नवाचारों को प्रोत्साहन देने के लिए राज्य सरकार प्रयासरत : मंत्री लोढ़ा
मुंबई। सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ प्रतियोगिता में राज्य के विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने तथा महाराष्ट्र के युवा नवाचारकर्ताओं, विद्यार्थियों और ग्रामीण क्षेत्रों के स्टार्टअप्स को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार विभाग के अंतर्गत रतन टाटा महाराष्ट्र राज्य कौशल विश्वविद्यालय और महाराष्ट्र चेंबर ऑफ कॉमर्स, इंडस्ट्री एंड एग्रीकल्चर (MACCIA) के अंतर्गत कार्यरत ‘गाँव वहाँ उद्यमी इनक्यूबेशन काउंसिल’ (GTUIC) के बीच आज मंत्रालय में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा की प्रमुख उपस्थिति में संपन्न हुआ। मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि राज्य सरकार नवाचारों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार के मार्गदर्शन में राज्य के जमीनी स्तर पर होने वाले नवाचारों को प्रोत्साहित करना और ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ प्रतियोगिता के माध्यम से सामाजिक समस्याओं के तकनीक-आधारित प्रभावी समाधान खोजना इस समझौते का मुख्य उद्देश्य है। इस पहल के अंतर्गत पूरे महाराष्ट्र में, विशेष रूप से शैक्षणिक संस्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में, अधिक से अधिक विद्यार्थियों एवं संभावित उद्यमियों तक पहुँचकर उन्हें मार्गदर्शन और तकनीकी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी। मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा, “इस समझौते के माध्यम से राज्य के युवाओं के नवाचारपूर्ण विचारों और स्टार्टअप्स को उचित दिशा देने का कार्य किया जाएगा। ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवाओं को एक मंच पर लाकर उन्हें उद्योग जगत से जोड़ना तथा उनकी रचनात्मक सोच को व्यावसायिक स्वरूप देना हमारी नीति है। इस सहयोग से महाराष्ट्र के उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र को और अधिक मजबूती मिलेगी। राज्य के महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों के विद्यार्थियों तक पहुँचकर उन्हें ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के बारे में जानकारी दी जाएगी। चयनित नवाचारकर्ताओं और स्टार्टअप्स को विशेषज्ञों के माध्यम से मार्गदर्शन, तकनीकी सहायता और उपयुक्त मंच उपलब्ध कराया जाएगा। युवाओं को केवल रोजगार प्राप्त करने तक सीमित न रखते हुए उन्हें सक्षम उद्यमियों के रूप में विकसित करना हमारा लक्ष्य है। इस समझौता ज्ञापन से राज्य में सतत विकास, नवाचार और रोजगार सृजन की प्रक्रिया को और गति मिलेगी।” उन्होंने इस अवसर पर यह विश्वास व्यक्त किया। महाराष्ट्र चेंबर ऑफ कॉमर्स, इंडस्ट्री एंड एग्रीकल्चर (MACCIA) के अंतर्गत कार्यरत ‘गाँव वहाँ उद्यमी इनक्यूबेशन काउंसिल’ के अध्यक्ष रवींद्र माणगावे ने कहा कि यह पहल महाराष्ट्र के ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं और महिलाओं को रोजगार तलाशने वालों के बजाय रोजगार सृजित करने वाले उद्यमियों के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक युवा, महिलाएँ और स्थानीय कारीगर ऐसे हैं, जिनके पास व्यवसाय शुरू करने की क्षमता और नए विचार हैं। हालाँकि, उचित मार्गदर्शन, पूँजी, तकनीक, बाजार और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध न होने के कारण उनके व्यवसायों के विस्तार में बाधाएँ आती हैं। इस अंतर को दूर करने के लिए संस्था गाँव स्तर से लेकर जिला और राज्य स्तर तक कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि संस्था महाराष्ट्र के सभी 36 जिलों में चरणबद्ध तरीके से जिला स्तर पर उद्योग संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने और प्रत्यक्ष रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए संस्था अधिकतम सहयोग प्रदान करेगी।
इस अवसर पर कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार विभाग की अपर मुख्य सचिव मनीषा वर्मा, रतन टाटा महाराष्ट्र राज्य कौशल विश्वविद्यालय की कुलगुरु डॉ. अपूर्वा पालकर तथा महाराष्ट्र चेंबर ऑफ कॉमर्स, इंडस्ट्री एंड एग्रीकल्चर के अंतर्गत कार्यरत ‘गाँव वहाँ उद्यमी इनक्यूबेशन काउंसिल’ के अध्यक्ष रवींद्र माणगावे ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर आशिष पेडणेकर, करुणाकर शेट्टी, शिवाजी मानकर, शिखर जैन, रामेश्वर पवार, सुरेश घोरपडे, अण्णासाहेब पाटील, दिवाकर केसकर, अधिवक्ता रिचा पाठक, अक्षता भांबले, विशाल बंडगर और जितु चव्हाण उपस्थित थे।




