बुंडू :टोल गेट पर चल रहा आजसू का आमरण अनशन समाप्त, सभी मांगों पर समझौता, जूस पिलाकर अनशन किया समाप्त
बुंडू:तीन सूत्रीय मांगों को लेकर बुंडू टोल गेट में रविवार से चल रहा आजसू का धरना एवं सोमवार से शुरु आमरण अनशन मंगलवार दोपहर बाद समाप्त हो गया।
अनशनकारियों की सभी मुख्य मांगों के मान लिए जाने के बाद बुंडू सीओ राजेश डुंगडुंग ने जूस पीलाकर उनका अनिश्चित कालीन भूख हड़ताल तुड़वाया। आंदोलन समाप्ती की घोषणा के साथ ही मंगलवार दिन लगभग दो बजे से बुंडू टोल गेट में वाहनों का टोल टैक्स वसूली पुनः शुरु हो गई।
आजसू पार्टी के आंदोलन के कारण रविवार से वाहनों की टोल टैक्स वसूली बंद थी। वसूली बंद होने के कारण लगभग तीस लाख रुपये का नुकसान हुआ। आमरण अनशन समाप्ति की घोषणा के बाद सीओ राजेश डुंगडुंग की उपस्थिति में आंदोलनकर्मियों एवं टोल प्लाजा प्रबंधक नितिन भारद्वाज के बीच एक समझौते में भी हस्ताक्षर किया गया।
अनिश्चित कालीन धरना एवं आमरण अनशन का नेतृत्व कर रहे आजसू के रांची जिला वरीय उपाध्यक्ष राजकिशोर कुशवाहा ने बताया कि समझौते के अनुसार बुंडू, तमाड़, सोनाहातु, राहे व अड़की के बीस किलोमीटर की परिधि के वाहनों का टोल टैक्स नहीं लगेगा। टोल गेट में स्थानीय लोगों को योग्यतानुसार रोजगार दिया जाएगा एवं फोर लेन के अधुरे निर्माण कार्यों को जल्द पुरा किया जाएगा।
टोल गेट मैनेजर नितिन भारद्वाज- स्थानीय लोगों को योग्यतानुसार रोजगार देने एवं फोर लेन निर्माण के अधुरे कार्यों को पुरा करने के कार्यों की प्रक्रिया शुरु कर दी गई है। बीस किलोमीटर के दायरे के वाहनों से टोल टैक्स नहीं लेने के संबंध में उच्चाधिकारियों को सूचित कर प्रक्रिया शुरु कर दी गई है। स्वीकृति मिलते ही सर्वे कर वाहनों को टोल टैक्स माफ किया जाएगा।
सीओ, राजेश डुंगडुंग- आंदोलनकारियों की मांगे मान ली गईं हैं। बीस किलोमीटर दायरे वाले वाहनों से टोल टैक्स नहीं वसूले जाने पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जा रहा है।
Aug 01 2023, 18:23