मुख्यमंत्री योगी ने चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर अर्पित की श्रद्धांजलि, किसानों के योगदान को बताया अमूल्य
![]()
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री और किसानों के मसीहा स्व. चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर विधान भवन परिसर में स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि चौधरी चरण सिंह न केवल एक महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे, बल्कि उन्होंने भारत के ग्रामीण समाज और अन्नदाता किसानों की भलाई के लिए जीवनभर संघर्ष किया। 29 मई 1987 को उनके निधन से देश ने एक दूरदर्शी नेता को खो दिया, लेकिन उनका योगदान आज भी जीवित है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मुख्यमंत्री, उप प्रधानमंत्री, गृह और वित्त मंत्री के रूप में चौधरी साहब ने जो निर्णय लिए, खासकर भूमि सुधार और हदबंदी कानून लागू करने जैसे कदम, वे आज भी किसानों की स्मृति में जीवित हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में देश में किसानों और ग्रामीण विकास के लिए जो कार्य हुए हैं, वे चौधरी साहब की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।
इस श्रद्धांजलि समारोह में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, विधान परिषद सदस्य भूपेन्द्र सिंह चौधरी, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक राजेश्वर सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह और प्रमुख सचिव संजय प्रसाद ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
May 29 2025, 16:55