कस्तूरबा गांधी विद्यालय से दो छात्राएं फरार,भदोही में रात ढाई बजे दीवार फांदकर भागीं
![]()
नितेश श्रीवास्तव
भदोही। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय हरिचंदनपुर से रविवार की देर रात लगभग ढाई बजे दो छात्राएं रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। सोमवार को इसकी जानकारी होते ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। वहीं पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसडीएम, बीएसए व चौकी थानाध्यक्ष ने मौके का निरीक्षण किया। उक्त आवासीय विद्यालय से कक्षा 9वीं पास कर 10वीं में गई दो छात्राएं रविवार की देर रात लगभग ढाई बजे चहारदीवारी फांदकर गायब हो गई। इसकी जानकारी वार्डेन को सुबह हुई। वार्डन द्वारा इसकी सूचना विद्यालय के प्रधानाध्यापिका को दी गई। साथ ही छात्राओं के अभिभावकों व अधिकारियों को इस संबंध में जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही एसडीएम अरुण गिरी, बीएसए भूपेंद्र नारायण सिंह, थानाध्यक्ष चौरी रमेश कुमार व चौकी प्रभारी चौरी गौतम कुमार आवासीय विद्यालय पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गए। अधिकारियों ने प्रिंसिपल, वार्डन, शिक्षिकाओं और छात्राओं से मामले की जानकारी ली। विद्यालय में घंटों छानबीन चलता रहा। गायब दोनों छात्राओं के अभिभावक भी मौके पर पहुंच गए थे। छानबीन के दौरान वहां से अधिकारियों को एक पत्र मिला। जिसमें गायब दोनों छात्राओं ने लिखा था कि वह बहुत गरीब परिवार से हैं। पैसा कमाने के लिए यहां से जा रही है। इसमें विद्यालय के किसी जिम्मेदार का कोई दोष नहीं है। विद्यालय की प्रधानाचार्या मालती यादव ने बताया कि रविवार को वें अवकाश पर थी। सुबह 8 बजें विद्यालय में आई है। उन्होंने बताया कि यहां पर रहने वाली सभी छात्राओं के साथ अपने बच्चों की तरह व्यवहार किया जाता है। वैसे पुलिस द्वारा गायब छात्राओं के संबंध में सुराग निकाल लिया गया है। दोनों छात्राओं की बरामदगी के लिए पुलिस टीम को रवाना कर दिया गया है।
May 06 2025, 09:34