सीएम ने बाढ़ एवं सुखाड़ से निपटने की तैयारियां की समीक्षा की, दिए कई जरुरी निर्देश
डेस्क : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बाढ़ एवं सुखाड़ से निपटने की तैयारियां इसी माह के अंत तक पूरी कर लेने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को मुख्य सचिवालय स्थित सभा कक्ष में संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ के पूर्व तैयारियों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक भी जुड़े रहे।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी एवं विभागीय पदाधिकारियों को क्षेत्र में जाकर स्थिति का आकलन करने तथा लोगों से बात कर समस्याओं का समाधान करने को कहा। सभी जिलों के प्रभारी मंत्री और प्रभारी सचिव जिलों में जाकर वस्तु स्थिति की जानकारी लें और उस आधार पर कार्य करें।
सीएम ने कहा कि जून के प्रथम सप्ताह तक अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति एवं समस्याओं का बेहतर ढंग से आकलन कर उसके समाधान के लिये कार्य करें। मौसम के बदलाव को ध्यान में रखते हुए हर चीज पर नजर रखनी है और पूरी तरह से सतर्क रहना है। मुस्तैदी के साथ सभी लोग लगे रहेंगे तो आपदा की स्थिति में लोगों को राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के खजाने पर पहला अधिकार आपदा पीड़ितों का है। राज्य सरकार बाढ़ और सुखाड़ की स्थिति में प्रभावितों को हरसंभव मदद करती है, इसे ध्यान में रखते हुए सभी सतर्क रहें।
May 21 2025, 13:39