पूर्व राज्य मंत्री ने किया सपा प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन
![]()
गोंडा। जनपद के कर्नलगंज नगर पालिका परिषद के सपा प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय का पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह ने फ़ीता काटकर उदघाटन किया। समाजवादी पार्टी ने कर्नलगंज नगर पालिका परिषद से पूर्व चेयरमैन रजिया खातून को पुनः अपना प्रत्याशी बनाया है।
निकाय चुनाव के संचालन के लिए चुनाव कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसकी अध्यक्षता पूर्व चेयरमैन शमीम अहमद उर्फ़ अच्छन ने और संचालन फहीम अहमद उर्फ़ पप्पू ने किया।
अमन चैन की पक्ष धर है सपा: योगेश प्रताप सिंह
इस अवसर पर पूर्व मन्त्री ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज सारी एजेंसियां/संस्थायें सरकार के इसारे पर कार्य कर रही हैं। लोकतंत्र का हनन करते हुये मनमानी तरीके से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में हम पहले कोई पहल नही करेंगे। मगर यदि हमारे साथ किसी तरह की नाइंसाफी करने की कोशिश की गई तो हम सड़क पर उतरने के लिए विवश हो जाएंगे।
बेहतर यही होगा कि हमें छेड़ा न जाय क्योंकि समाजवादी पार्टी अमन चैन की पक्षधर है, साथ ही यह भी कहा कि भाजपा सरकार से तंग आकर जनता सपा के पक्ष में मतदान करने का मन बना चुकी है।
जिले में सभी सीटें जीतेगी सपा
इस बार सपा प्रत्याशी रजिया खातून और भी अधिक मतों से जीतेंगी। एक सवाल के जवाब में कहा कि सपा जिले में सभी नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत में जीतेगी। उक्त कार्यक्रम में नेता अवधेश सिंह, नजीर इंडियन, अकबाल रजा कुरैशी, गणेश पांडेय, वीरभद्र पांडेय, मोहम्मद समी सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
Apr 24 2023, 17:05