पालिका गोण्डा में ऐतिहासिक निर्णय देंगे नगर वासी: लक्ष्मी रायचंदानी
गोण्डा। मतदान का समय निकट आते ही प्रत्याशी जहां जीत हार का समीकरण हल करने में जुटे हैं वहीं नगर निकाय चुनाव में पालिका परिषद गोण्डा सदर से अध्यक्ष पद के लिए भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मी रायचंदानी नगर के मतदाताओं से मिल रहे प्रबल जनसमर्थन से जीत के प्रति आश्वस्त हैं।नगर की समस्याओं, विकास की रूपरेखा एवं अध्यक्ष पद के दायित्व पर खुलकर वार्ता किया। नगर पालिका क्षेत्र की समस्या पर सवाल पूंछने पर प्रत्याशी लक्ष्मी रायचंदानी ने कहा कि देखिए यहां समस्या एक नहीं अनगिनत है। नगर के हर कोने पर नगरवासी पोर पोर समस्याओं से त्रस्त हैं।
नगर पालिका क्षेत्र का पिछले 25 वर्ष से सुनियोजित षड्यंत्र कर समुचित विकास नहीं किया गया । यहां एक वर्ग की बदौलत जीते अध्यक्षों ने अपने धर्म जाति और निजी हित में केवल दो तीन वार्डों में शासन से प्राप्त लाखों रुपए का विकास धन पानी की तरह बहाकर नाले नाली व रास्ते ही नहीं अपने वर्ग के घर आंगन तक चमका दिए गए । नगर के दो तिहाई वार्ड विकास से उपेक्षित रह गए। विकास के प्रति उपेक्षा देखनी हो तो नगर के राजा मुहल्ले को देखिए। नगर के संस्थापक राजाओं के आवासीय क्षेत्र व राजा देबी बक्श सिंह की पुण्य भूमि राजा मुहल्ले में बदहाल सड़कों व टूटी नालियों से बजबजाती गलियों के बीच गुजरना मुश्किल है।
कांशीराम कालोनी की स्थिति बदतर हैं। बड़गांव में रानी बाजार सेमरा दम्मन साहबगंज सुभाषनगर राधाकुण्ड सिविल लाइन जैसे बीसों वार्ड विकास से उपेक्षित रह गए। विकास धन का बंदरबांट कर लिया गया। यहां तक कि पालिका कर्मचारियों के भविष्यनिधि की करोड़ों की धनराशि हड़प ली गई। नगरवासियों को स्वच्छ पेयजल प्रकाश व स्वच्छ वातावरण नसीब नहीं हुआ। पालिका प्रशासन की अदूरदर्शिता से वर्ष 2017 में नगर पालिका गोण्डा सदर भारत के सर्वाधिक गंदा नगर घोषित हुआ। प्रदेश सरकार द्वारा यदि पालिका के कार्यों की जांच व आय व्यय का भौतिक सत्यापन कराया गया तो करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार सामने आएगा।
पालिका के विकास एवं अध्यक्ष के दायित्व पर चर्चा करते हुए प्रत्याशी लक्ष्मी रायचंदानी ने कहा कि चेयरमैन होने पर वह पालिका प्रशासन का दायित्व बैसाखी के आधार पर नही वरन अपने विवेक से सभासदों के सुझाव पर निर्वहन करेंगी। मेरे परिवार के व्यक्तित्व व व्यवहार से नगरवासी परिचित हैं। मेरे पूज्य ससुर तुलसीदास रायचंदानी आजीवन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सदस्य व भारतीय जनसंघ व वर्तमान में भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता होने के साथ 1991 व 1993 में दो बार विधायक रहे। जनसेवा का संस्कार उन्हें परिवार से विरासत में मिला है।
लक्ष्मी रायचंदानी विकास के प्रति अपने संकल्प को दुहराते हुए कहती हैं। नगर का सर्वांगीण विकास उनका सपना है। मण्डल मुख्यालय की मर्यादा के अनुरूप नगर को स्वच्छ व सुन्दर बनाने का वह भरसक प्रयास करेंगी। पिछले 25 वर्ष से विकास से वंचित वार्डो का अभियान चलाकर विकास से संतृप्त करना उनका लक्ष्य है। भगवान राम की गोचर भूमि पर अवस्थित नगर में विद्यमान सभी पौराणिक स्थल का जीर्णोद्धार नगर के ऐतिहासिक तालाबों को स्पा शासन में किए गए अतिक्रमण से मुक्त बनाकर उनका विकास उनकी प्राथमिकता होगी। नगर में स्वच्छ पेयजल सभी प्रमुख मार्गों सहित गली मुहल्लों में प्रकाश की समुचित व्यवस्था व पालिका क्षेत्र में प्राथमिक शिक्षा को माडल बनाना उनका सपना है।
भाजपा प्रत्याशी ने चुनाव की चर्चा में बताया कि उन्होंने जनसंपर्क के दौरान पूरे क्षेत्र का भ्रमण किया है। महिलाओं से उनकी समस्याओं पर बात किया है। हमें खुशी है कि मुझे नगर के प्रत्येक वर्ग से समर्थन व आशीर्वाद मिल रहा है। निश्चित रूप से इस चुनाव में नगरवासी अपने समर्थन से ऐतिहासिक निर्णय देकर प्रधानमंत्री मोदीजी मुख्यमंत्री योगीजी के साथ पालिका में भाजपा की ट्रिपल इंजन से संचालित सरकार का गठन करेगी ।
May 01 2023, 18:12