसिया, खमरिया हैं। यहां करीब साढ़े तीन लाख की आबादी रहती है।
निकायों में जल निकासी और आवागमन बेहतर करने के लिए हर साल लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं।
शनिवार को पड़ताल में धरातल पर स्थिति ठीक नहीं मिली। भदोही के स्टेशन रोड, चौरी मार्ग, रजपुरा चौराहा, सीएचसी मार्ग आदि स्थानों पर नाली के पटिया टूटे हैं। वहीं गोपीगंज में नाली चोक है। बारिश से पहले सभी 25 वार्डों की नालियों की सफाई होनी थी। वार्ड नंबर 19, 20, 3, 22, 10, जगह जगह नाली के पटिया टूटे और चेंबर खुले हैं। यापार मंडल के नगर अध्यक्ष श्रीकांत जायसवाल ने जिलाधिकारी नाली के टूटे पटिया को दुरुस्त करवाने की मांग की है। ईओ राम बदन यादव ने बताया कि हाल ही में मेरी तैनाती हुई है, जहां खामियां हैं, उसे दूर किया जाएगा।
सुरियावां के वार्ड 6 नेता नगर और रामबाग में नाली पर ढ़क्कन नहीं है। अंबेडकर नगर वार्ड एक में अभियां रोड के किनारे दक्षिणी छोर पर नाला खुला है। वार्ड 11 शेखर आजाद नगर में सेठ गली में नाली चोक है।
गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इंदिरा नगर गल्ला मंडी के पास चेंबर खुले हैं। ईओ सुजीत कुमार ने बताया कि व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जा रही हैं।
नई बाजार सहित ज्ञानपुर के बालीपुर, पुरानी बाजार, यादव बस्ती, मजिस्द रोड का यही हाल है। खमरियां के वार्ड संख्या चार में भी नाली खुली है। बारिश में जलभराव होने पर लोग नाली में गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
Jun 29 2025, 16:30