*1.31 करोड़ से बनेगा जनपद का पहला मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय*
![]()
रिपोर्ट -नितेश श्रीवास्तव
भदोही। शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए जिले में पहले मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय की स्थापना की कवायद शुरू हो गई है। ज्ञानपुर नगर से सटे प्राथमिक विद्यालय भिदिउरा को अपग्रेड किया जाएगा। इसके विकास के लिए 1.31 करोड़ रुपये की मंजूरी मिल चुकी है, जिसमें 65 लाख रुपये का आवंटन भी हो गया है।जिले में 885 परिषदीय और करीब 750 निजी एवं कान्वेंट विद्यालय संचालित हैं। शासन स्तर से सरकारी विद्यालयों में बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने का लगातार प्रयाास किया जा रहा है। अब नई शिक्षा नीति के तहत मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट स्कूल का निर्माण कराया जाएगा। इसमें नर्सरी से लेकर आठवीं तक की कक्षाएं चलेंगी। छात्रों को हाईटेक भवन के साथ अन्य सुविधाएं मिलेंगी। स्कूल की स्मार्ट कक्षाओं में छात्रों को पढ़ाया जाएगा। एक लाइब्रेरी होगी, जिसमें छात्रों को बैठकर पढ़ने के लिए सभी सुविधाएं मिलेंगी। कंप्यूटर लैब, साइंस और रोबोटिक्स के बारे में सीखने के लिए मॉड्यूलर कंपोजिट लैब, स्मार्ट क्लासरूम और स्टाफ रूम भी होंगे। बाल वाटिका, न्यूट्रिशन गार्डन, वाईफाई और आनलाइन सीसीटीवी निगरानी की सुविधाएं भी होगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि प्राथमिक विद्यालय भिदिउरा का चयन अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय के लिए किया गया है। एक करोड़ 31 लाख से इसे अपग्रेड किया जाएगा। जल्द ही इसका काम शुरू कराया जाएगा।
May 27 2025, 17:56