कुंभ भगदड़ में बिहार की कई महिलाओं की गई जान, पटना की सिया देवी का लाया जा रहा शव
डेस्क : प्रयागराज में मौनी अमावस्या के मौके पर स्नान के दौरान बुधवार तड़के मची भगदड़ में बिहार की छह महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। मृतकों में गोपालगंज की तीन और औरंगाबाद, मुजफ्फरपुर व पटना के मनेर की एक-एक महिला हैं।
![]()
भगदड़ में मनेर के गौरैयास्थान जीवराखन टोला निवासी राजेन्द्र राय की पत्नी सियादेवी (62) की जान चली गई। वह बहू और गांव की महिलाओं के साथ महाकुम्भ गई थी। वार्ड सदस्य विनोद कुमार ने बताया कि सियादेवी की मौत हुई है। मेरी मां समेत अन्य महिलाएं सुरक्षित हैं। शव को एंबुलेंस से मनेर लाया जा रहा है। गोपालगंज जिले के उचकागांव प्रखंड के बलेसरा की कांति देवी (65), बरौली के माड़नपुर की श्रीकली देवी (72) और भोरे प्रखंड के रामनगर गांव की तारा देवी (60) की मौत की पुष्टि उनके परिजनों ने की है।
मुजफ्फरपुर के मुशहरी थाने के छपरा मेघ के रुपनाथ टोला की शिवा देवी (60) की मौत की सूचना उनके साथ प्रयागराज गये मनोज कुमार ने पुत्र पप्पू को दी। उधर, औरंगाबाद के बंदेया क्षेत्र के सोसुना निवासी स्व सुरेश यादव की पत्नी 65 वर्षीय राजरानी देवी की भी मौत गई है।
Jan 30 2025, 12:18