पांचवें चरण में इन बड़े चेहरों की अग्निपरीक्षा, मोदी सरकार के ये मंत्री भी मैदान में
#loksabhachunavphase5votingcabinet_minister
लोकसभा चुनाव के पांचवे चरण के लिए आज कुल 49 सीटों पर मतदान हो रहा है। पांचवे चरण में कई दिग्गजों की किस्मत भी दांव पर है। इनमें पीयूष गोयल(मुंबई उत्तर), साध्वी निरंजन ज्योति(फतेहपुर), शांतनु ठाकुर(बनगांव), एलजेपी के रामविलास पासवान(हाजीपुर), शिवसेना के श्रीकांत शिंदे(कल्याण) और बीजेपी के राजीव प्रताप रूडी और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य(दोनों सारण) हैं।पांचवें चरण में केंद्र सरकार के पांच मंत्री चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हैं। उनके अलावा स्मृति इरानी, कौशल किशोर, साध्वी निरंजन ज्योति और भानु प्रताप वर्मा के भाग्य का फैसला भी आज मतदाताओं को करना है।
![]()
पांचवें चरण में ये केंद्रीय मंत्री मैदान में
राजनाथ सिंह: उत्तर प्रदेश की लखनऊ लोकसभा सीट से भाजपा की तरफ से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह चुनाव मैदान में हैं। भाजपा नेता के सामने सपा ने रविदास मेहरोत्रा को अपना उम्मीदवार बनाया है। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रह चुके मेहरोत्रा फिलहाल लखनऊ मध्य विधानसभा सीट से सपा के विधायक हैं। बसपा ने लखनऊ सीट से सरवर मलिक को प्रत्याशी बनाया है। 2019 लोकसभा चुनाव में सीट पर भाजपा से राजनाथ सिंह जीते थे। 2019 में लखनऊ सीट पर 54.78% मतदान दर्ज किया गया था।
स्मृति ईरानी: केंद्रीय मंत्री और अमेठी की मौजूदा सांसद स्मृति ईरानी एक बार फिर भाजपा के टिकट पर यहां से मैदान में हैं। वहीं कांग्रेस ने नामांकन के आखिरी दिन गांधी परिवार के करीबी केएल शर्मा को उम्मीदवार बनाया। बसपा ने यहां नन्हे सिंह चौहान को अपना उम्मीदवार बनाया है। 2019 में भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी ने तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को शिकस्त दी थी। पिछले चुनाव में यहां 54.08% लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।
पीयूष गोयल:मुंबई उत्तर मुंबई की हाई प्रोफाइल सीट है। 2024 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने इस लोकसभा क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को चुनावी मैदान में उतारा है। गोयल अभी महाराष्ट्र से भाजपा के राज्यसभा सांसद हैं। भारत सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप उनके पास कपड़ा, वाणिज्य और उद्योग, उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण जैसे अहम विभाग हैं। पीयूष गोयल के सामने कांग्रेस ने भूषण पाटिल को उतारा है। भूषण अभी मुंबई कांग्रेस के उपाध्यक्ष हैं। 2019 में मुंंबई उत्तर सीट पर भाजपा के गोपाल शेट्टी को जीत मिली थी। पिछले चुनाव में यहां 60.09% मतदान दर्ज किया गया था।
कौशल किशोर: पांचवें चरण में जिन केंद्रीय मंत्रियों की किस्मत दांव पर है उनमें कौशल किशोर भी शामिल हैं। कौशल किशोर उत्तर प्रदेश की मोहनलालगंज सीट से भाजपा उम्मीदवार हैं। वहीं, सपा से आरके चौधरी और बसपा से राजेश कुमार उतरे हैं। 2019 के चुनाव में भाजपा के कौशल किशोर ने जीत का परचम लहराया था। पिछले चुनाव में मोहनलालगंज सीट पर 62.79% मतदान हुआ था।
साध्वी निरंजन ज्योति: उत्तर प्रदेश की फतेहपुर सीट से मोदी सरकार की एक और मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति चुनाव लड़ रही हैं। साध्वी निरंजन मोदी सरकार में ग्रामीण विकास राज्य मंत्री हैं। इस चुनाव में फतेहपुर से सपा ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रहे नरेश उत्तम पटेल को उम्मीदवार बनाया है। वहीं इस लड़ाई में बसपा भी शामिल है जिसने नर्सिंग होम संचालक डॉ. मनीष सिंह सचान को मैदान में उतारा है। 2019 में भाजपा की साध्वी निरंजन ज्योति को जीत मिली थी। पिछले चुनाव में फतेहपुर सीट पर 56.79% मतदान हुआ था।
