कड़ाके की ठंड ने उत्तर भारत के बड़े हिस्से को अपनी गिरफ्त में लिया, सात राज्यों में बारिश का अलर्ट, ट्रेन, वायु सेवा भी हुई प्रभावित
कड़ाके की ठंड ने उत्तर भारत के बड़े हिस्से को अपनी गिरफ्त में ले रखा है। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (आईएमडी) ने शनिवार को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, यूपी और उत्तरी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 7-10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया। घने कोहरे के कारण शनिवार को लगातार चौथे दिन ट्रेन सेवा प्रभावित हुई और दिल्ली आने वाली लगभग 30 ट्रेनें देरी से आईं।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, जयपुर और राष्ट्रीय राजधानी सहित उत्तर के शहर शनिवार सुबह शीत लहर और घने कोहरे की चपेट में रहे। वेस्ट यूपी के जिलों में शनिवार को भी घना कोहरा छाया रहा। इस दौरान कोहरे में हुए सड़क हादसों में एक गर्भवती महिला की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए। गौरतलब है कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तरी राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश में सुबह 8.30 बजे घना कोहरा छाया हुआ था, जिसे आईएमडी द्वारा एक उपग्रह छवि में कैद किया गया था।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी कि 31 दिसंबर की सुबह उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान और बिहार के कई स्थानों पर घने से बहुत घने कोहरे रहने की संभावना है। वहीं, 30 दिसंबर से 2 जनवरी तक जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में कोहरा छाए रहने की भी संभावना है। शनिवार और रविवार को ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश होगी।
80 उड़ानें प्रभावित
कोहरे के कारण राष्ट्रीय राजधानी आने-जाने वाले यात्रियों को भी कठिनाई हुईं। क्योंकि कम दृश्यता के कारण कई उड़ानों और ट्रेनों में देरी हुई और उनका मार्ग बदल दिया गया। सूत्रों के मुताबिक, शनिवार सुबह 8.30 बजे तक दिल्ली के आईजीआई हवाई अड्डे पर मौसम की स्थिति के कारण लगभग 80 उड़ानों में देरी होने की सूचना है।
झारखंड में दिन के दौरान ठंड बढ़ी
रांची। राजधानी समेत झारखंड में शनिवार को दिन में ठंड बढ़ गई है। राज्य के पलामू और आसपास के जिलों का तापमान करीब छह डिग्री नीचे गिर गया है। इससे यहां दिन के दौरान सर्दी काफी बढ़ गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य में रविवार को विभिन्न हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। एक से तीन जनवरी तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश होने का पूर्वानुमान है।
उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में तीन जनवरी तक घना कोहरा
मैदानी क्षेत्रों में कोहरे का असर ट्रेनों और बसों के संचालन पर भी पड़ रहा है। इन दिनों ट्रेनें और बसें देरी से दून पहुंच रही हैं। रेलवे स्टेशन अधीक्षक शशांक शर्मा ने बताया कि कोहरे के कारण कुछ ट्रेनें निर्धारित समय के बाद दून पहुंच रही हैं। इसी तरह रोडवेज बसों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। उत्तराखंड के मैदानी जिलों में तीन जनवरी तक घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार के 20 जिलों में शीतलहर जैसे हालात
पछुआ एवं उत्तर पछुआ के प्रचंड प्रवाह से शनिवार को पटना सहित बिहार के 25 जिलों में ठंड में बढ़ोतरी हुई है। आठ से दस किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा के चलने और दूसरे दिन भी धूप न निकलने से पटना सहित दक्षिण बिहार के कई जिलों में शीतलहर जैसे हालात हो गए। शनिवार को भी सुबह से कोहरे की चादर में धरती लिपटी रही। हालांकि शुक्रवार की अपेक्षा कोहरे की सघनता शनिवार को थोड़ी कम रही।
जम्मू-कश्मीर में रात के तापमान में थोड़ा सुधार
जम्मू- कश्मीर में रात के तापमान में थोड़ा सुधार हुआ है, लेकिन न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से नीचे बना हुआ है। श्रीनगर स्थिति मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि कमजोर पश्चिमी विक्षोंभ के कारण 31 दिसंबर तक कश्मीर और जम्मू संभाग के मैदानी इलाकों में मध्यम से घने कोहरा के साथ आसमान में बादल छाये रहें और मौसम शुष्क बना रहेगा। केंद्र के निदेशक मुख्तार अहमद ने कहा कि चार जनवरी तक कोहरा जारी रहने की संभावना है।
पंजाब-हरियाणा में घना कोहरा
पंजाब और हरियाणा में शनिवार को कोहरे के कारण सुबह के समय अधिकांश इलाकों में दृश्यता कम रही। पिछले कई दिनों से दोनों राज्यों और उनकी साझा राजधानी चंडीगढ़ के ज्यादातर हिस्सों में घना कोहरा छा रहा है।





