छात्र हित सर्वोपरि: पुरानी नियमावली से विज्ञापन जारी कराने के लिए हर स्तर पर होगा प्रयास – जिलाधिकारी
प्रयागराज।पुरानी नियमावली से अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों एवं इंटर कॉलेजों में प्रस्तावित लगभग 20,000 से अधिक पदों पर भर्ती विज्ञापन जारी कराने की मांग को लेकर युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी प्रयागराज मनीष वर्मा एवं उप जिलाधिकारी सत्यम् मिश्र से विस्तृत वार्ता की। वार्ता के दौरान जिलाधिकारी ने छात्र-हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रमुख सचिव, माध्यमिक शिक्षा तथा शिक्षा निदेशक से इस विषय पर उचित एवं न्यायसंगत निर्णय लेने के संबंध में चर्चा की। साथ ही उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी इस विषय में हस्तक्षेप कर सभी प्रतियोगी अभ्यर्थियों को समान अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता से अवगत कराया।
युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने प्रेस को जारी बयान में बताया कि जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से माना कि 16 सितम्बर 2025 को अचानक नियमावली में किया गया परिवर्तन लाखों बेरोजगार युवाओं के भविष्य को प्रभावित करने वाला विषय है। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि प्रत्येक स्तर पर सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे, ताकि छात्र-हितों के अनुरूप उचित निर्णय लिया जा सके।
श्री सिंह ने बताया कि घंटों चली सार्थक वार्ता के उपरांत जिलाधिकारी एवं उप जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि पुरानी नियमावली से भर्ती विज्ञापन जारी कराने के लिए शासन स्तर तक प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि बिना पर्याप्त अवसर दिए अचानक नई नियमावली लागू करना न्यायोचित नहीं माना जा सकता।
युवा मंच ने कहा कि नई नियमावली लागू होने की स्थिति में लगभग 7 लाख से अधिक अभ्यर्थी आवेदन करने के अवसर से वंचित हो जाएंगे। जबकि पुरानी नियमावली से भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ होने पर किसी भी वर्ग के अभ्यर्थी का अहित नहीं होगा। विशेष रूप से प्रवक्ता पदों पर बिना बी.एड. अभ्यर्थियों, तथा प्राविधिक कला, हिन्दी, अंग्रेजी, संगीत एवं शारीरिक शिक्षा विषयों के अभ्यर्थियों को समान अवसर प्राप्त होगा और लाखों युवाओं के रोजगार की आशा बनी रहेगी।
प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि प्रशासन द्वारा छात्रों की मांग को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक पहल किए जाने के कारण 11 जून 2026 से नई नियमावली के विरोध में चल रहा आंदोलन फिलहाल स्थगित किया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सरकार एवं शासन द्वारा छात्रों के हित में न्यायपूर्ण निर्णय नहीं लिया गया, तो युवा मंच पुनः व्यापक जनसमर्थन के साथ लोकतांत्रिक आंदोलन का आगाज करेगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर प्रभाकर सिंह परिहार, साधना सिंह, दीपा सिंह, रीता केशरवानी, प्रियंका मिश्रा, विनीता, रिंकी चौहान, आरती सिंह, बृजेश पाण्डेय, अखिलेश वर्मा, एल. के. चौधारी, कुमार कौशल, अमित पाण्डेय, भानु प्रताप शुक्ला, के. डी. वर्मा, बृजेश सिंह, संदीप पाल, बृजेश तिवारी, आदित्य पाल, अमृत सरोवर सहित युवा मंच के सैकड़ों कार्यकर्ता एवं अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
22 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
10- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k