कैबिनेट विस्तार के बाद अब विभागों का हुआ बंटवारा : कई मंत्रियों के बदले विभाग, जानिए पूरा डिटेल
डेस्क : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले बीते बुधवार महाशिवरात्रि के दिन नीतीश कैबिनेट का विस्तार हुआ। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने बिहार सरकार के नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने मंत्रिमंडल में सात नए चेहरों को जगह दी।
![]()
वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने मंत्रिमंडल विस्तार के एक दिन बाद आज गुरुवार को मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया। आज गुरुवार को भाजपा कोटे के सभी मंत्रियों का नए सिरे से विभाग बंटवारा हुआ। वहीं हम के संतोष सुमन के विभागों में भी बड़ा बदलाव हुआ है। हालांकि जदयू के किसी भी मंत्री का कोई भी विभाग नहीं बदला है। इसी तरह निर्दलीय विधायक सुमित सिंह का विभाग भी पहले वाला ही है। एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने मंत्रिमंडल में सात नए चेहरों को जगह दी है। सभी सात मंत्री भाजपा कोटे से बने हैं। गुरुवार को नए मंत्रियों के साथ ही भाजपा कोटे के 21 मंत्रियों का विभागों का नए सिरे से बंटवारा किया गया। इसमें कई पुराने मंत्रियों को बड़ा झटका भी लगा है।
सम्राट चौधरी वित्त एवं वाणिज्य कर विभाग, विजय कुमार सिन्हा कृषि विभाग, खान एवं भूतत्व विभाग, प्रेम कुमार सहकारिता विभाग, रेणु देवी पशु एवं मतस्य संसाधन विभाग, मंगल पाण्डे स्वास्थ्य विभाग विधि विभाग का जिम्मा मिला है।इसी तरह नीरज कुमार सिंह बबलू लोक स्वास्थ्य एवं अभियंत्रण विभाग, नीतीश मिश्रा उघोग विभाग, नितीन नवीन पथ निर्माण विभाग, जनक राम अनुसूचित जाति एवं जनजाति विभाग, हरि सहनी पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, कृष्णनन्दन पासवान गन्ना उघोग विभाग, केदार गुप्ता पंचायती राज विभाग, सुरेन्द्र मेहता खेल विभाग, संतोष सिंह श्रम संसाधन विभाग, संजय सरावगी राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का जिम्मा मिला है।
वहीं डॉ सुनील कुमार पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, राजू कुमार सिंह पर्यटन विभाग, मोतीलाल प्रसाद कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, जिवेश कुमार नगर विकास एवं आवास विभाग, विजय मंडल आपदा प्रबंधन विभाग, मंटू सिंह सूचना प्रावैधिकी विभाग और संतोष सुमन (हम) को लघु जल संसाधन विभाग का मंत्री बनाया गया है।
बता दें कैबिनेट विस्तार के बाद अब नीतीश मंत्रिमंडल में कुल 36 मंत्री हो गए हैं। इसमें भाजपा कोटे से सबसे ज्यादा मंत्री हैं। भाजपा से जहां 21 मंत्री हैं वहीं जदयू कोटे से सिर्फ 13 मंत्री हैं। एक मंत्री हम से संतोष सुमन हैं तो निर्दलीय सुमित सिंह भी मंत्री हैं।
Feb 27 2025, 17:16