मिशन शक्ति 5.0" के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण हेतु भव्य जागरूकता रैली का आयोजन
![]()
मिशन शक्ति रैली का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर, स्वावलंबन आदि के प्रति जागरूक करना
गोण्डा।महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित "मिशन शक्ति 5.0" अभियान के अंतर्गत शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज (टामसन) से एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसे जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। यह रैली महिला सशक्तिकरण, स्वावलंबन, सुरक्षा, शिक्षा एवं जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित रही।
रैली में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं एवं महिला पुलिस बल की सहभागिता रही, जिन्होंने समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से संदेशवाहक के रूप में कार्य किया। रैली के माध्यम से छात्राओं ने नारों, पोस्टरों एवं जनसंपर्क के जरिए महिला अधिकारों और उनके सम्मान के प्रति जनमानस को जागरूक किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने अपने संबोधन में कहा कि “महिलाओं का सशक्तिकरण न केवल समाज के विकास के लिए आवश्यक है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। मिशन शक्ति जैसे कार्यक्रम महिलाओं को जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।”
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री संतोष कुमार सोनी ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं के जीवन को सशक्त और सुरक्षित बनाना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की रैलियों के माध्यम से हम समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित कर सकते हैं।
मिशन शक्ति कार्यक्रम की प्रभारी पुलिस विभाग श्रीमती प्रतिभा सिंह ने रैली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह कार्यक्रम नारी जागरूकता की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
इस रैली में राजकीय बालिका इंटर कालेज, स्वामी विवेकानन्द इंटर कालेज, सरयू प्रसाद कन्या पाठशाला, सरस्वती इंटर कालेज, भैया राघवराम पाण्डेय इंटर कालेज व रोजवुड इंटर कालेज की सैकड़ों छात्राओं ने साइकिल व महिला पुलिसकर्मी द्वारा स्कूटी से रैली में शामिल हुईं। रैली के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान महिलाओं व बालिकाओं को सशक्त बनाने के साथ-साथ जागरूक करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं समाज में योगदान देने के लिए पूर्ण रूप से तत्पर हैं। यह रैली आमजन में व्यापक जागरूकता के लिए निकाली गयी।
रैली शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कालेज से शुरू होकर अम्बेडकर चौराहे तक निकाली गई है। उसके बाद पुनः वापस होकर शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कालेज पर ही समाप्त हुई। इस दौरान सुरक्षा व यातायात व्यवस्था हेतु पुलिस बल तैनात रही तथा चिकित्सीय आवश्यकता के दृष्टिगत चिकित्सक व एम्बुलेंस भी मौजूद रहे। छात्राओं को महिला कल्याण विभाग की ओर से बिस्किट व पानी का भी वितरण किया गया।
इस दौरान प्रधानाचार्य टामसन कॉलेज अवध शरण मिश्र, प्रधानाचार्य राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गीता त्रिपाठी, चन्द्रमोहन वर्मा, आशीष मिश्रा, शिवेन्द्र श्रीवास्तव, सिद्धनाथ पाठक, किशन समेत विभिन्न स्कूलों की शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।
Oct 03 2025, 18:12