झारखंड छात्र मोर्चा के दर्जनों सदस्य आजसू छात्र संघ में शामिल: सुदेश महतो बोले- हेमंत सरकार राज्यपाल के अधिकारों पर कर रही प्रहार

रांची, 29 जुलाई 2025: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि हेमंत सरकार की प्राथमिकता शिक्षा में गुणात्मक सुधार करने की नहीं है, बल्कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए राज्यपाल के अधिकारों पर प्रहार किया जा रहा है। महतो ने इसे लोकतांत्रिक परंपराओं और संविधान की मूल भावना का अपमान बताया।
युवाओं और छात्रों को ठगा, बेरोजगारी चरम पर: सुदेश महतो
आज पार्टी कार्यालय में आजसू छात्र संघ द्वारा आयोजित मिलन समारोह को संबोधित करते हुए श्री महतो ने कहा कि झारखंड की वर्तमान सरकार ने युवाओं और छात्रों को ठगा है। उनके अनुसार, राज्य में बेरोजगारी चरम पर है और नौकरियाँ सिर्फ कागजों पर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की प्राथमिकता शराब की दुकानों का समय तय करना है, न कि युवाओं का भविष्य।
श्री महतो ने कहा कि अब कुलपति का चयन सरकार करेगी, जो युवाओं के अधिकारों पर कुठाराघात है। उन्होंने याद दिलाया कि इससे पहले जनजातीय सलाहकार परिषद के मामले में भी राज्यपाल के अधिकारों में कटौती की गई है, जबकि लोकतांत्रिक व्यवस्था में संविधान ने राज्यपाल को कुछ मामलों में विशेषाधिकार प्रदान किए हैं।
सुदेश महतो ने दोहराया कि उनकी लड़ाई झारखंड के हर वर्ग के लिए है। उन्होंने कहा, "हम विचारों को एकत्रित करेंगे, चाहे वह परिवार हो, गांव हो या कोई क्षेत्र। यह पार्टी सभी वर्गों की है, और हम इसे हर मुद्दे पर निर्णायक लड़ाई के साथ आगे ले जाएंगे।"
उन्होंने सरकार पर स्थानीय नीति और नियोजन नीति के नाम पर झूठे वादों से जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। महतो ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया हो या नियुक्ति कैलेंडर—हर मोर्चे पर यह सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने दावा किया कि तीन महीने में शून्य खर्च हुआ है और योजनाओं पर कोई अमल नहीं किया जा रहा है।
आजसू ने संघर्ष कर बनाया है झारखंड: प्रवीण प्रभाकर
केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने इस अवसर पर कहा कि आजसू ने इतिहास रचा है और संघर्ष कर अलग राज्य लिया है। उन्होंने बताया कि आजसू ने तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार से वार्ता कर वनांचल की बजाय झारखंड नामकरण करवाया था। श्री प्रभाकर ने कहा कि पार्टी छात्रों, युवाओं और सभी वर्गों के लिए हमेशा संघर्ष करती रही है। उन्होंने जोर दिया, "हम सरकार के खिलाफ मजबूती से लड़ेंगे। हमारा लक्ष्य सामाजिक न्याय और समृद्ध झारखंड है।"
झारखंड छात्र मोर्चा के सदस्य आजसू में शामिल
आजसू पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में झारखंड छात्र मोर्चा से आए प्रताप सिंह के नेतृत्व में रांची, बोकारो, देवघर, चतरा और गिरिडीह जिलों से कई छात्रों ने आजसू की सदस्यता ली।
आजसू में शामिल होने वाले प्रमुख सदस्यों में:
रांची से: प्रताप सिंह, विद्यानंद राय, ऋषभ सिंह, अरुण चौहान, राहुल पासवान, पृथ्वी एक्का, राजा चौहान, सिकंदर मुंडा, अनुराग ठाकुर, रोहन चौहान।
बोकारो से: कार्तिक गुप्ता, अरुण जायसवाल, हर्षवर्धन सिंह, गौरव कुमार।
देवघर से: सचिन सिंह, आयुष सिंह, प्रीतम भरद्वाज, हर्षित पांडे।
चतरा से: शुभम तिवारी, रोशन कुमार, प्रभाकर चौहान, रोहित भरद्वाज, अमिताभ कुमार, आनंद कुमार।
गिरिडीह से: किशोर मंडल।
इस अवसर पर प्रताप सिंह ने कहा कि आजसू कोई संगठन नहीं, बल्कि एक सोच है। उन्होंने इसे "वीर योद्धाओं की पार्टी" बताया, जो झारखंड को सुनहरा बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर दीपक महतो, संजय मेहता, बसंत महतो, कुमुद वर्मा, परवाज खान, ऋतुराज शाहदेव, ओम वर्मा, ज्योत्सना केरकेट्टा, मोहसिन खान, अभिषेक आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम के मीडिया संयोजक परवाज खान थे।
Jul 30 2025, 20:07