पवन सिंह की जगह आसनसोल से कौन होगा बीजेपी प्रत्याशी? जानें शत्रुघ्न सिन्हा के खिलाफ किसे उतारने की है तैयारी
#bjp_may_gives_ticket_to_akshara_singh_from_west_bengal_asansol
![]()
आसनसोल सीट से पवन सिंह की ओर से नाम वापस लेने पर बीजेपी नए प्रत्याशी की तलाश में है। बीजेपी इस सीट से किसी भोजपुरी स्टार को ही उतारना चाहती है। ऐसे में अक्षरा सिंह दावेदारों में सबसे आगे दिखाई दे रही हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि बीजेपी में अक्षरा को लेकर बातचीत शुरू हो गई है। बता दें कि बीजेपी ने शनिवार को 195 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में भोजपुरी फिल्मों के सुपर स्टार पवन सिंह को पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से उम्मीदवार बनाया गया था। इसके एक दिन बाद ही यानी रविवार को पवन सिंह ने सोशल मीडिया पर ऐलान कर दिया कि वह निजी कारणों से चुनाव नहीं लड़ेंगे। जिसके बाद बीजेपी नए प्रत्याशी की तलाश में हैं।
इस बीच चर्चा है कि बीजेपी आसनसोल से पवन सिंह की जगह किसी महिला उम्मीदवार को उतारने की प्लानिंग कर रही है। इस महिला उम्मीदवार के भोजपुरी फिल्मों की हीरोइन होने की चर्चाएं सियासी गलियारों में तेजी से फैल रही हैं। संभावना है कि अब बीजेपी आसनसोल से शत्रुघ्न सिन्हा के खिलाफ भोजपुरी हीरोइन अक्षरा सिंह को लड़ा सकती है। अक्षरा सिंह भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री का बड़ा नाम है। वह बिहार के साथ अन्य राज्यों में भी काफी लोकप्रिय हैं।
पवन सिंह को आसनसोल सीट पर बीजेपी की तरफ से टिकट मिलने के बाद पवन सिंह के खिलाफ आरोपों की बाढ़ आ गई थी। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें महिला विरोधी और महिलाओं पर अत्याचार करने वाला बताने लगे। कुछ लोगों ने उनकी पत्नियों के मामलों को उठाया तो कई लोगों ने भोजपुरी इंडस्ट्री में उनके अश्लील गानों पर सवाल खड़े किए। पवन सिंह को टिकट मिला तो इसका विरोध पार्टी के अंदर ही हुआ और कई नेताओं ने पवन सिंह को हटाने के लिए अमित शाह और जेपी नड्डा को लेटर लिख दिया। पार्टी नेताओं का मानना है कि पवन सिंह को टिकट मिलने से महिलाओं के खिलाफ अत्याचार पर स्टैंड कमजोर पड़ जाता। वो भी ऐसे समय में जब बीजेपी संदेश खाली में महिलाओं के खिलाफ हुए अत्याचार के लिए मोर्चा खोले हुए है। उनका टिकट बंगाल बीजेपी के नेताओं के कहने पर ही पार्टी हाईकमान ने वापस ले लिया है।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस के कई नेताओं ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए पवन सिंह पर निशाना साधा।तृणमूल कांग्रेस ने पवन सिंह के जरिये बीजेपी पर महिला विरोधी होने का आरोप लगा रही है। पार्टी समर्थकों का कहना था कि पीएम मोदी एक तरफ तो नारी शक्ति के बारे में बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, वहीं दूसरी तरफ स्त्री द्वेषी, महिला के साथ दुर्व्यवहार करने वाले को चुनाव मैदान में उतारते हैं। पवन सिंह के खिलाफ अपनी पत्नी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। इतना ही नहीं एक मशहूर भोजपुरी अभिनेत्री के साथ उनके दुर्व्यवहार की खबरें भी मीडिया में सुर्खियां बनी थीं।
बता दें कि अक्षरा सिंह, पवन सिंह की धुर विरोधी मानी जाती है। अक्षरा और पवन सिंह की पहले काफी नजदीकी हुआ करती थी। दोनों ने एक साथ कई फिल्मों में काम किया है। ऐसा माना जाने लगा था कि दोनों शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। हालांकि दोनों के रास्ते अलग हो गए। अक्षरा सिंह कई मौकों पर पवन सिंह पर गंभीर आरोप लगा चुकी हैं।
Mar 05 2024, 19:59