केमिस्ट्री के नोबेल पुरस्कार का ऐलान, जापान-ऑस्ट्रेलिया और यूएस के वैज्ञानिकों को मिला सम्मान
#nobelprize2025forchemistry
रसायन विज्ञान के नोबेल पुरस्कार का ऐलान हो गया है। इस साल जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के वैज्ञानिकों को रसायन विज्ञान का नोबेल देने का ऐलान हुआ है। रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने सुसुमु कितागावा, रिचर्ड रॉबसन और उमर एम. याघी को पुरस्कार देने का फैसला किया है। यह पुरस्कार इन वैज्ञानिकों को डेवलपमेंट ऑफ मेटल ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क के लिए दिया गया है।
रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने क्या कहा?
द रॉयल स्वीडिश अकेडमी ऑफ साइंसेज ने कहा कि इन तीनों वैज्ञानिकों ने एक नए तरह के मौलिक्यूलर आर्किटेक्टर को विकसित किया है। इनकी बनाई गई संरचनाओं, जिन्हें मेटल-ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क्स कहा जाता है, में बड़े-बड़े खोखले स्थान होते हैं, जिनमें मॉलिक्यूल्स आसानी से अंदर-बाहर आ और जा सकते हैं। शोधकर्ता इन फ्रेमवर्क्स का इस्तेमाल रेगिस्तानी हवा से पानी निकालने, पानी से गंदगी हटाने, कार्बन डाइऑक्साइड को कैप्चर करने और हाइड्रोजन स्टोर करने जैसे उपयोगों में कर रहे हैं। मेटल-ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क्स के विकास के जरिए इन वैज्ञानिकों ने रसासन विज्ञान के क्षेत्र में कई नई संभावनाओं के दरवाजे खोल दिए हैं।
पिछले साल केमिस्ट्री इन्हें मिला था नोबेल पुरस्कार
पिछले साल 2024 में केमिस्ट्री में प्रोटीन साइंस में उनके क्रांतिकारी योगदान के लिए डेविड बेकर को नोबेल पुरस्कार का आधा हिस्सा दिया गया था और डेमिस हैसाबिस और जॉन एम. जंपर को संयुक्त रूप से आधा पुरस्कार दिया गया था। जहां डेविड बेकर को कम्प्यूटेशनल प्रोटीन डिजाइन के लिए आधा नोबेल पुरस्कार जबकि डेमिस हैसाबिस और जॉन एम. जंपर को प्रोटीन संरचना की भविष्यवाणी करने के लिए संयुक्त रूप से आधा नोबेल पुरस्कार दिया गया था।
5 hours ago