झारखंड पुलिस एसोसिएशन का दो दिवसीय महाधिवेशन शुरू, नए पदाधिकारियों का चुनाव 28 फरवरी को

रांची: झारखंड पुलिस एसोसिएशन का दो दिवसीय महाधिवेशन गुरुवार से शुरू होने जा रहा है। महाधिवेशन के दूसरे दिन एसोसिएशन के नए पदाधिकारियों का चुनाव होगा।
एसाेसिएशन के सात पदों के लिए इस बार 17 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें एक अध्यक्ष पद पर तीन प्रत्याशी, दो उपाध्यक्ष पद पर पांच प्रत्याशी, एक महामंत्री पद पर तीन प्रत्याशी, दो संयुक्त सचिव पद पर चार प्रत्याशी व एक संगठन सचिव के पद पर दो प्रत्याशी शामिल हैं।
इसमें राज्यभर के सभी जिलों व पुलिस इकाइयों के एसोसिएशन से जुड़े 1056 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
28 फरवरी को ही मतों की गिनती होगी
झारखंड पुलिस के एएसआइ से पुलिस निरीक्षक स्तर के पदाधिकारियों के इस केंद्रीय एसोसिएशन का चुनाव अपने नियत कार्यकाल से दो साल विलंब से हो रहा है। चुनाव प्रचार समाप्त हो चुका है। अब चुनाव की बारी है।
28 फरवरी को ही मतों की गिनती होगी, जिसका देर रात तक परिणाम आ जाएगा। चयनित नए पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह एक मार्च को निर्धारित है।
झारखंड पुलिस एसोसिएशन के नए पदाधिकारियों के चुनाव को लेकर पुलिस मुख्यालय से भी कई बार रिमाइंडर भेजा जा चुका है।
यह एसोसिएशन झारखंड पुलिस के कनीय पुलिस पदाधिकारियों का एसोसिएशन है, जो अपने सदस्यों की समस्याओं के समाधान को लेकर पुलिस मुख्यालय, सरकार के बीच सेतु का काम करता है।
झारखंड पुलिस एसोसिएशन के चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशी
अध्यक्ष पद पर राहुल कुमार मुर्मू, रवींद्र कुमार व कमलेश सिंह, उपाध्यक्ष पद पर निरंजन तिवारी, रोहित कुमार रजक, रामाकांत उपाध्याय, महताब आलम व अशोक तिवारी, महामंत्री पद पर संजीव कुमार, अरविंद कुमार यादव, नीलमणी राम, संयुक्त सचिव पद पर संतोष कुमार महतो, राकेश कुमार पांडेय, श्रीकांत शर्मा व मनोज पासवान तथा संगठन सचिव के पद पर मंटू कुमार व निर्मल कुमार यादव।
योगेंद्र सिंह ने लिया नाम वापस, सभी सदस्य चाहते हैं बदलाव
झारखंड पुलिस एसोसिएशन के केंद्रीय कार्यालय के समीप बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में राहुल कुमार मुर्मू गुट ने बताया कि एसोसिएशन के सभी सदस्य बदलाव चाहते हैं।
अध्यक्ष पद के प्रत्याशी योगेंद्र सिंह ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। कनीय पुलिस पदाधिकारी विभिन्न समस्याओं पर पूर्व के पदाधिकारियों से उदासीनता व पूर्वाग्रह का शिकार हुए हैं।
उनकी टीम विजयी होकर आने पर सभी पुलिस पदाधिकारियों का सम्मान करेगी। विभिन्न समस्या, स्थानांतरण में एकरूपता, ससमय प्रोन्नति, आर्थिक लाभ, आधारभूत संरचना, वर्षों से लंबित एसीपी, एमएसीपी का लाभ दिलाएगी। सभी सदस्यों के इलाज के लिए जल्द से जल्द बेहतर सुविधा प्रदान कराया जाना इस टीम की प्राथमिकता होगी।
मौके पर गुट के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी राहुल कुमार मुर्मू, उपाध्यक्ष प्रथ्याशी रोहित कुमार रजक व अशोक कुमार तिवारी, महामंत्री प्रत्याशी संजीव कुमार, संयुक्त सचिव प्रत्याशी संतोष कुमार महतो व राकेश कुमार पांडेय तथा संगठन सचिव प्रत्याशी मंटू कुमार साहू उपस्थित थे।
Feb 28 2025, 16:38
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
6.5k