व्हाइट हाउस के बाहर फिर चलीं गोलियां, सीक्रेट सर्विस ने संदिग्ध को किया ढेर, राष्ट्रपति ट्रंप अंदर थे मौजूद
#whitehousefiringtwopeopleshotinencounterwithsecretservice
एक बार फिर से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा में बड़ी चूक हुई है। शनिवार शाम को व्हाइट हाउस के चेकप्वाइंट पर एक शख्स ने फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि घटना के समय डोनाल्ड ट्रंप भी व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे। वहीं फायरिंग की घटना के बाद व्हाइट हाउस के सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी को गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद उसे अस्पताल लेकर जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इस घटना में एक राहगीर को भी गोली लगी है।
![]()
फायरिंग करने वाले आरोपी की मौत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, व्हाइट हाउस परिसर के नजदीक 17th स्ट्रीट और पेनसिल्वेनिया एवेन्यू NW इलाके में करीब 30 राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनी गई। यह इलाका आइजनहावर कार्यकारी कार्यालय भवन के पास स्थित है। रिपोर्ट्स के अनुसार, एक संदिग्ध बंदूकधारी ने व्हाइट हाउस के बाहर बने सुरक्षा बूथ पर फायरिंग शुरू कर दी, जहां सीक्रेट सर्विस के अधिकारी तैनात थे। जवाबी कार्रवाई में सीक्रेट सर्विस के जवानों ने भी गोली चलाई, जिसमें संदिग्ध हमलावर घायल हो गया। इस गोलीबारी में एक राहगीर भी घायल हुआ। हमलावर को अस्पताल लेकर जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
गोलीबारी के समय व्हाइट हाउस में मौजूद थे ट्रंप
घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे। घटना के समय सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की निगरानी बढ़ा दी थी। इस गोलीबारी के बाद पूरे इलाके में भारी सुरक्षा तैनात कर दी गई। व्हाइट हाउस के नॉर्थ लॉन को तुरंत खाली कराया गया और कुछ समय के लिए लॉकडाउन लागू किया गया।
एक महीने पहले व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में हुई थी गोलीबारी
यह घटना ऐसे समय हुई है जब पिछले महीने व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में गोलीबारी हुई थी। उस मामले में आरोपी शॉटगन लेकर सिक्योरिटी चेकपॉइंट तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था और उस पर ट्रंप की हत्या की कोशिश का केस चल रहा है। हाल ही में डिस्ट्रिक्ट ऑफ कोलंबिया की अमेरिकी अटॉर्नी जीनिन पिरो ने उस कथित हमले से जुड़ा वीडियो जारी किया था। उन्होंने दावा किया कि वीडियो में संदिग्ध कोल टॉमस एलन को अमेरिकी सीक्रेट सर्विस अधिकारी पर गोली चलाते हुए देखा गया। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह हमला पहले से योजना बनाकर किया गया था। वीडियो में आरोपी को घटना से एक दिन पहले होटल इलाके की रेकी करते हुए भी दिखाया गया। अमेरिकी अटॉर्नी टोंड ब्लैंच ने बताया कि आरोपी कोल टॉमस एलन पर तीन संघीय आरोप लगाए गए हैं और एफबीआई के साथ मिलकर मामले की जांच जारी है।





सिद्धेश्वर पाण्डेय
सिद्धेश्वर पाण्डेय

42 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1.8k