मिला 26 ऊर्जस्विताओं को सम्मान, मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा-हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं महिलाएं
भोपाल। सामाजिक संस्था अनुनय सोसायटी ने अलग-अलग क्षेत्रों मे आगे बढ़ रही 26 महिलाओं को ऊर्जस्विता सम्मान से सम्मानित किया। आईएचएम ऑडिटोरियम में महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री निर्मला भूरिया ने महिलाओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। चाहे समाजसेवा हो या व्यापारिक क्षेत्र, नारी शक्ति अपनी पूरी ऊर्जा से काम करती है। इस कारण उन ऊर्जस्विताओं को समय-समय पर सराहा भी जाना चाहिए। देश और समाज को आगे बढ़ाने वाली नारी शक्ति जब सम्मान पाती है तो दूसरी महिलाएं भी प्रेरित होती हैं। इस तरह के आयोजन सार्थक होते हैं।
उन्होंने कहा कि मैं खुद वर्षों से प्रदेश के आदिवासी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रही हूं। महिला किसी भी क्षेत्र में अपना मुकाम हासिल करती है तो वह उसे अपने परिश्रम से हासिल करती है। वह लड़ना जानती है। ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में पर्यावरण, लोक कला, महिला सशक्तिकरण के लिए कई महिलाएं खामोशी से सार्थक कार्य कर रही है। इसे समाज को सामने लाना, उचित सम्मान देना सभी की जिम्मेदारी है। इसका निर्वहन अनुनय सोसायटी पूरी तन्मयता से कर रही है।
मार्गी वॉट्स कार्टर का लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान
कार्यक्रम में प्रफुल्लित तीर्थ के पीठाधीश स्वामी मनेश्वरानंद , छत्तीसगढ़ के पीसीसीएफ (वाइल्ड लाइफ) सुधीर अग्रवाल, आईएचएम के प्राचार्य डॉ. रोहित सरीन, रिटायर्ड आईएफएस अधिकारी डॉ. एके भट्टाचार्य, विभांशु जोशी, अजय देवनानी, ब्रजेश चौहान मौजूद थे। सोसाइटी की अध्यक्ष माही भजनी ने बताया कि बालाघाट में बैगा समुदाय के विकास में अपना योगदान देने वाली मार्गी वॉट्स कार्टर को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
यह नारी शक्ति को मिला सम्मान
डॉ अनामिका जैन- उच्च शिक्षा ( इंदौर), डॉ पल्लवी तिवारी - विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी (यूएस), सुश्री संप्रिया पूजा- लोकनृत्य एवं गायन, (छत्तीसगढ़), डॉ वंदना अग्रवाल -स्कूल शिक्षा ( छत्तीसगढ़), ओरियल प्रिज़मैन - संरक्षण (यूके), डॉ आरती सिन्हा- साउंड हीलर एवम वेलनेस कोच, चंद्रकला परस्ते- जनजातीय संस्कृति (डिंडोरी), प्रभाकर खलको- प्रशासन (छत्तीसगढ़), मेघा मुक्तिबोध- शिक्षा, सुश्री मनीषा आनंद- मिसेज़ इंडिया, शोमिता भट्टाचार्य- पर्यावरण, (इंदौर), रोली शर्मा, विपणन पेशेवर (नई दिल्ली), आशा पठानिया- सत्कार उद्योग (हरियाणा), दिव्या अत्रि- समाज सेवा, भूमिका कलम- ज्योतिष (इंदौर), अंजु तड़ियाल - कौशल विकास, दक्षा वैदकर- प्रिंट मीडिया, हुमेरा ख़ान - सामाजिक उद्यमी, श्रुति सिंह - राजनीति, सुश्री विशाखा कवठेकर- आर्किटेक्ट, अर्पणा चेंडके- उद्यमी (इंदौर), दीक्षा पाटकर भदौरिया - नवाचार, आराधना मालवी - आदिम कल्याण एवं खेलकूद (बैतूल), मीरा - इंफ्लुएंसर (चीन), पूर्वा त्रिवेदी- इलेक्ट्रॉनिक मीडिया।
============
Feb 04 2025, 20:27