गोण्डा। थाना कोतवाली नगर, जनपद गोण्डा पर पंजीकृत मु0अ0सं0 45/2026 धारा 319(2)/318(4)/336(3)/338/340(2)/316(5)/ 3(5)/61(2)(1) बीएनएस से सम्बन्धित अभियुक्तगण द्वारा अपराध के माध्यम से अर्जित सम्पत्ति के विरुद्ध नियमानुसार कुर्की/जब्तीकरण की कार्यवाही की गयी।
जौनपुर । साहित्यिक और सांस्कृतिक संस्था कोशिश की मासिक काव्य गोष्ठी बाबू रामेश्वर प्रसाद सिंह सभागार रासमंडल जौनपुर में आयोजित हुई।उक्त अवसर पर ख्यातिप्राप्त कवि जनार्दन प्रसाद अष्ठाना पथिक की गजल संग्रह " किससे कहूं " का लोकार्पण वरिष्ठ साहित्यकारों की उपस्थिति में हुआ।कार्यक्रम की अध्यक्षता समीक्षा दृष्टि संपन्न कवि सूर्य भान उपाध्याय और मुख्य अतिथि की भूमिका में मुंबई से कवि और पत्रकार विनय शर्मा दीप उपस्थित रहे।मां वीणा पाणि की आराधना के पश्चात नंद लाल समीर की रचना - मेरे भारत तेरी शान निराली है, कहीं जश्नै ईद,कहीं दीवाली है।राजेश पाण्डेय की रचना कारण सत्ता आधुनिक मानव को आध्यात्मिक चेतना से जोड़ती लगी तो वहीं अनिल उपाध्याय की क्षणिका--आज करेगा,कल पायेगा/यकीनन बुरा कर्म कलपायेगा/मानव की कर्म फल बांच गयी।कवि रामजीत मिश्र का शेर---घर में भी मोलभाव का बाजार गर्म है/दिखता है फायदा ही, अपनापन नहीं रहा/नैतिक मूल्यों के क्षरण को दिखा गया। डाक्टर संजय सिंह सागर का गीत --बेचता हूं सपन ग़म के बाजार में/आज शामिल हो तुम भी खरीदार में/यथार्थ के भाव भूमि पर खड़ा कर दिया। अमृत प्रकाश का शेर*शायद किसी ने फूंक दिया घर गरीब का /कल रात मेरे गांव में क्या रोशनी रही/व्यवस्था को आईना दिखा गया तो वहीं आशिक जौनपुरी का शेर --मुझे कुछ देर जरा मैकदे में रहने दें/जरा भी होश में आऊंगा, चला जाऊंगा/खूब पसंद किया गया। पथिक का गीत --जब से घर तुम छोड़ गये हो बीत रही है कैसे/वियोग में दग्ध हृदय का करुण उद्गार लगा।एस बी उपाध्याय की रचना मन के उधेड़ बुन को चित्रित कर गयी। विनय शर्मा दीप ने आदि शक्ति मां जगदम्बा की स्तुति सवैया छंद में किया --आदि अनंत तुही जग में/तृण पल्लव वास तुम्हार भवानी/गोष्ठी भक्ति में लीन हो गयी।अशोक मिश्र की रचना --मां ने दीपक बारा होगा इस दीवाली/अंधियारा फुफकारा होगा इस दीवाली/विकृति के विरुद्ध दीप जलाकर रोशनी का संदेश दी। गोष्ठी में प्रोफेसर आर एन सिंह ने आगामी वार्षिक समारोह आयोजित करने के संबंध में दिशा निर्देश दिया। गोष्ठी में ओंकार नाथ यादव कलाधर, फूल चंद भारती, दिनेश कपूर, रूपेश साथी, कमलेश कुमार, प्रदीप श्रीवास्तव की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। डाक्टर विमला सिंह ने आये साहित्यिकारो के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ इस बहुराज्यीय नवाचार प्रतियोगिता को मिल रहे बढ़ते प्रतिसाद को देखते हुए आवेदन की समय सीमा ३० अक्टूबर २०२६ तक बढ़ा दी गई है। इस प्रतियोगिता के लिए अब तक महाराष्ट्र, गोवा, छत्तीसगढ़ तथा दादरा और नगर हवेली एवं दमण और दीव केंद्रशासित प्रदेश से कुल २९ हजार से अधिक पंजीकरण हुए हैं। कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने विद्यार्थियों, उद्यमियों, नवप्रवर्तकों और स्टार्टअप्स से इस प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है।मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार विभाग के माध्यम से महाराष्ट्र में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया २१ सितंबर से शुरू हुई थी। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि १७ अक्टूबर निर्धारित की गई थी। हालांकि, प्रतियोगिता को मिल रहे उत्साहपूर्ण प्रतिसाद को देखते हुए यह समयसीमा अब ३० अक्टूबर तक बढ़ा दी गई है। इस प्रतियोगिता में स्कूल एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थी, शोधकर्ता, प्राध्यापक, उद्यमी, स्टार्टअप्स, शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थान तथा विभिन्न नवाचार समूह भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता में जिलावार पुरस्कारों का भी प्रावधान किया गया है। इससे अपने नए विचारों को साकार करने के इच्छुक युवाओं को अपनी कल्पनाएं प्रस्तुत करने और उन्हें व्यापक स्तर पर पहचान दिलाने का अवसर मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस प्रतियोगिता के अंतिम चरण और पुरस्कार वितरण समारोह में उपस्थित रहने का निमंत्रण स्वीकार किया है।
मुंबई। दक्षिण मुंबई के नाना चौक स्थित शारदा स्कूल में जैन इंटरनेशनल वुमेन ऑर्गनाइजेशन (JIWO) के साउथ मुंबई चैप्टर की ओर से आयोजित ‘JIWO बाजार’ का भव्य आयोजन शनिवार, 17 अक्टूबर को दक्षिण मुंबई में संपन्न हुआ। महिलाओं को अपने हुनर, उत्पादों और व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित इस एग्जिबिशन में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
Oct 22 2026, 17:53
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.5k