2024 के लोकसभा चुनाव व झारखण्ड विधानसभा चुनाव के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को राज्यपाल ने किया सम्मानित
रांची : राजधानी रांची के आर्यभट्ट सभागार में आज 15 वा राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर वर्ष 2024 में झारखण्ड राज्य अन्तर्गत लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव को स्वच्छ/निष्पक्ष/ शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न किये जाने को लेकर झारखण्ड के कुल-08 पुलिस पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया l
मतदाता दिवस के अवसर पर राँँची महाविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार में बतौर मुख्य अतिथि राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार उपस्थित थे। इस मौके पर राज्य की अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉक्टर नेहा अरोड़ा, दक्षिणी छोटा नागपुर प्रमंडल के आयुक्त अंजनी कुमार मिश्र और रांची विश्वविद्यालय के कुलपति अजीत सिंहा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे। जहां राज्यपाल ने चुनाव के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारी और कर्मियों को सम्मानित किया। साथ ही वरिष्ठ और दिव्यांग मतदाताओं को राज्यपाल की ओर से सम्मानित किया गया। इसके अलावा नए मतदाताओं को वोटर कार्ड दिया गया।
राज्यपाल अपने संबोधन में पुरानी यादों को बताते हुए कहा कि 25 जनवरी 1950 को भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई और वर्ष 2011 से इस दिन को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जाने लगा। राज्यपाल ने कहा कि यह दिन मतदाताओं को उनके अधिकार और कर्तव्य के प्रति जागरूक करता है। राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस इस वर्ष वोट जैसा कुछ नहीं वोट जरुर डालेंगे हम के थीम पर आधारित है।
राज्यपाल ने कहा कि लोकतंत्र की सफलता जनता की जागरूकता और भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए डिजिटल साधनों और अभियान चलाने वाले सभी अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने के लिए सभी नागरिकों से मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
आज का दिन एक और खास रहा कि जहां झारखंड में मतदाता दिवस के अवसर पर अधिकारियों को सम्मानित किया गया वहीं दिल्ली में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर निर्वाचन में शानदार प्रदर्शन करने के लिए झारखंड को पहली बार बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट का नेशनल अवार्ड मिला है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के.रवि कुमार को इस सम्मान से नवाजा।
Jan 26 2025, 10:15