ई-रिक्शा पलटने से मासूम की मौत ,यज्ञ कार्यक्रम से लौटने के क्रम में हुआ हादसा
नवादा :- जिले के उग्रवाद प्रभावित रुपौ थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां सड़क दुर्घटना में 5 वर्षीय मासूम बालक की मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना रूपौ थाना क्षेत्र के रूपौ बाजार में घटी है। मृतक की पहचान धनवां निवासी गोपाल कुमार का 5 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार उर्फ गोलू के रूप में किया गया है।
बताया जा रहा है कि रूपौ बाजार में यज्ञ हो रहा है। सन्नी की मां यज्ञ स्थल पर पूजा करने के लिए जा रही थी। सन्नी भी मां के साथ जाने की जिद करने लगा। इसके बाद उसकी मां सन्नी को साथ लेकर यज्ञ स्थल पर पूजा करने पहुंची। वहां पूजा-पाठ करने के बाद वह मां के साथ घर लौट रहा था। ईसी दौरान तेज रफ्तार ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सन्नी के ऊपर पलट गया जिससे घटनास्थल पर उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मां दहाड़ मार कर वहीं पर रोने लगी। आसपास की भीड़ वहां इकट्ठा हो गयी। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया । घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर ई रिक्शा चालक को गिरफ्तार किया गया है। घटनास्थल से ई रिक्शा को जब्त करते हुए थाना भेज दिया गया है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
नवादा से राकेश कुमार चंदन की रिपोर्ट
May 13 2024, 19:02