योग से निरोग, प्राणायाम से तनावमुक्त—थाना महुली में पुलिसकर्मियों के लिए विशेष योग प्रशिक्षण कार्यक्रम
रमेश दूबे
संतकबीरनगर । पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा द्वारा चलाए जा रहे हैं स्वस्थ्य पुलिसकर्मी,स्वच्छ थाना, सशक्त व्यवहार के तहत ,पुलिसकर्मियों की शारीरिक फिटनेस, मानसिक मजबूती एवं तनावमुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज थाना महुली परिसर में विशेष योग एवं प्राणायाम प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर योग गुरु धर्म प्रकाश यादव, सूबेदार (फौजी) द्वारा थाना महुली के समस्त पुलिसकर्मियों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली के लिए योग, ध्यान एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा दैनिक जीवन में इन्हें अपनाने के महत्वपूर्ण टिप्स दिए गए।
योग गुरु द्वारा पुलिसकर्मियों को बताया गया कि पुलिस की ड्यूटी कर्तव्य, अनुशासन और निरंतर मानसिक सजगता की मांग करती है। लंबे समय तक ड्यूटी, अनियमित दिनचर्या एवं कार्य का तनाव शरीर और मन दोनों को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में प्रतिदिन कुछ समय योग, प्राणायाम एवं ध्यान के लिए निकालना शरीर को सक्रिय, मन को शांत तथा कार्यक्षमता को बेहतर बनाए रखने में सहायक हो सकता है।
कार्यक्रम के दौरान तनाव प्रबंधन, शारीरिक फिटनेस, श्वसन क्षमता एवं बेहतर मानसिक एकाग्रता के लिए विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने, संतुलित खान-पान रखने तथा पर्याप्त विश्राम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
योग गुरु धर्म प्रकाश यादव ने बताया कि वह अपने अवकाश के समय का सदुपयोग करते हुए विभिन्न विद्यालयों, संस्थाओं एवं सार्वजनिक स्थलों पर योग प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करते हैं। उनके द्वारा देश के विभिन्न स्थानों पर लोगों को “योग करें, निरोग रहें” का संदेश देते हुए स्वस्थ एवं तनावमुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
पुलिसकर्मी स्वस्थ रहेगा, तभी समाज की सुरक्षा और बेहतर ढंग से कर पाएगा
थाना महुली में आयोजित यह कार्यक्रम केवल योगाभ्यास तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पुलिसकर्मियों को यह संदेश भी दिया गया कि अपनी सेहत का ध्यान रखना भी कर्तव्य का ही एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
दिन-रात जनता की सुरक्षा के लिए तत्पर रहने वाले पुलिसकर्मियों के लिए स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक सोच सबसे बड़ी ताकत है। योग और प्राणायाम इसी ताकत को मजबूत करने का सरल एवं प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी पुलिसकर्मियों ने नियमित रूप से योग, प्राणायाम एवं ध्यान को अपनी दिनचर्या में शामिल करने तथा स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और तनावमुक्त जीवन की दिशा में निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
“खुद स्वस्थ रहें, मन को शांत रखें और पूरे समर्पण के साथ समाज की सेवा करें—यही एक स्वस्थ पुलिस बल की पहचान है।”
4 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1.5k