दुमका : भाजपा का आक्रोश मार्च, पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर कार्रवाई की मांग, डीसी को सौंपा मांग पत्र
![]()
दुमका : भारतीय जनता पार्टी ने जिला प्रशासन से दुमका जिले में वैध व अवैध रूप से रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर उन्हें तत्काल भारत छोड़ने के लिए कार्रवाई करने की मांग की है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पार्टी जिलाध्यक्ष गौरवकांत के नेतृत्व में आक्रोश मार्च निकाला और उपायुक्त के नाम से संबोधित एक मांग पत्र जिला प्रशासन को सौंपा। भाजपा ने पहलगाम में बीते दिनों हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार के एक आदेश का हवाला देते हुए पाकिस्तानी नागरिकों को चिन्हित कर उनपर कार्रवाई करने की मांग की है।
पार्टी नेताओं ने कहा कि ऐसे घुसपैठियों की दुमका जिले में मौजूदगी न केवल राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है, बल्कि इससे स्थानीय जनता में भय का वातावरण भी उत्पन्न होता है। कहा कि भारत माता की धरती पर किसी भी घुसपैठिए को बख्शा नहीं जाएगा। भाजपा राष्ट्रहित में कोई समझौता नहीं करती।
पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा सिर्फ सैनिक नहीं, जनता भी करती है। जो लोग अवैध रूप से भारत में रहकर यहां की शांति और सुरक्षा को प्रभावित कर रहे हैं, उन्हें एक क्षण भी भारत में रहने का अधिकार नहीं है। दुमका प्रशासन को इस विषय में त्वरित और कठोर कदम उठाने होंगे।
जिलाध्यक्ष गौरवकांत ने कहा कि यदि प्रशासन ने इस गंभीर विषय पर जल्द कार्रवाई नहीं की तो पार्टी जनआंदोलन छेड़ेगी।
जामा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुरेश मुर्मू ने कहा कि यह मामला सिर्फ सुरक्षा का नहीं, सांस्कृतिक अस्तित्व का भी है। जिन लोगों का भारत से कोई भावनात्मक जुड़ाव नहीं, वे यहां रहकर षड्यंत्र कर रहे हैं। भाजपा हर उस तत्व के खिलाफ है जो भारत के भीतर पाकिस्तान की सोच फैलाना चाहता है।
मौके पर रविकांत मिश्रा, निवास मंडल, सुरेश मुर्मू, परितोष सोरेन, अंजुला मुर्मू, अमिता रक्षित, पवन केसरी, मार्शल ऋषिराज टुडू, धर्मेंद्र सिंह, बबलू मंडल, गुंजन मरांडी, जिला मीडिया सह प्रभारी नवल किस्कू,ओम केसरी, दीप्तांशु कोचगवे, रूपेश मंडल, बिमल मरांडी, गोपीनाथ दत्ता, मृणाल मिश्रा, सहदेव मरांडी, गणपति पाल, मुरलीधर मंडल, बिक्की राउत, मनीष सिंह, दीपक स्वर्णकार, रामवतार भलोटीया, मनोज साह, श्रीधर दास, दिनेश सिंह, ममता साह, नीतू झा, अविनाश सोरेन, प्रवीण सिंह, शैलेश राव, महेंद्र मंडल, नीतू झा, संजय जोशी, अशोक ध्रुवलिया, अमन राज, अजय सिंह, भुवनेश्वर टुडू, सूचंद दास, कुश कुमार पाल, इंद्रजीत कुमार, गोविंद दान, बीरेंद्र मरांडी, संतोष सोरेन सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
(दुमका से राहुल कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)
May 15 2025, 08:56