अपनी प्रतिभा व क्षमता को निखारें महिलाएं: ज्योत्सना
गोण्डा । बेटी बचाओ/बेटी पढ़ाओ पखवाड़े के तहत महिला कल्याण विभाग द्वारा विकास खण्ड बेलसर के सभागार में ब्लाक स्तरीय महिला प्रधानों की कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य घरेलू हिंसा, दहेज प्रथा, कन्या भ्रूण हत्या, बाल विवाह, बाल यौन शोषण, अशिक्षा व कानूनी प्राविधानों, महिला अपराधों से सम्बन्धित हेल्पलाइन नम्बर के बारे में जानकारी प्रदान करना रहा।
महिला कल्याण अधिकारी ज्योत्सना सिंह ने कहा कि महिलाओं को समान अधिकार समान अवसर और ससम्मान स्वतंत्रता का पूर्ण अधिकार है। हमें अपने लिए सिर्फ इतनी सी बात समझनी है कि अपनी प्रतिभा, दक्षता, क्षमता, अभिरूचि और रूझान को पहचानना है और हमे जिन गुणों से नवाजा है, उन्हें निखारना है।
उन्होने कहा कि इस कार्यशाला का उद्देश्य तब सार्थक होगा, जब कार्यशाला में मौजूद ग्राम प्रधान व महिला ग्राम प्रधान द्वारा अपने स्तर से भी गांवों में महिलाओं-बालिकाओं के साथ लोगों को जागरूक करेंगे।
जिला समन्वयक राजकुमार आर्य ने बताया कि महिलाओं के हित के लिए सरकार द्वारा कई योजनाएं संचालित हैं, जहां महिलाओं को उनकी प्रतिभा पर सम्मानित करने के साथ ही विशिष्ट परिस्थितियों में फंसी महिलाओं को सहायता भी प्रदान की जा रही है। प्रोजेक्ट कोआर्डिनेटर आशीष मिश्रा ने प्रधानों को विभिन्न हेल्पलाइन नम्बर 1090, 112, 181, 1098 आदि के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों के किसी भी मामले में 1098 पर काल कर बच्चे को सहायता प्रदान की जा सकती है।
प्रशिक्षक मनोज कुमार मिश्रा व निधि मिश्रा ने प्रधानों को विभिन्न मुद्दों पर जागरूक किया इस दौरान ग्राम प्रधान नीरा, बिन्नी देवी, रेनू शुक्ला, रचना सिंह, निधि सिंह, कृष्णा कुमारी, राखी देवी, गुड़िया मौर्या, पूजा दूबे सहित अन्य उपस्थित रहीं।
Dec 14 2023, 19:36