*निकाय चुनाव: निर्दलीय प्रत्याशियों का दबदबा, तीन सीटों पर कब्जा*
नितेश श्रीवास्तव
भदोही। जिले के नगर निकाय चुनाव में शनिवार को काफी उलटफेर देखने को मिला। भाजपा, सपा, बसपा को उम्मीद के हिसाब से सफलता नहीं मिली। वहीं निर्दलीय प्रत्याशियों की बल्ले-बल्ले रही। जिले की तीन ज्ञानपुर, गोपीगंज और घोसिया में निर्दलीय प्रत्याशियों ने कब्जा जमाया।
वहीं भाजपा को केवल नई बाजार और सुरियावां की सीट से ही संतोष करना पड़ा। इसके अलावा भदोही में बसपा और खमरिया में सपा के प्रत्याशियों को जीत मिली। गोपीगंज और सुरियावां को छोड़कर अन्य निकायों में कभी सपा तो कभी भाजपा और कभी बसपा जबकि निर्दल उम्मीदवार आगे-पीछे होते रहे। दोपहर बाद तस्वीर धीरे-धीरे साफ होने लगी।
ज्ञानपुर नगर पंचायत में दो बार अध्यक्ष रहे भाजपा प्रत्याशी हीरालाल मौर्य चुनाव हार गए। उन्हें पूर्व चेयरमैन एवं निर्दल प्रत्याशी घनश्याम दास गुप्ता ने 191 मतों से हरा दिया। हीरालाल मौर्य को 2719, निर्दल घनश्याम को 2910 और निर्दल शाहिद खान को 1934 मत मिले।
गोपीगंज नगर पालिका सीट पर निर्दल प्रत्याशी जितेंद्र गुप्ता ने कांग्रेस प्रत्याशी माबूद खान को 2268 मतों से हराया। जितेंद्र को 7296 मत, माबूद खान को 5028, भाजपा के बृजेश गुप्ता को 4754 और सपा के शशि प्रकाश को मात्र 321 वोट मिले। घोसिया नगर पंचायत में दो निर्दल उम्मीदवारों में सीधी टककर रही। निर्दल बेबी बानों ने निवर्तमान चेयरमैन रजिया नुमान को 2535 मतों से हरा दिया।
बेबी बानों को कुल 7378 मत मिले, जबकि रजिया नुमान को 4883 मतों से संतोष करना पड़ा। खमरिया नगर पंचायत में सपा प्रत्याशी महमूद आलम ने भाजपा के अभिषेक मौर्य को 1243 मतों से हराया। महमूद आलम को 4220 और अभिषेक को 2977 वोट मिले। पूर्व चेयरमैन नंद कुमार मौर्य को 1095, पूर्व चेयरमैन रामधनी मौर्य को 1803 और बसपा को 1458 वोट मिले।
भदोही नगर पालिका में भाजपा प्रत्याशी उर्वशी जायसवाल को बसपा की नरगिस ने 2983 मतों से हरा दिया। नरगिस को 23029 मत, उर्वशी को 20046 मत, सपा को 10 हजार 576 मत, कांग्रेस को 1838 और एमआईएमआईएम को 2527 वोट प्राप्त हुए। सुरियावां नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी विनय चौरसिया ने एक तरफा मुकाबले में बसपा के भानु मौर्य को 2451 मतों से पराजित किया।
विनय को कुल 5290 मत मिले जबकि भानु को 2839 मत मिले। सपा उम्मीदवार नंदलाल मौर्य को 861 मतों से संतोष करना पड़ा। नई बाजार में भाजपा प्रत्याशी निर्मला सोनकर ने सपा प्रत्याशी रीना सोनकर को 1299 मतों से हराया। निर्मला को 3422 और रीना को 2123 वोट मिले। जीत दर्ज करने के बाद नए अध्यक्षों का समर्थकों ने फूल मालाओं से लादकर स्वागत किया। नव निर्वाचित अध्यक्षों को निर्वाचन अधिकारियों ने जीत का प्रमाणपत्र दिया। कड़ी सुरक्षा के बीच सभी विजयी उम्मीदवारों को उनके घर पहुंचाया गया।
May 14 2023, 18:50