आयुष ने नीट परीक्षा में लहराया परचम 99.779 अंक किया हासिल,जिले में खुशी की लहर
,औरंगाबाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी(एनटीए) ने शनिवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा(नीट यूजी 2025) के परिणामों की घोषणा कर दी है। घोषित परिणाम में बिहार के औरंगाबाद सदर प्रखंड के बैजनाथ बिगहा निवासी आयुष कुमार ने 99.779 परसेंटाइल अंक हासिल किया है। उसने ऑल इंडिया जेनरल कैटेगरी में 5042वां और ओबीसी कैटेगरी में 1969वां रैंक लाया है। आयुष की उपलब्धि से उसके परिवार ने खुशियां बिखेरी है।
परिवार को इस बात पर गर्व है कि आयुष ने न केवल परिवार, बल्कि अपनी सफलता से औरंगाबाद जिले और पूरे बिहार को गौरवान्वित किया है। पोते की सफलता पर आयुष के दादा व औरंगाबाद के रामलखन सिंह यादव कॉलेज के रिटायर्ड लैब इंचार्ज सूर्यदेव यादव ने कहा कि उन्होने पोते को डॉक्टर बनने का सपना देखा था। अपने पेंशन की राशि पोते की पढ़ाई पर खर्च करते थे।
पोते ने यह सफलता हासिल कर उनकी उम्मीदों को पूरा किया है, आज उन्हे बेहद खुशी महसूस हो रही है। इस दौरान दादी शांति देवी भी खुशी से लबरेज दिखी। आयुष की मां रेणु देवी ने बेटे की सफलता पर कहा कि आयुष के दादा पूरे परिवार के बच्चों के मार्गदर्शक है। उनके मार्गदर्शन में हमारे परिवार के बच्चें पढ़ाई कर आगे बढ़ रहे है। आयुष ने मेडिकल की प्रवेश परीक्षा पास कर अपनी मां का मान-सम्मान बढ़ाया है।
आयुष की चाची शांति देवी ने भी भतीजे की सफलता पर खुशी का इजहार किया। वही आयुष के पिता सुबोध कुमार सुमन और बड़े चाचा विनय कुमार सुमन ने कहा कि हमें आयुष की सफलता पर गर्व की अनुभूति हो रही है। आयुष ने अपने परिवार, गांव, प्रखंड और जिले का मान-सम्मान बढ़ाया है। आयुष ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पैरेंट्स और टीचर्स को देते हुए कहा कि पिछ्ले साल पहले प्रयास में सफलता नही मिलने पर वह निराश नही हुआ था बल्कि दोगुने उत्साह से फिर से तैयारी में लग गया था। 12 से 14 घंटे तक मेहनत से पढ़ाई की, जिसका परिणाम यह सफलता है। कहा कि मेहनत करने पर परिणाम बेहतर मिलता ही है।
इसलिए जो छात्र मेहनत करेंगे, उन्हे सफलता जरूर मिलेगी। आयुष ने बताया कि वर्ग-6 से 10 तक की पढ़ाई उसने बारूण के नवोदय विद्यालय से पूरी की। वर्ष 2022 में उसे 10वीं में 500 में 476 यानी 95.2 प्रतिशत अंको से प्रथम आया था। वही आईएससी की पढ़ाई उसने शहर के सच्चिदानंद सिंहा कॉलेज से पूरी की और 2024 में इस परीक्षा में उसे 500 में 422 अंक यानि 84.4 प्रतिशत अंक मिले और प्रथम श्रेणी से पास किया। इस दौरान एपीयरिंग कैंडिडेट के रूप में नीट परीक्षा के लिए पहला अटेम्पट किया। पिछ्ली बार तो सफलता नही मिली लेकिन इस बार सफलता मिली।
औरंगाबाद बिहार से धिरेन्द्र पाण्डेय
Jun 14 2025, 19:06