चुनाव से पहले खाता फ्रीज होने से परेशान कांग्रेस, सोनिया, खरगे, राहुल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रोया दुखड़ा
#congressrahulgandhimallikarjunkhargepressconference

लोकसभा चुनाव के लिए सियासी जंग जारी है। इस बीच कांग्रेस ने गुरुवार को बैंक अकाउंट फ्रीज करने का मुद्दा उठाया। पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान पार्टी के बैंक खातों को फ्रीज किए जाने के मुद्दे पर जमकर हमले बोले गए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पार्टी को वित्तीय रूप से पंगु बनाने की साजिश हो रही है। ऐसे में संसाधनों का इस्तेमाल एक पार्टी ही कर पा रही है। केंद्र सरकार को केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग और चुनावी चंदों के मुद्दों पर घेरा गया।
 
 
राहुल ने रोया दुखड़ा
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के बैंक खाते करीब एक महीने पहले फ्रीज कर दिए गए। कांग्रेस को देश की 20% जनता वोट देती है, लेकिन आज हम रेल टिकट नहीं खरीद सकते, हम विज्ञापन नहीं दे सकते, हम अपने उम्मीदवारों का समर्थन नहीं कर सकते। 14 लाख रुपये का मामला है और 200 करोड़ रुपए का जुर्माना लगा दिया गया है, जिसपर ज्यादा से ज्यादा 10 हजार का जुर्माना लग सकता है। ये कांग्रेस के खिलाफ आपराधिक साजिश है, जो हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री कर रहे हैं। 
राहुल गांधी ने आज देश में लोकतंत्र नहीं बचा है। यह विचार कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, एक झूठ है। भारत के 20% लोग हमारे लिए वोट करते हैं और फिलहाल हम किसी भी चीज के लिए 2 रुपये का भुगतान नहीं कर सकते। यह चुनाव में हमें पंगु बनाने के लिए रचा गया है। भले ही आज हमारे बैंक खाते खोल दिए जाए तो भी भारतीय लोकतंत्र को काफी चोट पहुंचाई जा चुकी है
बीजेपी खेल रही खतरनाक खेल-खड़गे
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि लोकसभा चुनाव घोषित हो चुके हैं। लोकतंत्र के लिए जरूरी है कि चुनाव निष्पक्ष रूप से कराया जाए। चुनावों में सभी राजनीतिक दलों को समान अवसर मुहैया कराया जाए। ईडी, आईटी और अन्य केंद्रीय एजेंसियों पर किसी का भी नियंत्रण नहीं होना चाहिए। पिछले कुछ दिनों में सुप्रीम कोर्ट के दखल के बाद चुनावी बॉन्ड का जो डेटा सबके सामने आया है, उससे देश की छवि को नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि चुनावी बॉन्ड के बारे में जो जानकारी या तथ्य सामने आए हैं, वो चिंताजनक और शर्मनाक है। भाजपा को 56 फीसदी चंदा मिला, जबकि कांग्रेस को केवल 11 फीसदी ही चंदा मिला है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया कि इलेक्टोरल बॉन्ड से बीजेपी ने हजारों करोड़ से ज्यादा अपने अकाउंट में भर लिए हैं। दूसरी तरफ साजिशन कांग्रेस के बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिए गए हैं। इसलिए कि हम पैसों के अभाव में बराबरी से चुनाव न लड़ पाएं। ये बीजेपी का खतरनाक खेल है।
सोनिया गांधी ने क्या कहा?
वहीं, कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जो मुद्दा हमने उठाया है वो बहुत अहम है। ये मुद्दा सिर्फ कांग्रेस के लिए नहीं बल्कि लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। जनता के द्वारा दिए गया पैसा हमसे लूटा जा रहा है। प्रधानमंत्री भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को आर्थिक रूप से कमजोर करने के लिए लगातार कोशिश कर रहे हैं। ये अलोकतांत्रिक है। हालांकि, इन सब चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी हम अपने चुनाव अभियान को जोर-शोर से आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। 
अजय माकन ने खातों को फ्रीज करने के समय पर उठाया सवाल
पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा, हम अपना प्रचार भी नहीं कर पा रहे हैं। 115 करोड़ इनकम टैक्स ने सरकार को ट्रांसफर करा दिया। ये कहां का लोकतंत्र है। अगर आप (जनता) हमें समर्थन नहीं देंगे तो न लोकतंत्र रहेगा न हम और न आप। कोषाध्यक्ष अजय माकन ने कहा, बीजेपी ने हमारे खातों को फ्रीज करके और उनसे जबरन 115.32 करोड़ रुपये निकालकर आम जनता द्वारा कांग्रेस पार्टी को दिए गए दान को लूटा है। बीजेपी सहित कोई भी राजनीतिक दल आयकर नहीं देता है, फिर भी कांग्रेस पार्टी के 11 बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया। क्यों?
अजय माकन ने कहा कि हमारे खातों को फ्रीज करने के समय को देखें। हमें 2017-18 में 199 करोड़ का दान मिला, लेकिन 7 साल बाद, 13 फरवरी 2024 को 210.25 करोड़ का ग्रहणाधिकार चिह्नित किया गया, हमारे बैंक खाते लगभग सील कर दिए गए, और बाद में, 115.32 करोड़ जबरन जब्त कर लिए गए। उन्होंने कहा कि ग्रहणाधिकार इस तरह से चिह्नित किया गया था कि इसने न केवल 210 करोड़ रुपये सील कर दिए, बल्कि कांग्रेस को अपनी जमा राशि 285 करोड़ रुपये का उपयोग करने से भी रोक दिया। इसने मुख्य विपक्षी दल के वित्त को लगभग पंगु बना दिया। । वो भी चुनावों की घोषणा से सिर्फ 3 हफ्ते पहले।
Mar 21 2024, 16:17
- Whatsapp
 
								    - Facebook
 
							       
								  - Linkedin
 
								  - Google Plus
 
								 
							   
0- Whatsapp
 
								    - Facebook
 
							       
								  - Linkedin
 
								  - Google Plus
 
								 
							   
24.5k