गणतंत्र दिवस कार्यक्रम 2025, 26 जनवरी के दिन रांची में सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक बड़े वाहनों का नो इंट्री
रिपोर्टर जयंत कुमार
रांची : राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर 26 जनवरी को यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। मोरहाबादी मैदान में गणतंत्र दिवस समारोह का मुख्य कार्यक्रम होगा। इसे लेकर रांची शहरी क्षेत्र में सुगम यातायात को लेकर सुबह छह से रात दस बजे तक बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित रखा गया है। शहर के अन्य मार्गों पर छोटे वाहनों का परिचालन पूर्व की तरह होगा।
कांके से रांची आने वाले वाहन बोड़या तक, चाईबासा से खूंटी होकर रांची आने वाले वाहन बिरसा चौक तक, गुमला- सिमडेगा से रांची आने वाले कटहल मोड़ व आईटीआई तक, जमशेदपुर से आने वाले वाहन दुर्गा सोरेन चौक व सदाबहार चौक तक, पतरातू से कांके होकर आने वाले वाहन लॉ यूनिवर्सिटी तक, तिलता चौक से होकर आने वाले वाहन पंडरा बाजार तक ही आ सकेंगे। वीवीआईपी के लिए भी मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
मुख्य समारोह स्थल मोरहाबादी मैदान और आसपास में वाहन पड़ाव के लिए अलग से व्यवस्था की गई है।
• राज्यपाल के कारकेड और वीवीआइपी के वाहनों का पड़ाव मुख्य मंच के पीछे होगा।
• पदाधिकारियों की गाड़ियां ऑक्सीजन पार्क के बगल में पार्क होंगी।
• नारंगी रंग के पासयुक्त वाहन का पड़ाव मुख्य मंच के पश्चिम में होगा।
• हरा पास के लिए बापू वाटिका के सामने और सामान्य वाहन का पड़ाव टीआरआइ के सामने फुटबॉल मैदान में होगा।
Jan 24 2025, 16:02