डेस्क: आज साल का आखिरी रविवार है और साल का आखिरी दिन भी। साल 2023 कुछ घंटों में खत्म हो जाएगा और रात्रि के 12 बजने के साथ ही नए साल की शुरुआत हो जाएगी। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साल के आखिरी दिन अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात के जरिए लोगों से रूबरू हुए। मन की बात कार्यक्रम का यह 108वां एपिसोड प्रसारित किया गया जिसमें साल 2023 के आखिरी दिन पीएम मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कुछ नईऔर रोचक बातें भी साझा कीं। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "इस 'मन की बात' के लिए, मैंने आपसे फिट इंडिया के बारे में इनपुट भेजने का अनुरोध किया था। आपकी प्रतिक्रिया से मुझे बहुत खुशी हुई। स्टार्टअप्स ने भी मुझे नमो ऐप पर कई सुझाव भेजे हैं। उन्होंने अपने अनूठे प्रयासों के बारे में बात की है।" .भारत के प्रयासों के कारण, 2023 को अंतर्राष्ट्रीय मिलेट ईयर के रूप में मनाया गया।" पीएम ने कहा, " अपने स्वास्थ्य को लेकर लोगों में बढ़ती रुचि के कारण इस क्षेत्र में प्रशिक्षकों की मांग भी बढ़ रही है। 'जोगो टेक्नोलॉजीज' जैसे स्टार्टअप इस मांग को पूरा करने में मदद कर रहे हैं...मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि इनोवेटिव हेल्थकेयर स्टार्टअप के बारे में आप मुझे लिखना जारी रखें, जो फिट इंडिया के सपने को साकार करने में योगदान दे रहे हैं।" पीएम मोदी ने खिलाड़ियों की प्रशंसा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, "इस साल हमारे एथलीटों ने खेलों में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है। हमारे एथलीटों ने एशियन गेम्स में 107 मेडल और एशियन पैरा गेम्स में 111 मेडल जीते. क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारतीय खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से सबका दिल जीत लिया." ...अब 2024 में पेरिस ओलंपिक का आयोजन होगा जिसके लिए पूरा देश एथलीटों को प्रोत्साहित कर रहा है।'' "भारत का 'इनोवेशन हब' बनना इस बात का प्रतीक है कि हम रुकने वाले नहीं हैं। 2015 में हम ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स पर 81वें स्थान पर थे, आज हमारी रैंक 40वीं है।" पीएम मोदी के मन की बात के कार्यक्रम का प्रसारण हर बार की तरह सुबह 11 बजे से किया जा रहा है। आप इसे बीजेपी के फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर देख सकते हैं। यही नहीं आप पीएम मोदी के भी सोशल मीडिया चैनलों पर भी इसका सीधा प्रसारण सुन सकते हैं। दूरदर्शन और रेडियो के जरिए भी आप मन की बात कार्यक्रम को सुन सकते हैं। पीएम मोदी अपने 108वें मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से देशवासियों को नए साल की शुभकामनाएं दीं और अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर और उसके प्राण प्रतिष्ठा का भी जिक्र किया।
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई. जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि रविवार तड़के छत्रपति संभाजीनगर में एक ग्लव्स बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस हादसे में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, वालुज एमआईडीसी (MIDC) क्षेत्र में स्थित फैक्ट्री में सुबह करीब 02:15 बजे आग लगी। एक अग्निशमन अधिकारी मोहन मुंगसे ने कहा, हमें सुबह 2:15 बजे एक कॉल मिली। जब हम घटना स्थल पर पहुंचे, तो पूरी फैक्ट्री में आग लगी हुई थी। स्थानीय लोगों ने हमें बताया कि छह लोग अंदर फंसे हुए थे। हमारे अधिकारी अंदर गए और छह लोगों के शव बरामद किए गए हैं। एएनआई को अधिकारी ने बताया कि आग बुझाने का काम फिलहाल जारी है। इससे पहले, स्थानीय लोगों ने दावा किया था कि इमारत के अंदर कम से कम पांच कर्मचारी फंसे हुए थे। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बाद में आग की घटना में छह लोगों की मौत की पुष्टि की। मजदूरों ने बताया कि जब आग लगी तो फैक्ट्री बंद थी, अंदर कुछ मजदूर सो रहे थे। एक कर्मचारी ने एएनआई को बताया, जब आग लगी तो इमारत के अंदर 10-15 कर्मचारी सो रहे थे। कुछ लोग भागने में सफल रहे, लेकिन कम से कम पांच अंदर फंस गए। इस बीच आग बुझाने का काम जारी है और आग लगने के सही कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
उज्जैन में स्थित महाकाल मंदिर के पुजारियों ने 'गलत करम' गाने पर आपत्ति व्यक्त की है। पुजारी महासभा के अध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि गाने में आपत्तिजनक शब्दों के साथ गंदी-गंदी गालियां हैं जिसमें भगवान शिव का नाम लिया गया है। दरअसल, पैंथर नाम के एक रैपर ने 'गलत करम' नाम का एक म्यूजिक वीडियो बनाया है। लगभग 1 महीने पहले यूट्यूब पर अपलोड हुए इस वीडियो को 33 लाख लोग देख चुके हैं। पुजारियों ने आरोप लगाया है कि साढ़े 3 मिनट का गाना गालियों से भरा पड़ा है तथा उसमें महादेव का नाम लिया गया है। पुजारियों ने महादेव का नाम हटाने और साथ ही गाने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। साथ ही सिंगर को माफी मांगने के लिए कहा है। वही महाकाल मंदिर के पुजारी महेश शर्मा ने कहा, 'फिल्मों और एलबम में इस तरफ के गानों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखकर सनातन धर्म के लिए कानून बनाने को लेकर लिखा जाएगा कि ऐसा कानून बने जो फिल्मों और गानों में भगवान का नाम गलत तरीके से लेने वालों को सजा दी जा सके। हमारा विरोध जब तक रहेगा जब-जब सनातन धर्म के देवी-देवताओं का नाम अश्लीलता के साथ फिल्मों में दिखाया जाएगा। तथा भगवान के नाम के साथ अश्लील गाने बनाए जाएंगे। जिन्होंने इस गाने को लाइक किया है, वे ऐसा न करें। यदि अल्लाह, यीशु का नाम होता तो वो पूरा समाज एक होकर विरोध करता, मगर दुर्भाग्य है कि हिंदू सनातन को मानने वाले ऐसे अश्लील गाने को सुनकर लाइक करते हैं।'



Dec 31 2023, 15:19
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
6.9k