मौसम का हाल : बिहार में आज 3 फरवरी से बदलेगा मौसम का मिजाज, 28 जिलों में मौसम का रहेगा यह हाल
डेस्क : बिहार में मौसम इस समय बदलाव के दौर से गुजर रहा है। सुबह-सुबह कोहरा रहता है। वहीं, दिन होते ही तेज धूप निकलने लगती है। ऐसे में लोगों में कंफ्यूजन बढ़ गया है कि वो स्वेटर पहने या न पहने। मौसम विज्ञान केंद्र ने 3 फरवरी 2025 को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के बारे में चेतावनी दी है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। खासकर बिहार के 10 जिलों में आज यलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां घने कोहरे का सामना करना पड़ सकता है। बाकी 28 जिलों में मौसम सामान्य रहेगा।
![]()
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, सोमवार से मौसम में बदलाव की शुरुआत हो सकती है और दिन-रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखी जा सकती है। सोमवार के लिए घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले तीन से चार दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने की संभावना है, जिसके बाद तापमान में फिर से गिरावट आ सकती है। सुबह और शाम के समय चलने वाली ठंडी हवाओं को लेकर विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 15 फरवरी तक ठंड का असर रहेगा और उसके बाद मौसम में धीरे-धीरे सामान्य स्थिति लौटेगी। 5 और 6 फरवरी को राज्य के कई जिलों में बादल छाए रहेंगे, जिससे हल्की ठंड की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इस बीच, 3 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है, जो पहले से ज्यादा ताकतवर हो सकता है, और इससे पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना है। 6 फरवरी के बाद ठंडी हवाएं उत्तरी बिहार में प्रवेश करेंगी, जिससे न्यूनतम तापमान में गिरावट और रात में अधिक ठंड का अनुभव होगा।
Feb 03 2025, 09:34