शांतनु ठाकुर: इस चुनाव में पश्चिम बंगाल की कई सीटों पर दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। ऐसी ही एक सीट है बनगांव, जहां से केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर भाजपा के उम्मीदवार हैं। शांतनु अभी बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग राज्य मंत्री के पद पर हैं। उनके सामने टीएमसी से बिस्वजीत दास जबकि कांग्रेस से प्रदीप कुमार बिस्वास हैं। 2019 में भाजपा के शांतनु ठाकुर को जीत मिली थी। बीते चुनाव में बनगांव सीट पर 82.64% लोगों ने वोटिंग की थी।






* लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में मतदान शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र समेत आठ राज्यों की 49 सीटों पर मतदान कराए जा रहे हैं। यूपी की 14, बिहार की 5, झारखंड की 3, महाराष्ट्र की 13, ओडिशा की 5, बंगाल की 7 व केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर व लद्दाख की 1-1 सीट पर मतदान सुबह 7 से शाम 6 बजे तक कराया जाएगा। इस चरण में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, स्मृति ईरानी, पीयूष गोयल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कुल 695 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 8.95 करोड़ मतदाता करेंगे। *6 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की कौन-कौन सी सीट दांव पर?* उत्तर प्रदेश में आज मोहनलालगंज, लखनऊ, अमेठी, रायबरेली, जालौन, झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, बाराबंकी, फैजाबाद, कैसरगंज, गोंडा में वोट डाले जाएंगे। महाराष्ट्र में आज धुले, डिंडोरी, नासिक, कल्याण, पालघर, भिवंडी, ठाणे, मुंबई उत्तर, मुंबई उत्तर-पश्चिम, मुंबई उत्तर-पूर्व, मुंबई उत्तर-मध्य, मुंबई दक्षिण-मध्य, मुंबई दक्षिण वोट डाले जाएंगे। बिहार में आज सीतामड़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सारण, हाजीपुर वोट डाले जाएंगे। ओडिशा में आज बरगढ़, सुंदरगढ़, बोलांगीर, कंधमाल, अस्का में वोट डाले जाएंगे। पश्चिम बंगाल की बात करें तो बनगांव, बैरकपुर, हावड़ा, उलुबेरिया, रामपुर, हुगली, आरामबाग में वोट डाले जाएंगे। झारखंड में आज चतरा, कोडरमा, हजारीबाग में वोट डाले जाएंगे। जम्मू-कश्मीर की बारामूला और लद्दाख में वोट डाले जाएंगे। *इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर* इस चरण में दो हाई प्रोफाइल सीट रायबरेली और अमेठी में भी मतदान हो रहा है, जहां कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी रायबरेली और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी अमेठी से मैदान में हैं। इनके अलावा इस चरण में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की चुनावी किस्मत का भी फैसला होगा। इस दौर में 4.26 करोड़ महिलाओं और 5,409 थर्ड जेंडर के मतदाताओं सहित 8.95 करोड़ से अधिक लोग मतदान करने के पात्र हैं और 94,732 मतदान केंद्रों पर 9.47 लाख मतदान अधिकारी तैनात किए गए हैं। पांचवें चरण में जिन सीटों पर मतदान हो रहा है उनमें से 40 से अधिक सीटें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के पास हैं। *पीएम मोदी ने कहा- मतदान कर बनाएं नया रिकॉर्ड* पांचवें चरण के चुनाव से पहले पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में आज 8 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 49 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। इस चरण के सभी मतदाताओं से मेरा अनुरोध है कि वे अपना वोट जरूर डालें और मतदान का एक नया रिकॉर्ड बनाएं। महिला और युवा वोटरों से मेरी यह विशेष अपील है कि लोकतंत्र के इस महोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।

May 20 2024, 08:54
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
13.1k